The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • indian hockey team wins bronze medal paris olympics 2024

Paris Olympics से मेडल लेकर आएगी हॉकी टीम, 52 साल बाद किया अनोखा कारनामा

1972 के बाद ये पहली बार है जब भारतीय हॉकी टीम ने लगातार दो ओलंपिक्स में मेडल जीते हैं. यह Paris Olympics में भारत का चौथा मेडल है.

Advertisement
pic
8 अगस्त 2024 (अपडेटेड: 8 अगस्त 2024, 07:45 PM IST)
indian hockey team wins bronze medal match against spain paris olympics
मैच के हीरो रहे भारतीय टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह. (फोटो- PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

Paris Olympics 2024 में भारतीय हॉकी टीम ने ब्रॉन्ज मेडल (Indian Hockey Team win Bronze Medal) अपने नाम कर लिया है. ये इस ओलंपिक्स में भारत का चौथा मेडल है. मैच में भारत ने स्पेन को 2-1 से मात दी. मैच के हीरो रहे भारतीय टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह (Harmanpreet Singh). 1972 के बाद ये पहली बार है जब भारतीय हॉकी टीम ने लगातार दो ओलंपिक्स में मेडल जीते हैं.

पहले क्वार्टर में भारत पिछड़ा

मैच के पहले क्वार्टर में भारतीय हॉकी टीम ने बढ़िया डिफेंस खेल दिखाया. पहले क्वार्टर में टीम को कोई भी पेनल्टी कॉर्नर नहीं मिला. दूसरे छोर से स्पेन के डिफेंस ने भारतीय टीम पर प्रेशर बिल्ड करके रखा. हालांकि इंडियन टीम को इस क्वार्टर में एक फील्ड गोल करने का मौका मिला था. हार्दिक के असिस्ट पर सुखजीत ने बोल गोलपोस्ट की तरफ मारी थी, लेकिन बोल गोलपोस्ट से काफी दूर रही.

दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने शुरुआत तो अच्छी की थी, लेकिन 18वें मिनट में इंडियन टीम ने पेनल्टी स्ट्रोक कंसीड कर दिया. स्पेन के कप्तान मार्क मिरालेस ने इंडियन गोलकीपर श्रीजेश को छकाते हुए शानदार गोल किया. स्पेन ने 1-0 से मैच में लीड बना ली. गोल के बाद स्पेन ने इंडियन टीम पर दबाव बनाए रखा. 20वें मिनट पर स्पेन को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले. हालांकि, दोनों ही कन्वर्ट नहीं हुए.

ड्रैग फ्लिक पर हरमनप्रीत का गोल

24वें मिनट में भारतीय टीम ने अटैक किया. ललित का गोल अटेम्प्ट स्पेन के गोलकीपर ने टैकल कर लिया. रिबाउंड पर हार्दिक का प्रयास भी रोक लिया गया. मैच के 25वें मिनट में स्पेन ने काउंटर अटैक किया. श्रीजेश ने दूसरा गोल होने से रोका. 28वें मिनट पर स्पेन के लैकेले का शॉट गोलपोस्ट पर लगा. 29वें मिनट पर भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे अमित रोहिदास कन्वर्ट नहीं कर पाए. मैच का दूसरा पेनल्टी कॉनर्र भारत को 30वें मिनट पर मिला. इस बार कप्तान हरमनप्रीत सिंह कमाल के शॉट के साथ इंडियन टीम को मैच में बराबरी पर लाए. मैच में पहले हाफ के बाद दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं.

भारतीय टीम को तीसरे क्वार्टर के शुरुआत में पेनल्टी कॉर्नर मिला. 33वें मिनट पर हरमनप्रीत ने इसे भी कन्वर्ट कर दिया. भारतीय टीम ने इस गोल के साथ मैच में 2-1 की लीड ले ली. हरमनप्रीत का ये पेरिस ओलंपिक्स में 10वां गोल था. दूसरे गोल के बाद स्पेन ने भारत पर अटैक किया. 34 वें मिनट पर स्पेन पीसी नहीं कन्वर्ट कर सका. 35वें मिनट पर भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला. लेकिन हरमनप्रीत इसे गोल में नहीं बदल पाए.

37वें मिनट पर भारत को फिर से पेनल्टी कॉर्नर मिला. हरमनप्रीत की तरफ से इसपर भी कन्वर्ट नहीं आया. 40वें मिनट पर स्पेन को पेनल्टी कॉर्नर मिला. बॉल श्रीजेश ने टैकल की, रिबाउंड पर गेंद मार्क रेकासेंस के हाथों से शरीर पर लगी और गोलपोस्ट के अंदर गई, इस कारण स्पेन को गोल नहीं दिया गया. तीसरे क्वार्टर में 44वें मिनट पर भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला. ये भी कन्वर्ट नहीं हुआ. भारतीय टीम 2-1 से लीड पर रही.

चौथे क्वार्टर की शुरुआत में इंडियन टीम थोड़ा डिफेंसिव दिखी. शुरू में ही पीसी कंसीड किया, लेकिन स्पेन उसे गोल में नहीं बदल पाया. 48वें मिनट पर 25 यार्ड से स्पेनिश डिफ्लेक्शन को जरमनप्रीत ने डिफ्लेक्ट कर गोल बचाया. 53वें मिनट पर भारत के सुखजीत को ग्रीन कार्ड मिला. स्पेन ने लगातार भारतीय डिफेंस पर प्रेशर बनाए रखा. लेकिन भारतीय डिफेंस ने कोई गोल नहींं होने दिया. 57वें मिनट पर स्पेन ने गोलकीपर कैल्ज़ाडो को ऑन फील्ड सब्सिट्यूट से रिप्लेस कर दिया. 59वें मिनट पर स्पेन को पीसी मिला. श्रीजेश ने री-पीसी पर इसे टैकल कर गोल बचाया. भारत ने 2-1 से मैच अपने नाम किया.

वीडियो: इस एक गलती से हॉकी टीम गोल्ड से चूकी, जानिए क्या रही वजह?

Advertisement

Advertisement

()