डुप्लीकेट ऑस्ट्रेलियंस को 10-0 से पीट सकती है टीम इंडिया!
इस टीम में दम ही नहीं है.
.webp?width=210)
ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट टीम का बुरा हाल है. भारत के टूर पर आए ऑस्ट्रेलियंस लगातार हार से बेजार हैं. पहले दोनों टेस्ट तीन दिन के अंदर खत्म हो चुके हैं. और तीसरा शुरू होने में अभी वक्त है. और इस वक्त में तमाम तरह की बातें हो रही हैं.
इन बातों में आम लोगों के साथ पूर्व क्रिकेटर्स भी शामिल हैं. टीम इंडिया के लिए खेल चुके हरभजन सिंह ने तो इस बातचीत को अलग ही मोड़ दिया है. भज्जी ने पैट कमिंस की अगुवाई वाली इस ऑस्ट्रेलियन टीम को डुप्लीकेट बता दिया है.
स्पोर्ट्स तक से बात करते हुए 2001 की सीरीज़ जीत के हीरो रहे भज्जी ने कहा,
'ऑस्ट्रेलिया ने रविचंद्रन अश्विन के डुप्लीकेट के खिलाफ़ प्रैक्टिस की थी. लेकिन मुझे लगता है कि ये ऑस्ट्रेलियन टीम ही डुप्लीकेट है. उनका माइंडसेट ऐसा है कि वो बस नेगेटिव चीजों पर फोकस कर रहे हैं. उन्होंने इतनी कन्फ्यूजन क्रिएट कर ली है कि वो पहली गेंद फेंके जाने से पहले ही मैच हार जा रहे हैं. लग ही नहीं रहा कि उन्होंने इस टूर के लिए कोई तैयारी की है. उनकी परफॉर्मेंस देखकर, मैं सोचता हूं कि उन्होंने सिर्फ आउट होने की प्रैक्टिस की है.'
भज्जी को भरोसा है कि इंडिया इस सीरीज़ को 4-0 से अपने नाम करेगी. उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि अगर यह सीरीज़ 10 टेस्ट की होती तो भारत 10-0 से जीतता. भज्जी ने कहा,
'मुझे इस बात में कोई शक़ नहीं है कि भारत 4-0 से जीतेगा. यहां तक कि अगर ये 10 मैच की सीरीज़ होती, तो भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया को 1-0 से मात देती, क्योंकि इस ऑस्ट्रेलियन टीम में कोई फायर पावर ही नहीं है. अगर पिच में कुछ है, तो वे अपने विकेट ड्रेसिंग रूम से ही फेंक देते हैं.'
जानने लायक है कि पहली दो टेस्ट में हार के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने लगातार चौथी बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी गंवा दी है. टीम इंडिया लगातार दो बार ऑस्ट्रेलिय को उन्हीं के घर में हरा चुकी है. जबकि भारत में तो ख़ैर... जाने दीजिए, क्या ही कहा जाए. आप सब जानते हैं. चार टेस्ट की सीरीज़ में भारत अभी 2-0 से आगे है. सीरीज़ का तीसरा टेस्ट 1 मार्च से इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा.
वीडियो: IndvsEng दौरे का वो क़िस्सा जब इंडियन बैटर चोरी के आरोप में फंस गया!

