The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • England player announces shocking retirement after losing to India due to contract problems with ECB

भारत से हार, इंग्लैंड के इस प्लेयर ने कर दी रिटायरमेंट की घोषणा!

वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन से परेशान इंग्लैंड की टीम से अब एक बड़ी खबर सामने आई है. टीम के ऑलराउंडर David Willey ने टीम को अलविदा कह दिया है. वजह जान चौंक जाएंगे.

Advertisement
pic
1 नवंबर 2023 (अपडेटेड: 1 नवंबर 2023, 10:09 PM IST)
David Willey announces shocking retirement due to ECB contract situation
डेविड विली ले रहे हैं रिटायरमेंट (तस्वीर-AP)
Quick AI Highlights
Click here to view more

वर्ल्ड कप 2023 में इंग्लैंड टीम के स्टार ऑलराउंडर डेविड विली (David Willey) ने क्रिकेट के सभी फॉर्म्स से रिटायरमेंट की घोषणा कर दी है. 29 अक्टूबर को भारत ने इंग्लैंड को हराया था. इसके बाद ही विली ने ये फैसला लिया. हालांकि, इसकी वजह कुछ और है. विली ने बुधवार, 1 नवंबर को सोशल मीडिया पर ये जानकारी दी है. 

2019 में वर्ल्ड चैंपियन बनी टीम का इस एडिशन में प्रदर्शन बहुत निराशाजनक रहा है. इंग्लैंड अभी टेबल के आख़िरी पायदान पर बैठी है. अफ़ग़ानिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के भी पीछे. हालांकि, विली के फैसले का इंग्लैंड के ख़राब प्रदर्शन से कोई लेनादेना नहीं है. दरअसल, इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने हाल ही में अपने कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट की घोषणा की. ECB के सेंट्रल कॉन्टैक्ट लिस्ट में विली का नाम शामिल नहीं है. इस बात से विली कथित रुप से खफ़ा है और उन्होंने इतना बड़ा फैसला ले लिया. विली इंग्लैंड के वनडे वर्ल्ड कप स्क्वॉड के इकलौते खिलाड़ी हैं, जिनका नाम ECB के सेंट्रल कॉन्टैक्ट लिस्ट में नहीं है. 

विली वर्ल्ड कप के आख़िर तक टीम के साथ रहेंगे और इंग्लैंड के लिए उनका आख़िरी मैच इस टूर्नामेंट में ही होगा. हालांकि वो घरेलू क्रिकेट खेलते रहेंगे. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विली ने लिखा,

मैं नहीं चाहता था कि ये दिन कभी आए. बचपन से ही मैंने इंग्लैंड के लिए क्रिकेट खेलने का सपना देखा था. इसलिए बहुत सोच विचार करने के बाद, बहुत ही खेद के साथ मैं यह समझता हूं कि मेरे लिए अब वर्ल्ड कप के बाद अन्तराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से सन्यास लेने का समय आ गया है. 

विली आगे लिखते हैं,

मैनें इंग्लैंड की जर्सी बहुत ही गर्व के साथ पहनी है. मैंने इस निशान (इंग्लैंड का 3 lions logo) को अपना सबकुछ दिया है. मैं अपने आप को खुशकिस्मत मानता हूं कि मैं इतनी बेहतरीन वाइट बॉल टीम का हिस्सा रहा और मुझे इतने शानदार प्लयेर्स के साथ खेलने का मौका मिला. इंग्लैंड के लिए खेलते हुए मैंने कई स्पेशल यादें और काफ़ी अच्छे दोस्त भी बनाए हैं. इस दौरान कई बार मुश्किल वक्त से भी गुज़रा हूं.

इंग्लैंड के ऑलराउंडर ने आगे अपने परिवार के लिए एक ख़ास संदेश भेजा. 

मेरी पत्नी, मेरे बच्चे, माता-पिता, मैं आपकी कुर्बानियों और सहारे के बिना कभी अपने सपने पूरे नहीं कर पाता. मेरे साथ स्पेशल यादें शेयर करने के लिए शुक्रिया और मेरे बुरे वक्त में मेरा साथ देने के लिए मैं आपका सबका आभारी हूं. 

वर्ल्ड कप पर भी विली ने अपनी बात रखी. 

मुझे लगता है मैं मैदान के बाहर और अन्दर अभी और योगदान दे सकता हूं. मैं अपने करियर का बेस्ट क्रिकेट खेल रहा हूं और इस फ़ैसले का हमारे वर्ल्ड कप के प्रदर्शन से कोई लेना देना नहीं है. मुझे पता है कि जो मुझे जानते हैं, वो इस बात पर भरोसा करेंगे कि वर्ल्ड कप के बचे हुए कैम्पेन में अपना सब कुछ दूंगा. मैं बस यही तरीका जानता हूं.

कौन हैं डेविड विली?

डेविड विली इंग्लैंड के लिए बैटिंग और बॉलिंग, दोनों काम बखूबी करते हैं. लोअर ऑडर में बैटिंग के साथ विली बॉल को स्विंग करना भी जानते हैं. लेफ्ट आर्म सीमर विली ने इंग्लैंड के लिए 70 वनडे मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 26 की औसत के साथ 627 रन बनाए हैं. 70 मैच में विली के नाम 93 विकेट हैं. वहीं, टी20 क्रिकेट की बात करें तो विली ने 43 मैच में 226 रन बनाए हैं और 51 विकेट लिए हैं. विली को टेस्ट क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला है. विली IPL में फिलहाल विराट कोहली के साथ रॉयल चैलेंजर बैंगलोर के लिए खेलते हैं. 

(ये ख़बर हमारी इंटर्न जागृति ने लिखी है)

वीडियो: इंग्लैंड विश्व कप से बाहर, पूर्व कप्तान की बात पर बमक गए कोच मैथ्यू मॉट

Advertisement

Advertisement

()