एक मेसेज आया और... बांग्लादेश को कूटने के बाद शुभमन गिल ने पूरा प्लान बता दिया
Champions Trophy 2025: Team India ने पहले मुकाबले में बांग्लादेश को 6 विकेट से हरा दिया है. गिल को शानदार शतकीय पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया.
.webp?width=210)
चैंपियंस ट्रॉफी (Champions Trophy 2025) में टीम इंडिया (Team India) ने शानदार आगाज किया है. इंडियन टीम ने अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश को 6 विकेट्स से हरा दिया है. टीम इंडिया की जीत में दो सबसे बड़े हीरो रहे. मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) और शुभमन गिल (Shubman Gill). गिल को शानदार शतकीय पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. मैच के बाद गिल ने अपनी बेहतरीन पारी को लेकर प्रतिक्रिया दी है.
गिल ने बांग्लादेश के खिलाफ 101 रनों की नाबाद पारी खेली. ये ICC इवेंट्स में गिल का पहला शतक भी रहा. इसको लेकर उन्होंने कहा,
निश्चित तौर पर यह मेरे सबसे बेहतरीन शतकों में से एक था. ICC टूर्नामेंट में यह मेरा पहला शतक है. इसको लेकर मैं काफ़ी ख़ुश हूं. यह पिच बिल्कुल आसान नहीं थी, शुरुआत में ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद बल्ले पर ठीक से नहीं आ रही थी. इसलिए मैंने तेज गेंदबाजों के खिलाफ क्रीज का इस्तेमाल कर गेंद को सर्कल के ऊपर से खेलने की कोशिश की. फिर जब स्पिनर्स आए, तो मैंने और कोहली भाई ने इस बारे में बात की. हमें फ्रंट फुट पर सिंगल लेना आसान नहीं हो रहा था, इसलिए मैंने बैक फुट पर खेलना ज्यादा बेहतर समझा.
गिल ने आगे,
हमारी टीम पर एक समय थोड़ा दबाव था. मुझे ये मैसेज भेजा गया कि मैं अंत तक बल्लेबाज़ी करूं. मैंने जो पहला सिक्सर लगाया, उससे मुझे काफ़ी आत्मविश्वास मिला. जबकि दूसरे सिक्स के बाद मैं शतक के पास पहुंच गया. दोनों ही शॉट्स मुझे काफी पसंद आए.
वहीं कप्तान रोहित शर्मा ने भी गिल की इस बेहतरीन पारी की तारीफ की. उन्होंने कहा,
गिल की क्लास के बारे में सभी जानते हैं. वो शानदार बल्लेबाज़ी कर रहे हैं. आज उन्होंने जो किया, वह देखकर किसी को चौंकाना नहीं चाहिए. सबसे अच्छी बात यह रही कि वह अंत तक क्रीज पर टिके रहे.
ये भी पढ़ें: ब्रेट ली, स्टार्क, अख्तर... सब पीछे छूटे, शमी भाई के आगे कोई बोल सकता है क्या?
रोहित ने साथ ही मोहम्मद शमी की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा,
शमी के लिए बेहद खुश हूं. वह लंबे समय से मौके का इंतज़ार कर रहे थे. हमें पता है कि वह टीम के लिए क्या लेकर आते हैं, उनकी क्वालिटी किसी से कम नहीं है. जब भी हम उन्हें गेंद थमाते हैं, उनके पास कुछ ना कुछ ख़ास होता है. हमें ऐसे खिलाड़ियों की ज़रूरत होती है, जो ऐसे बड़े मौकों पर टीम के लिए खड़े रहें.
मैच की बात करें तो बांग्लादेश की टीम पहले बैटिंग करते हुए 228 रनों पर ऑलआउट हो गई. बांग्लादेश के लिए तौहीद हृ्दोय ने 100 रनों की अच्छी पारी खेली. जबकि जाकेर अली ने 68 रन बनाए. भारत के लिए शमी ने 52 रन देकर 5 विकेट लिए. इस टारगेट को टीम इंडिया ने 4 विकेट्स खोकर हासिल कर लिया. शुभमन गिल के अलावा कप्तान रोहित और केएल राहुल ने 41-41 रन्स की पारी खेली. अब टीम इंडिया का अगला मुकाबला 23 फरवरी को पाकिस्तान से होगा.
वीडियो: चैंपियंस ट्राफी से पहले इन तीन प्लेयर्स को लेकर भिड़े गौतम गंभीर और अजित आगरकर!

