IPL में DC के लिए बुरी खबर, 11.75 करोड़ में जिस प्लेयर को खरीदा, उसके बोर्ड ने भेजने से मना किया!
मिचेल स्टार्क के अलावा ऑस्ट्रेलिया के दो और बड़े तेज गेंदबाज पैट कमिंस और जॉश हेजलवुड भी IPL 2026 के पहले कुछ मैच नहीं खेलेंगे. इन तीनों की उपलब्धता अब आने वाले हफ्तों में रिटर्न-टू-प्ले प्रोटोकॉल पर निर्भर करेगी.

IPL 2026 शुरू होने से पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए एक बुरी खबर है. टीम के स्टार पेसर मिचेल स्टार्क इस सीजन के शुरुआती दौर में नहीं खेल पाएंगे (Mitchell Starc ruled out of IPL 2026 start). ये फ्रेंचाइजी के लिए बड़ा एक बड़ा झटका है. ऑस्ट्रेलिया के इस पेसर को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण शुरुआती मैचों में खेलने की इजाजत नहीं दी है.
36 साल के स्टार्क ने हाल ही में हुई एशेज के सभी पांच टेस्ट मैच खेले थे. इसके बाद बिग बैश लीग के आखिरी मैचों में भी उन्होंने गेंदबाजी की. इतना ज्यादा खेलने के कारण उनकी थकान और चोट का खतरा बढ़ गया है. इसलिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सतर्क रहते हुए उन्हें IPL की शुरुआत में आराम देने का फैसला किया है.
दिल्ली कैपिटल्स ने मेगा ऑक्शन में स्टार्क को 11.75 करोड़ रुपये में खरीदा था. वो टीम के पेस अटैक के मुख्य खिलाड़ी हैं. उनकी गैरमौजूदगी से टीम की शुरुआती रणनीति पर असर पड़ेगा.
स्टार्क के अलावा ऑस्ट्रेलिया के दो और बड़े तेज गेंदबाज पैट कमिंस और जॉश हेजलवुड भी IPL 2026 के पहले कुछ मैच नहीं खेलेंगे. इन तीनों की उपलब्धता अब आने वाले हफ्तों में रिटर्न-टू-प्ले प्रोटोकॉल पर निर्भर करेगी.
ऑस्ट्रेलिया का अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर बहुत व्यस्त है. अगले 12 महीनों में उन्हें करीब 21 टेस्ट मैच खेलने पड़ सकते हैं. इसमें साउथ अफ्रीका, भारत और इंग्लैंड का दौरा शामिल है. साथ ही 2027 वनडे वर्ल्ड कप भी आ रहा है. इसलिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने तेज गेंदबाजों को ज्यादा लोड से बचाने की नीति अपनाई है.
ऑस्ट्रेलिया के सेलेक्टर टोनी डोडेमाइड ने कहा है कि अगर स्थिति उल्टी होती, यानी IPL पहले और वर्ल्ड कप बाद में, तो खिलाड़ी IPL छोड़कर वर्ल्ड कप खेलते. लेकिन यहां इंटरनेशनल क्रिकेट को प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने कहा,
"ये हमारे लिए चिंताजनक बात नहीं है. हम जानते हैं कि खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलना और जीतना चाहते हैं."
बता दें कि स्टार्क ने T20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है. लेकिन वो टेस्ट और वनडे फॉर्मेट अभी भी खेलते हैं. IPL में उनकी अनुपस्थिति दिल्ली कैपिटल्स के लिए चुनौती है. टीम को शुरुआती मैचों में किसी अन्य गेंदबाज पर भरोसा करना पड़ेगा.
इसके अलावा कुछ अन्य ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी चोटिल हैं. जैसे CSK के नाथन एलिस हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से पूरे सीजन के लिए बाहर हो गए हैं. SRH के जैक एडवर्ड्स भी फुट इंजरी के कारण टूर्नामेंट से बाहर हैं.
वीडियो: IPL से पहले ऋषभ पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए क्या कदम उठाया?

.webp?width=60)
