"अर्शदीप सिंह धोनी", पहले वनडे के बाद टीम इंडिया का पेसर सोशल मीडिया पर ना जाए तो अच्छा है
भारतीय टीम को शिव दुबे के आउट होने के बाद 1 रन चाहिए था. क्रीज पर आए पेसर अर्शदीप सिंह. उन्होंने वही किया जो एक पेसर करता है!

श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज का पहला मैच टाई हो गया है (India vs Sri Lanka Match tie). 231 रनों का पीछा करने उतरी इंडियन टीम 230 रन पर ऑलआउट हो गई. टीम के कई बल्लेबाजों को अच्छी शुरुआत तो मिली, लेकिन वो बड़ी पारी नहीं खेल पाए. मैच के बाद सोशल मीडिया पर पेसर अर्शदीप सिंह की बैटिंग अप्रोच को लेकर कई तरह की बातें हुईं (Arshdeep Singh slog sweep).
हुआ ये कि 231 रनों का पीछा कर रही इंडियन टीम को आखिरी तीन ओवरों में 5 रनों की जरूरत थी. टीम के पास 2 विकेट थे. 48वें ओवर की तीसरी गेंद पर शिवम दुबे ने चौका मारा. अब टीम इंडिया को जीतने के लिए 1 रन बनाना था. अगली गेंद पर दुबे LBW आउट हो गए. हालांकि उन्होंने DRS लिया, लेकिन अंपायर का फैसला ठीक था, वही रहा. दुबे ने 25 रन की पारी खेली.
भारतीय टीम को दुबे के आउट होने के बाद 1 रन चाहिए था. क्रीज पर आए पेसर अर्शदीप सिंह. उन्होंने वही किया जो एक पेसर करता है. असलंका बॉलिंग कर रहे थे. अर्शदीप सिंह पहली ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलने गए. स्लॉग स्वीप लगाया. लेकिन गेंद का बैट से कनेक्शन नहीं हुआ. गेंद सीधे पैड पर जाकर लगी. अंपायर ने आउट दे दिया. अर्शदीप ने भी DRS लिया, लेकिन वही हुआ. अंपायर का फैसला सही था. भारत भी 230 रन ही बना सका. मैच टाई हो गया.
अर्शदीप के इस शॉट को लेकर सोशल मीडिया ने उन्हें घेर लिया. एक यूजर ने लिखा,
“14 गेंद में 1 रन की जरूरत. अर्शदीप सिंह धोनी:”
X पर एक यूजर ने अर्शदीप की फोटो लगाई, जिसमें लिखा था,
“पाजी गंभीर का दौर है…खुद को बैटर समझ बैठे.”
एक यूजर अर्शदीप के सपोर्ट में उतरे. लिखा,
“बॉलिंग भी वो करे, बैटिंग भी वो करे.”
एक शख्स ने लिखा,
“ये अर्शदीप को लास्ट बॉल पर हीरो बनना जरूरी था क्या.”
एक सज्जन ने लिखा,
“भाई ने सोचा ‘Arshdeep finishes off in style’ हो जाए.”
अर्शदीप को किसी ने कहा कि वो फिनिशर बनने आए थे. तो कई लोगों ने बैटिंग में फ्लॉप शो की बात कही.
मैच में क्या हुआ?231 रनों का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को सधी हुई शुरुआत मिली थी. कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़े. 13वें ओवर में गिल 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. रोहित ने 58 रनों की पारी खेली. विराट कोहली 24 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद भारत के मिडिल ऑर्डर ने पारी को संभाला.
एक वक्त इंडियन टीम पांच विकेट पर 132 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी. केएल राहुल और अक्षर पटेल के बीच बढ़िया पार्टनरशिप बिल्ड हो रही थी. लेकिन राहुल और अक्षर के विकेट के बाद मैच शिफ्ट हो गया. अक्षर पटेल ने 33 और केएल राहुल ने 31 रन बनाए. इसके अलावा शिवम दुबे ने 25 और श्रेयस ने 23 रनों की पारी खेली. लेकिन भारत की तरफ से कोई भी बैटर बड़ी पारी नहीं खेल सका.
इससे पहले मैच में श्रीलंका के कप्तान चरित असलांका ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया. श्रीलंका ने पहले 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 230 रन बनाए. दुनित वेल्लालागे ने 67 रनों की पारी खेली. ओपनर पतुम निसंका ने 56 रन बनाए. इन दोनों के अलावा श्रीलंका का कोई भी बैटर 24 रनों से ज्यादा नहीं बना पाया. वानिन्दु हसरंगा ने 24 रनों की पारी खेली. भारत के लिए अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए. मोहम्मद सिराज, शिवम दुबे. कुलदीप यादव और सुंदर ने एक-एक विकेट अपने नाम किया.
मैच में ऑलराउंड परफॉर्मेंस के लिए श्रीलंका के दुनित वेल्लालागे को प्लेयर ऑफ दी मैच अवॉर्ड मिला. वेल्लालागे ने 65 गेंदों में 67 रन बनाए. इसके बाद उन्होंने बोलिंग में भी कमाल किया. 9 ओवर में 39 रन देकर 2 विकेट लिए.
वीडियो: अर्शदीप सिंह ने ट्रोल होकर SA के साथ वो किया, जो कोई भारतीय गेंदबाज नहीं कर पाया!

