चाहे रन बनाए या ना, लेकिन इस खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन में होना ही चाहिए!
रवि शास्त्री की ये बात सुनेगी टीम इंडिया?

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बुधवार, 1 मार्च से तीसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा. चार टेस्ट मैच की सीरीज़ में टीम इंडिया के पास 2-0 की बढ़त है. रोहित की कप्तानी वाली टीम की कोशिश तीसरे टेस्ट को जीतकर सीरीज़ में अजेय बढ़त हासिल करने की है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल को ध्यान में रखते हुए भी ये मैच टीम इंडिया के लिए महत्वपूर्ण है.
और इन सबके बीच, केएल राहुल (KL Rahul) की फॉर्म इंडियन टीम के लिए चिंता का सबब बनी हुई हैं. फ़ैन्स से लेकर, दिग्गज क्रिकेटर्स तक राहुल की जगह शुभमन गिल को टीम में शामिल किए जाने की बात कर रहे हैं. अब इस लिस्ट में टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री (Ravi Shastri) का नाम भी जुड़ गया है. उनके मुताबिक तीसरे टेस्ट मैच में गिल को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाना चाहिए.
रवि शास्त्री ने कहा कि शुभमन को मेरिट के आधार पर इस टीम की प्लेइंग इलेवन में जगह मिलनी चाहिए. उन्होंने 'द ICC रिव्यू' पर कहा,
‘शुभमन गिल चाहे रन बनाएं या ना, फॉर्म में हों या ना, लेकिन मेरिट के आधार पर वो टीम में जगह पाने के हकदार हैं. आपके पास इस तरह का खिलाड़ी है, जो इतना शानदार प्रदर्शन कर रहा है. ऐसे में टीम में कई सारे प्लेयर सोच रहे होंगे कि इन्हें मौका क्यों नहीं मिल रहा है. ईमानदारी से कहूं तो ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ी ये बात जरूर ये सोच रहे होंगे. मैं इस ड्रेसिंग रूम को अच्छी तरह से जानता हूं. सभी को पता है कि गिल कितने बेहतरीन प्लेयर हैं.’
शास्त्री ने यह भी कहा कि प्लेयर्स ब्रेक लेकर फॉर्म में वापस आ सकते हैं. उन्होंने कहा,
‘कभी-कभी जब कोई प्लेयर मुश्किल दौर से गुजर रहा होता है, तो ब्रेक मिलना उनके लिए एक बेहतर ऑप्शन होता है .क्योंकि इस दौरान वो अपने खेल पर काम कर सकते हैं. साथ ही वो अधिक मजबूती के साथ टीम में वापस आ सकते हैं. जब मैं कोच था तब पुजारा को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर कर दिया गया था. जिसके बाद उन्होंने शतक लगाकर टीम में वापसी की. वहीं राहुल को साल 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ड्रॉप कर दिया था, लेकिन उन्होंने बेहतरीन वापसी की.’
राहुल की बात करें तो उन्होंने पिछले कुछ समय से जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसको लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की तीन पारियों में उन्होंने कुल 38 रन बनाए हैं. ऐसे में अब देखना होगा कि इंदौर टेस्ट मैच में राहुल या शुभमन गिल में से किसे प्लेइंग इलेवन में मौका मिल पाता है.
वीडियो: कपिल देव, रोहित शर्मा पर क्या बोल गए?

