The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • india wins t20 series against sri lanka coach gautam gambhir suryakumar yadav

तीसरे T20 में इंडियन टीम ने जो किया वो गौतम गंभीर ही करा सकते थे!

भारतीय स्पिनर्स ने कमाल की बॉलिंग करते हुए मैच में टीम की वापसी कराई. सुपर ओवर में भारत ने मैच अपने नाम किया.

Advertisement
pic
30 जुलाई 2024 (अपडेटेड: 31 जुलाई 2024, 09:02 AM IST)
india wins t20 series against sri lanka coach gautam gambhir suryakumar yadav
सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव को प्लेयर आफ दी सीरीज़ अवार्ड मिला. (फोटो- PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

India vs Sri Lanka T20I सीरीज़. तीन मैचों की सीरीज़ के आखिरी मैच का रिजल्ट पहले 40 ओवरों में नहीं निकला. दोनों टीमों का स्कोर टाई रहा. मैच सुपर ओवर में गया. जहां इंडियन टीम ने बाजी मार ली. भारतीय स्पिनर्स ने कमाल की बॉलिंग करते हुए मैच में टीम की वापसी कराई. भारत ने 3-0 से सीरीज़ जीत ली है. हेड कोच गौतम गंभीर के टेन्योर की शुरुआत सीरीज़ जीत के साथ हुई है.

आखिरी 5 ओवर में सात विकेट गिरे

138 रनों का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम एक वक्त मैच जीत रही थी. 15 ओवर के बाद श्रीलंका को 30 गेंदों में 30 रनों की जरूरत थी. 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर रवि बिश्नोई ने कुसल मेंडिस का विकेट लिया. मेंडिस 41 गेंद में 43 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद भारतीय स्पिनर्स लगातार विकेट लेते रहे. लंका की टीम पर प्रेशर बना रहा. 17वें ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर सुंदर ने हसरंगा और असलंका को आउट किया. श्रीलंका को तीन ओवर में 21 रनों की जरूरत थी.

18वां ओवर करने आए खलील अहमद. खलील ने इस ओवर में 12 रन कंसीड कर दिए. दो ओवर में श्रीलंका को 9 रनों की जरूरत थी. 19वां ओवर रिंकू सिंह करने आए. रिंकू ने दूसरी ही गेंद पर कमाल किया. रिंकू ने कुसल परेरा को कॉट एंड बोल्ड कर दिया. ओवर की आखिरी गेंद पर रिंकू ने रमेश मेंडिस को भी पवेलियन भेज दिया. ओवर में तीन रन दिए और दो विकेट लिए.

आखिरी ओवर में श्रीलंका को 6 रन चाहिए थे. दूसरी गेंद पर कमिंडू मेंडिस का विकेट गिरा. तीसरे बॉल पर तीक्षणा आउट हो गए. मैच की आखिरी बॉल पर श्रीलंका की टीम को तीन रन बनाने थे. बने सिर्फ दो रन. मैच टाई हो गया.

सुपर ओवर में लंका ने 2 रन बनाए

सुपर ओवर में भारत की तरफ से बॉलिंग करने आए वाशिंगटन सुंदर. सुंदर ने दूसरी और तीसरी गेंद पर परेरा और निस्संका का विकेट लेकर श्रीलंका की पारी खत्म कर दी. लंका सुपर ओवर में मात्र 2 रन बना पाई. तीन रन बनाने उतरे शुभमन गिल और कप्तान सूर्यकुमार यादव. सूर्या ने पहली ही गेंद पर चौका जड़कर भारत को जीत दिला दी.

मैच में सबसे ज्यादा चर्चा भारत के स्पिनर्स की रही. वाशिंगटन सुंदर ने 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट लिए. लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने 4 ओवर में 38 रन देकर 2 विकेट लिए. रिंकू सिंह और सूर्यकुमार यादव ने एक-एक ओवर कराया. दोनों ने ही दो-दो विकेट अपने नाम किए.

मैच में ऑलराउंड परफॉर्मेंस के लिए वाशिंगटन सुंदर को प्लेयर ऑफ दी मैच अवार्ड दिया गया. सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव को प्लेयर आफ दी सीरीज़ अवार्ड मिला.

वीडियो: टीम इंडिया के हेड कोच बनने के बाद पहली बार गौतम गंभीर ने विराट से अपने संबंधों पर की बात!

Advertisement

Advertisement

()