The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Cristiano Ronaldo creates history Al Nassr wins Saudi Pro League

रोनाल्डो ने कर दिखाया! 41 साल की उम्र में बनाया अल नस्र को साउदी प्रो लीग चैंपियन

पुर्तगाल के फुटबॉलर Cristiano Ronaldo ने इतिहास रच दिया. 41 साल की उम्र में उन्होंने साउदी प्रो लीग में Al Nassr को चैंपियन बना दिया. अंतिम लीग मैच में डमैक के ख‍िलाफ रोनाल्डो ने दो गोल भी दागे.

Advertisement
pic
22 मई 2026 (पब्लिश्ड: 06:30 AM IST)
Cristiano Ronaldo, Al Nassr, Saudi Pro League
क्रिस्ट‍ियानो रोनाल्डो के डबल गोल से अल नस्र बना साउदी प्रो लीग चैंपियन. (फोटो-X)
Quick AI Highlights
Click here to view more

क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo). पुर्तगाल का वो फुटबॉलर, जिसकी दीवानगी पूरी दुनिया में है. ये दीवानगी इसलिए भी कि रोनाल्डो ने ऐसे कारनामे किए हैं, जो दुनिया में कोई और फुटबॉलर नहीं कर सका. लियोनल मेसी भी नहीं.

21-22 मई की दरम्यानी रात को एक बार फिर रोनाल्डो ने इतिहास रच दिया. 41 साल के प्लेयर ने अपने क्लब अल नस्र को साउदी प्रो लीग का चैंपियन बना दिया है. इसी के साथ रोनाल्डो दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए, जिन्होंने 4 अलग क्लब्स के साथ 4 अलग लीग जीत ली.

रोनाल्डो ने मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए इंग्लिश प्रीमियर लीग, रीयल मैड्र‍िड के साथ स्पेनिश ला लिगा, युवेंटस में इटालियन सीरी ए और अब अल नस्र के साथ साउदी प्रो लीग जीत ली है. हालांकि, साउदी प्रो लीग में उनका ये सफर इतना आसान नहीं रहा है.

रोनाल्डो का इंतजार बहुत लंबा था

2022 में जब रोनाल्डो का मैनचेस्टर यूनाइटेड के साथ दूसरा टेन्यॉर खराब हुआ तो उन्होंने साउदी का रुख कर लिया. खूब आलोचना हुई. कहा गया कि रोनाल्डो ने करियर खत्म कर लिया.

लेकिन, धीरे-धीरे जब कई दिग्गज प्लेयर्स साउदी का रुख करने लगे तो सबकी नज़रें इस पर थीं कि क्या रोनाल्डो अपनी टीम को चैंपियन बना पाएंगे. उनकी अगुवाई में तीन सीजन क्लब खाली हाथ ही रहा.

लेकिन, अब ये इंतजार खत्म हो गया है. डमैक के ख‍िलाफ अंतिम लीग मैच में 4-1 से जीत ने अल नस्र को साउदी प्रो लीग चैंपियन बना दिया है.

ये भी पढ़ें : शुभमन गिल की कप्तानी पर क्यों नहीं होती बात? IPL चैंपियन बनने की दावेदार GT भी है

अंतिम मैच के हीरो थे रोनाल्डो

कमाल की बात ये है कि 41 साल के रोनाल्डो की इस जीत में अहम भूमिका रही. रोनाल्डो ने मैच के दौरान दो गोल किए. पहला गोल 60वें मिनट में फ्री किक से किया. दूसरा गोल 81वें मिनट में गोलकीपर को छकाते हुए किया और मैच को खत्म कर दिया.

हालांकि, इससे पहले 34वें मिनट में सादियो माने ने कॉर्नर किक पर हेडर के साथ खाता खोल दिया था. वहीं, किंग्सले कोमैन ने भी 52वें मिनट में इस लीड को डबल कर दी थी.

लेकिन, पेनाल्टी गंवाने के कारण 58वें मिनट में बढ़त सिर्फ एक गोल की रह गई थी. इसी के बाद रोनाल्डो ने लगातार दो गोल कर टीम की ट्रॉफी सुनिश्चि‍त कर दी. ये उनके करियर का 972वां और 973वां गोल था.

रोनाल्डो के लिए बहुत मायने रखती है ये जीत

अल नस्र के साथ ये रोनाल्डो का पांचवां सीजन था. लगातार चार सीजन उनकी अगुवाई में टीम ट्रॉफी से एक कदम दूर ही रह रही थी. यही कारण है कि ये जीत रोनाल्डो के लिए बहुत मायने रखती है, जो दूसरा गोल दागने के बाद उनके इमोशन में भी नज़र आ रहा था.

रोनाल्डो के लिए साउदी प्रो लीग बहुत फ्रस्ट्रेटिंग रहा है. लीग में 100 गोल का माइलस्टोन वो पहले ही पूरा कर चुके हैं. लेकिन, टॉप टियर ख‍िताब उनसे अब तक दूर ही था. उन्होंने क्लब के साथ अंतिम बार 2023 में अरब क्लब चैंपियनश‍िप कप जीता था. लेकिन, ये एक अनऑफि‍श‍ियल कॉम्पिटिशन था. 

कोच ने किया रोनाल्डो का सपना पूरा

यही कारण है कि अल नस्र के कोच जॉर्ज जीसस ने भी डमैक के ख‍िलाफ मुकाबले से पहले ये कहा था कि उन्होंने सिर्फ रोनाल्डो के लिए दोबारा साउदी का रुख किया था. वो चाहते थे कि मिडिल ईस्ट में भी रोनाल्डो का लीग ट्रॉफी जीतने का सपना पूरा हो.

जीसस इससे पहले अल नस्र के सबसे धुर विरोधी अल हिलाल के कोच रह चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 2023-24 में अल हिलाल को ट्रेबल (3 मेजर ट्रॉफी) जितवाया था. साथ ही एक ऐसी टीम बनवा दी थी, जिसे साउदी लीग में हराना आसान नहीं था. इस बार भी अगर डमैक के ख‍िलाफ अल नस्र नहीं जीतता तो ये ट्रॉफी अल हिलाल की ही होती.

वीडियो: क्या IPL में पाकिस्तानी गेंदबाज की एंट्री होगी?

Advertisement

Advertisement

()