जीत के बाद युवराज, हरभजन ने जो वीडियो डाला, उस पर पुलिस कंप्लेंट हो गई, विकलांगों से जुड़ा आरोप है
पैरा-बैडमिंटन स्टार मानसी जोशी युवराज सिंह, हरभजन सिंह और सुरेश रैना के इंस्टाग्राम वीडियो से खुश नहीं दिखीं. उन्होंने पूर्व क्रिकेटरों हरभजन और रैना पर शारीरिक रूप से विकलांग लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया.

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (World Championship of Legends 2024) का फाइनल जीतने के बाद इंडिया चैंपियंस के खिलाड़ियों ने एक वीडियो अपलोड किया था. पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, सुरेश रैना, युवराज सिंह और गुरकीरत मान ट्रॉफी जीतने के बाद अलग तरीके से जश्न मनाते दिखे थे. लेकिन अब उस तरीके ने ही उन्हें मुसीबत में डाल दिया है. इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए इस वीडियो में कथित रूप से विकलांग लोगों का मजाक उड़ाने के आरोप में इन क्रिकेटर्स के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है.
हरभजन सिंह, सुरेश रैना, युवराज सिंह और गुरकीरत मान के खिलाफ नई दिल्ली के अमर कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. एनडीटीवी में छपी रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व क्रिकेटर्स के खिलाफ ये शिकायत नेशनल सेंटर फॉर प्रमोशन ऑफ एंप्लॉयमेंट फॉर डिसेबल्ड पीपल (NCPEDP) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अरमान अली ने दर्ज कराई है. अरमान ने Meta India की MD और VP संध्या देवनाथन के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में इंस्टाग्राम पर ऐसा कंटेंट पोस्ट करने की इजाजत देने के लिए IT एक्ट, 2000 का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है.
वीडियो में क्या था?वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के फाइनल मैच में भारत ने पाकिस्तान को हराया था. जिसके बाद टीम के कप्तान युवराज सिंह, हरभजन सिंह और सुरेश रैना ने एक वीडियो पोस्ट किया था. वीडियो में तीनों लंगड़ाते और अपनी पीठ पकड़े दिख रहे थे. तीनों ये दिखाना चाहते थे की इन मैचों से उनके शरीर पर कितना असर पड़ा है. वीडियो के कैप्शन में लिखा था,
“15 दिन के लीजेंड्स क्रिकेट में बॉडी की तौबा-तौबा हो गई. शरीर का हर एक हिस्सा दुख रहा है. तौबा-तौबा डांस का हमारा वर्जन विकी कौशल और करन औजला को सीधा टक्कर देगा. क्या गाना है.”
सोशल मीडिया पर वीडियो जैसे ही आया लोगों को ये ठीक नहीं लगा. नेशनल प्लेटफॉर्म फॉर राइट्स ऑफ दी डिसएबल्ड ने वीडियो को "पूरी तरह से अपमानजनक" बताया. एनडीटीवी में छपी रिपोर्ट के मुताबिक पैरा-बैडमिंटन स्टार मानसी जोशी इंस्टाग्राम वीडियो से खुश नहीं दिखीं. उन्होंने पूर्व क्रिकेटरों हरभजन और रैना पर शारीरिक रूप से विकलांग लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया. एसएल3 बैडमिंटन कैटेगरी में पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 मानसी ने वीडियो पर कमेंट किया,
“आप लोगों से ज़्यादा ज़िम्मेदारी की उम्मीद थी. कृपया विकलांग लोगों की चाल-ढाल का मजाक न उड़ाएं. ये बिल्कुल भी मजाकिया नहीं है.”
विवाद बढ़ता देख हरभजन सिंह ने सफाई दी. उन्होंने लिखा,
“मैं उन लोगों को स्पष्ट करना चाहता हूं जो सोशल मीडिया पर हमारे हाल के तौबा तौबा वीडियो के बारे में शिकायत कर रहे हैं. हम किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाना चाहते थे. हम प्रत्येक व्यक्ति और समुदाय का सम्मान करते हैं. ये वीडियो सिर्फ 15 दिनों तक लगातार क्रिकेट खेलने के बाद हमारे शरीर पर पड़ने वाले प्रभाव को दर्शाने के लिए था.”
शिकायत दर्ज कराने के बाद PTI से बात करते हुए शिकायतकर्ता अरमान अली ने कहा कि इन क्रिकेटरों की ओर से सिर्फ माफ़ी मांगने से काम नहीं चलेगा. उन्होंने कहा कि उन्हें उनके किए की सजा मिलनी चाहिए.
वीडियो: WCL Final: भारत ने पाकिस्तान को हराया, पठान का जश्न देखने लायक रहा

