रोहित शर्मा को रणजी में वापस आते ही चलता किया, लेकिन नहीं मनाया जश्न, उमर नजीर ने बताई वजह
एक दशक से ज़्यादा समय से जम्मू-कश्मीर की रेड-बॉल टीम का हिस्सा होने के बावजूद, ये पहली बार था जब नज़ीर को भारतीय कप्तान के सामने गेंदबाजी करने का मौका मिला.

उमर नजीर (Umar Nazir). 23 जनवरी को दिनभर इस नाम की चर्चा रही. 6 फीट 4 इंच के इस बॉलर ने रणजी ट्रॉफी मैच के दौरान भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का विकेट लिया. 10 साल बाद रणजी में वापसी कर रहे रोहित नजीर की बॉल को पुल करने गए. लेकिन वो आसान सा कैच देकर आउट हो गए. रोहित ने मात्र 3 रन बनाए. पर हर फास्ट बॉलर की तरह नजीर ने ये विकेट सेलिब्रेट नहीं किया. इसके पीछे क्या वजह थी, नजीर ने इसके पीछे की कहानी शेयर की है.
नजीर ने दिन का खेल खत्म होने के बाद ब्रॉडकास्टर्स से बताया,
‘‘मैं रोहित का बहुत बड़ा फैन हूं, इसीलिए मैंने जश्न नहीं मनाया.’’
नजीर ने आगे कहा,
"मुझे पता है कि रोहित क्या हैं, वो एक बड़े खिलाड़ी हैं. जब आप उस स्तर के इंटरनेशनल प्लेयर को आउट करते हैं, तो ये हमेशा एक बेशकीमती विकेट होता है. पिच से कुछ मदद मिल रही थी, मैंने सही एरिया में बॉलिंग करने की कोशिश की. रोहित का विकेट हमारे लिए और मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से भी महत्वपूर्ण था."
जम्मू-कश्मीर और मुंबई के बीच खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मैच के पहले दिन मुंबई की टीम 120 रनों पर ऑलआउट हो गई. जम्मू-कश्मीर के पेसर उमर नजीर ने 41 रन देकर 4 विकेट लिए. उन्होंने रोहित के अलावा अजिंक्य रहाणे और शिवम दुबे को भी आउट किया.
2013 में फर्स्ट क्लास डेब्यू किया थाउमर नजीर जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के एक छोटे से शहर मलिकपोरा के रहने वाले हैं. 31 वर्षीय नजीर ने 2013 में अपना फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था. उन्होंने अभी 57 मैचों में 138 विकेट लिए हैं. लिस्ट ए क्रिकेट में उनके नाम 54 विकेट हैं. जबकि T20 में उन्होंने 32 विकेट लिए हैं.
नजीर के टैलेंट ने उन्हें 2018-19 की देवधर ट्रॉफी के लिए इंडिया-सी की टीम में जगह दिलाई थी. पेसर ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जम्मू और कश्मीर के लिए पिछले मैच में ही किया था. पिछले साल अक्टूबर में सर्विसेज के खिलाफ नजीर ने 53 रन देकर 6 विकेट लिए थे.
एक दशक से ज़्यादा समय से जम्मू-कश्मीर की रेड-बॉल टीम का हिस्सा होने के बावजूद, ये पहली बार था जब नज़ीर को भारतीय कप्तान के सामने गेंदबाजी करने का मौका मिला.
वीडियो: रोहित शेट्टी ने सर्कस क्यों बनाई? वजह जानकर उनके लिए इज़्ज़त बढ़ जाएगी

.webp?width=60)

