शुभमन गिल ने मैच से पहले ही कर दिया कमिंस के 'बड़े हथियार' का फ़ैक्टचेक!
पैट कमिंस, गाबा टेस्ट से पहले भारतीय बल्लेबाजों को डराने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में इसके लिए अपनी प्लानिंग बताई. और कुछ ही देर बाद शुभमन गिल ने इस प्लान और इस कोशिश दोनों का फ़ैक्टचेक कर दिया.

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी का तीसरा टेस्ट शुरू होने वाला है. पहले टेस्ट में जीतने के बाद, भारतीय टीम को दूसरे टेस्ट में हार मिली. ऑस्ट्रेलियन कैप्टन पैट कमिंस की मानें तो इस नतीजे में शॉर्ट-पिच बोलिंग का बड़ा रोल रहा. लेकिन भारतीय टॉप-ऑर्डर बैटर शुभमन गिल ऐसा नहीं सोचते.
दरअसल मैच से पहले, 13 दिसंबर शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस हुई. इसमें कमिंस ने कहा कि एडिलेड में शॉर्ट-पिच गेंदों से उनकी टीम को बहुत फायदा हुआ. इसलिए ये लोग गाबा में भी ये टैक्टिस ट्राई करेंगे. कमिंस बोले,
'एडिलेड टेस्ट में काफी हद तक शॉर्ट-पिच बोलिंग काम आई थी. इसलिए, जब भी चीजें गड़बड़ हों, प्लान बी के रूप में ये हमेशा आपके दिमाग में रहती है. ये एडिलेड में काम आई थी इसलिए मुझे यक़ीन है कि इस टेस्ट में भी हम इसे कहीं ना कहीं इस्तेमाल करेंगे. टेलेंडर्स के सामने तो इस पर विकेट मिलने के पूरे चांस हैं.'
यह भी पढ़ें: विनोद कांबली ने खुद बताया, सचिन ने उनके लिए क्या कुछ किया
कमिंस अपनी बात बोलकर लौट गए. फिर आई शुभमन गिल की बारी. गिल ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में आते ही कमिंस की बातों का फ़ैक्टचेक कर दिया. उन्होंने कहा,
'जहां तक मैं जानता हूं, इस सीरीज़ में टेलेंडर्स के अलावा सिर्फ एक बल्लेबाज ही शॉर्ट-पिच गेंद पर आउट हुआ है. तो मुझे पता नहीं कौन सी सफलता की वो बात कर रहे हैं.'
बता दें कि इसी प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान कमिंस ने तीसरे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियन टीम भी अनाउंस कर दी. ऑस्ट्रेलिया इस टेस्ट में एक बदलाव के साथ उतरेगी. एडिलेड टेस्ट में पांच विकेट लेने वाले स्कॉट बोलैंड गाबा टेस्ट में नहीं खेलेंगे. चोट के चलते एडिलेड टेस्ट में नहीं खेले जॉश हेज़लवुड गाबा टेस्ट से वापसी करेंगे.
कमिंस ने कहा कि जब भी वह और मिचल स्टार्क उपलब्ध होते हैं, बोलैंड ही हेज़लवुड के लिए जगह बनाते हैं. पर्थ में बेहतरीन बोलिंग करने वाले हेज़लवुड बगल में खिंचाव के चलते पिंक बोल टेस्ट में नहीं खेले थे. लेकिन अब वह पूरी तरह से फ़िट हैं. और वापसी के लिए तैयार हैं. गुरुवार, 12 दिसंबर को हेज़लवुड ने गाबा के क़रीब एलन बॉर्डर फ़ील्ड में जमकर बोलिंग की. और खुद के फ़िट होने का सबूत दिया.
32 साल के हेज़लवुड ने क्वींसलैंड की गर्मी में पूरे 45 मिनट तक अपने साथी मिचल स्टार्क के साथ बोलिंग की. इन दोनों के सामने थे जोश इंग्लिस और लैचलन हीर्ने. इंग्लिस जहां ऑस्ट्रेलियन टेस्ट स्क्वॉड के साथ हैं, वहीं हीर्ने क्वींसलैंड के लिए खेलते हैं. सेकंडरी ट्रेनिंग सेशन के दौरान टीम के बोलिंग कोच डैनिएल वेटोरी भी मौजूद रहे.
एडिलेड पिंक बोल टेस्ट में मिली 10 विकेट की जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया के हौसले बुलंद हैं. इस टेस्ट में भारतीय बैटिंग बुरी तरह से नाकाम रही थी. ऑस्ट्रेलियन बोलर्स ने पिंक बोल टेस्ट में अपनी बादशाहत जारी रखते हुए टीम इंडिया को पहली पारी में 180 और दूसरी में 175 पर समेट दिया था. भारतीय टीम ने इस टेस्ट में किसी तरह से पारी की हार बचाई.
वीडियो: ऑस्ट्रेलिया नहीं जा रहे शमी! विजय हजारे ट्रॉफ़ी के लिए हुआ सेलेक्शन

