हार्दिक के बाद टीम इंडिया के बोलिंग कोच ने भी लखनऊ की पिच पर कुछ कहा है!
नहीं खत्म हो रही पिच की किचकिच.
.webp?width=210)
इंडिया वर्सेज़ न्यूज़ीलैंड (Ind vs NZ). दोनों टीम्स के बीच दूसरा T20I मुकाबला लखनऊ में खेला गया. इस मैच में टीम इंडिया ने छह विकेट से जीत दर्ज की. लेकिन मैच के बाद इस जीत से ज्यादा चर्चा पिच पर हुई. इंडियन कैप्टन हार्दिक पंड्या के बाद अब टीम के बोलिंग कोच पारस महाम्ब्रे ने भी पिच पर बात की है.
पोस्ट मैच कॉफ्रेंस में पारस ने पिच की बात होने पर कहा कि इसके बारे में क्यूरेटर से सवाल होना चाहिए. वो उन सवालों के जवाब देने के लिए सही व्यक्ति होंगे. पारस ने कहा,
‘पिच क्यूरेटर इन सवालों के जवाब देने के लिए सही व्यक्ति होंगे. लेकिन बिल्कुल, हमको पता था कि ये एक बड़ा चैलेंज होगा. और किस्मत से हमने इस गेम को कंट्रोल किया. 120 से 130 तक कोई स्कोर काफी चैलेंजिंग हो सकता था. उनको 99 रन पर रोकने के लिए हमने अच्छा किया और ये चेज़ कर लेने वाला टार्गेट था.’
पिच पर और बात करते हुए पारस ने कहा,
‘जब हमने इस विकेट को देखा तो लगा कि ये एक तरफ से सूखी है. बीच में थोड़ी घास थी लेकिन दोनों एंड पर कुछ नहीं था. जब हम कल यहां आए, इसको देखकर लगा कि ये टर्न होगी और हमें एहसास हुआ कि ये चैलेंजिंग होगी.’
इसके साथ ही बोलिंग कोच ने मैच में उमरान की जगह प्लेइंग इलेवन में आए युज़वेंद्र चहल पर भी बात की. उन्होंने कहा,
‘चहल को इसलिए शामिल किया क्योंकि हमको लगा कि एक्स्ट्रा स्पिनर हमारी मदद करेगा. इसने मदद भी की क्योंकि उन्होंने हमारे लिए अच्छी गेंदबाजी की. आप ऐसे फैसले पिच और अपनी स्वाभाविक प्रवृत्ति को देखकर लेते हो. हार्दिक को ऐसा लगा होगा कि एक राइट हैंडर बैटिंग कर रहा है, तो ऐसे में एक लेग स्पिनर इस परिस्थिति में मदद कर सकता है. और गेंद टर्न भी हो रही थी. शायद इसी वजह से उन्होंने पावरप्ले में गेंदबाजी की.’
बताते चलें, लखनऊ में हुए इस मैच में टीम इंडिया को जीत के लिए 100 रन बनाने थे. इस स्कोर तक पहुंचने के लिए टीम इंडिया ने क़रीबन पूरे 20 ओवर बल्लेबाजी की थी. इंडियन बैटर्स स्पिनर्स के सामने अटके नज़र आए थे. जिस कारण उनपर इतने सवाल किए जा रहे हैं. दो मैच के बाद दोनों टीम्स 1-1 की बराबरी पर है. सीरीज़ का आखिरी मैच 1 फरवरी को अहमदाबाद में खेला जाएगा.

