जिसको सेमीफाइनल में हार्दिक ने खोज-खोजकर कूटा, दिल 'जॉर्डन-जॉर्डन' हो गया!
हार्दिक ने जब कूटा तो इंग्लैंड को एक खिलाड़ी की कमी खूब खली

'T20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल से पहले इंग्लैंड को लगा तगड़ा झटका, सबसे तेज गेंदबाजी करने वाला खिलाड़ी बाहर हुआ'
गुरुवार, 10 नवंबर को T20 वर्ल्ड कप 2022 के दूसरे सेमीफाइनल से कुछ देर पहले ये खबर आई. इंग्लैंड का जो गेंदबाज बाहर हुआ उसका नाम है, मार्क वुड. बेहतरीन परफॉर्मेंस रही है अब तक वुड की इस टूर्नामेंट में. अपनी तेज गेंदबाजी से बल्लेबाजों को काफी परेशान किया. मार्क वुड ने इस टी20 विश्व कप की कुल चार पारियों में 9 विकेट झटके. औसत रहा 12 का और इकॉनमी रही 7.71 की. आंकड़े बताते हैं कि उनका भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में उतर पाना, इंग्लैंड के लिए वाकई बड़े झटके जैसा था. मैच में हुआ भी कुछ ऐसा ही, यानी इंग्लैंड को वुड की कमी खूब खली, इतनी कि अगर इंग्लैंड मैच हार गया तो इसकी वजह वुड का न खेलना माना जाएगा.
मैच में ऐसा क्या हुआ?दरअसल, जब मार्क वुड चोटिल होकर टीम से बाहर हुए तो उनकी जगह सेमीफाइनल में मौका दिया गया क्रिस जॉर्डन को. क्रिस जॉर्डन ने वैसे तो भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है. उन्होंने भारत के खिलाफ 14 टी20 मुकाबलों में 18 विकेट अपने नाम किए हैं. लेकिन, गुरूवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में जॉर्डन भारत के लिए मुफीद साबित हुए.
मैच के दौरान एक समय ऐसा था, जब कहा जाने लगा था कि भारत अब मुश्किल से 150 का स्कोर इंग्लैंड को दे पायेगा. इसके बाद हार्दिक पंड्या ने क्रिस जॉर्डन को निशाना बनाया. 18वें ओवर में जॉर्डन ने 15 रन दिए और 20वें ओवर में 12. कुल दिए 4 ओवर में 43 रन. और इस तरह भारत का स्कोर 20 ओवर में पहुंच गया 168 रन.
चलते-चलते एक आंकड़ा और बताते चलें. ये है हार्दिक पंड्या को लेकर. पंड्या टी20 वर्ल्ड कप के किसी एक मैच में पांचवें या उसके बाद के क्रम पर आकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हो गए हैं. आज पंड्या ने इंग्लैंड के खिलाफ 63 रन बनाए. इससे पहले 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ युवराज सिंह ने 58, साउथ अफ्रीका के खिलाफ रोहित शर्मा ने 50, अफ्रीका के ही खिलाफ महेंद्र सिंह धोनी ने 45 रन बनाए थे. इसके अलावा 2012 के टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुरेश रैना ने ताबड़तोड़ 45 रन की पारी खेली थी.
वीडियो: हार्दिक पंड्या की फॉर्म पर पाकिस्तानी क्रिकेटर ने आसिफ अली, खुशदिल शाह को क्या कहा?

.webp?width=60)

