The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • FIFA president Infantino rules out World Cup schedule changes despite Iran US tensions

ईरान नहीं खेल पाएगा फुटबॉल वर्ल्ड कप? FIFA ने अपना फैसला सुना दिया

FIFA प्रेसिडेंट जियानी इन्फैंटिनो ने कहा है कि शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं होगा. उन्होंने बताया कि राजनीतिक या भू-राजनीतिक समस्याओं को फुटबॉल हल नहीं कर सकता, लेकिन टूर्नामेंट अपने तय समय पर होगा.

Advertisement
pic
20 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 10:08 AM IST)
FIFA president Infantino rules out World Cup schedule changes despite Iran US tensions
इन्फैंटिनो ने कहा कि फुटबॉल शांति का संदेश देता है और सभी टीमें फेयर प्ले और सम्मान के साथ खेलेंगी. (फोटो- रॉयटर्स)
Quick AI Highlights
Click here to view more

FIFA वर्ल्ड कप 2026 से पहले ही राजनीति और तनाव का असर खेल पर दिखाई देने लगा है. ईरान ने अपने मैच अमेरिका में खेलने से मना कर दिया है. वहीं, FIFA प्रेसिडेंट जियानी इन्फैंटिनो ने कहा है कि शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं होगा. उन्होंने बताया कि राजनीतिक या भू-राजनीतिक समस्याओं को फुटबॉल हल नहीं कर सकता, लेकिन टूर्नामेंट अपने तय समय पर होगा.

बता दें कि ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच तनाव चल रहा है. ईरान की टीम को 2026 वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज के तीन मैच अमेरिका में ही खेलने हैं. दो मैच लॉस एंजिल्स (कैलिफोर्निया) में और एक सिएटल में. उनके ग्रुप में बेल्जियम, मिस्र और न्यूजीलैंड हैं.

ईरान ने अपने मैच मेक्सिको में शिफ्ट किए जाने की बात कही थी. इस हफ्ते FIFA से भी उनकी बात शुरू हुई थी. लेकिन इन्फैंटिनो ने ज्यूरिख में FIFA काउंसिल मीटिंग में कहा,

“हमारे पास एक शेड्यूल है. जल्द ही 48 टीमों की लिस्ट फाइनल हो जाएगी. हम चाहते हैं कि वर्ल्ड कप तय समय पर हो.”

उन्होंने जोर दिया कि फुटबॉल शांति का संदेश देता है और सभी टीमें फेयर प्ले और सम्मान के साथ खेलेंगी. फीफा ने भी बयान दिया कि वो सभी टीमों से नियमित संपर्क में हैं और मैच उसी शेड्यूल के अनुसार होंगे, जो दिसंबर 2025 में घोषित किया गया था.

लेकिन इन्फैंटिनो ने शेड्यूल में बदलाव से जुड़े सवालों पर ज्यादा बात नहीं की. उन्होंने जोर देकर कहा कि FIFA भू-राजनीतिक संघर्षों को हल नहीं कर सकता. FIFA अध्यक्ष जियानी इन्फैंटिनो ने कहा,

“फीफा भू-राजनीतिक संघर्षों को सुलझा नहीं सकता. लेकिन हम फुटबॉल की ताकत और वर्ल्ड कप का इस्तेमाल शांति को बढ़ावा देने के लिए करते हैं, और वो हम करेंगे. हम उन सभी लोगों के लिए शांति चाहते हैं जो लोग चल रहे युद्धों की वजह से पीड़ित हैं.”

अमेरिका का बॉयकॉट करेंगे

इससे पहले ईरान फुटबॉल फेडरेशन (FFIRI) के अध्यक्ष मेहदी ताज ने बताया कि टीम वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी कर रही है, लेकिन वो अमेरिका में मैच नहीं खेलेगी. ताज ने बुधवार 18 मार्च को फार्स न्यूज एजेंसी को दिए बयान में कहा,

"नेशनल फुटबॉल टीम तुर्की में ट्रेनिंग कैंप कर रही है और वहां दो फ्रेंडली मैच भी खेलेगी."

ताज ने आगे कहा,

“हम अमेरिका का बॉयकॉट करेंगे, लेकिन वर्ल्ड कप का नहीं.”

वहीं, मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शाइनबॉम ने 17 मार्च को कहा था कि ईरान की टीम चाहे तो अपने मैच उनके देश में खेल सकती है. लेकिन उन्होंने ये भी साफ किया कि इस पर अंतिम फैसला FIFA ही करेगा.

ये टूर्नामेंट 11 जून 2026 से शुरू होगा और इसमें पहली बार 48 टीमें खेलेंगी. वेस्ट एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण ये मुद्दा उठा है. ईरान ने कभी ऐसा नहीं किया कि वर्ल्ड कप से हट जाए, लेकिन अगर FIFA शेड्यूल नहीं बदलेगा तो स्थिति जटिल हो सकती है.

वीडियो: दुनियादारी: ट्रंप ने नेतन्याहू के साथ क्या गद्दारी कर दी?

Advertisement

Advertisement

()