World Cup 2023: मैथ्यूज ने लिया शाकिब से 'टाइम आउट' का बदला, हंस कर बोले- अब चलते बनो
शाकिब ने ही अंपायर से अपील कर मैथ्यूज को क्रिकेट इतिहास का पहला 'टाइम आउट' शिकार बनाया था. इसके चलते मैथ्यूज को बिना खेले मैदान छोड़ना पड़ा था.
.webp?width=210)
वर्ल्ड कप 2023 (World Cup 2023) का श्रीलंका वर्सेज़ बांग्लादेश मैच इतिहास में पहली बार हुए ‘टाइम आउट’ डिसमिसल के लिए तो जाना जाएगा ही (Angelo Mathews Timed out), लेकिन इससे ज्यादा जाना जाएगा एंजेलो मैथ्यूज और शाकिब उल हसन के बीच हुए बैंटर के लिए. मैच की पहली इनिंग में शाकिब ने मैथ्यूज को टाइम आउट कराया था. दूसरी इनिंग में मैथ्यूज ने शाकिब को पवेलियन भेजकर जवाब दे दिया.
दिल्ली में खेले गए श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच मैच की पहली इनिंग के 25वें ओवर में शाकिब ने सदीरा समरविक्रमा को आउट किया. श्रीलंका का ये चौथा विकेट 135 रन के स्कोर पर गिरा. इसके बाद क्रीज पर आए एंजेलो मैथ्यूज. क्रीज पर खड़े हुए. स्टांस लिया. और फिर अपना हेलमेट टाइट करने लगे. इतने में उनके हेलमेट का स्ट्रैप टूट गया. टूटने के बाद उन्होंने दूसरा हेलमेट मंगाया. तभी शाकिब ने टाइम आउट की अपील कर दी.
मैथ्यूज अचंभित थे. उन्होंने अंपायर से बहस की. लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला. फिर वह शाकिब की ओर भी गए, लेकिन शाकिब ने साफ कर दिया कि उन्हें जो करना था, वो हो गया. उनकी अपील के चलते अंपायर को ICC नियमों के तहत मैथ्यूज को आउट देना पड़ा. गुस्साए मैथ्यूज ने मैदान से निकलते-निकलते अपना हेलमेट जमीन पर फेंक कर मार दिया.
मैथ्यूज ने दिया सेंड-ऑफये इतनी आसानी से खत्म होने वाला बैटल नहीं था. बात इतिहास में पहली बार इस तरह आउट होने की थी. इससे पहले कभी कोई भी बल्लेबाज ऐसे आउट नहीं हुआ था. दूसरी पारी में मैथ्यूज के पास मौका था कि वो अपनी गेंद से जवाब दें. ऐसा ही हुआ.
दूसरी पारी के 32वें ओवर की पहली गेंद पर मैथ्यूज ने शाकिब को आउट कर दिया. उन्होंने असलंका के हाथों उन्हें कैच आउट करा दिया. साथ ही एक सेंड-ऑफ भी दिया. शाकिब पवेलियन की ओर जा रहे थे, मैथ्यूज ने हंसते हुए उनकी तरफ देखा. और कहा, “It’s time to go”.
शाकिब ने 65 गेंदों में 82 रन की शानदार पारी खेली.
‘टाइम आउट’ डिसमिसल के क्या नियम हैं?
ये नियम कहते हैं कि एक बल्लेबाज के आउट होने के बाद अगले बल्लेबाज को तीन मिनट के अंदर मैदान पर गेंद का सामना करने के लिए तैयार हो जाना चाहिए. वर्ल्ड कप में ये टाइम दो मिनट है. ICC के रूल 40.1.1 के अनुसार अगर बल्लेबाज ऐसा करने में असफल होता है, तो उसे ‘टाइम आउट’ आउट करार दिया जाता है.
ICC के इस नियम के मुताबिक इस तीन मिनट की समयसीमा को बॉलर के एक्शन शुरू करने से पहले तक माना जाता है. माने बॉलर के एक्शन शुरू करने से पहले तीन मिनट के अंदर बल्लेबाज को गेंद का सामना करने के लिए तैयार होना चाहिए. अगर बल्लेबाज ऐसा करने में नाकाम रहता है और तीन मिनट में बैटिंग के लिए तैयार नहीं हो पाता तो अंपायर उसे आउट करार दे सकते हैं. ऐसा ICC के नियम 16.3 में लिखा है.
ICC के रूल 40.2 के मुताबिक ‘टाइम आउट’ करार दिए जाने पर बॉलर को विकेट का क्रेडिट नहीं मिलता. माने ये विकेट बॉलर के खाते में नहीं जाता है. जैसा कि रन आउट के केस में होता है.
(ये भी पढ़ें: क्रिकेट इतिहास में पहली बार बैटर के ‘टाइम आउट’ होने पर भयंकर बवाल, लेकिन ये है क्या बला?)
वीडियो: मोहम्मद शमी 5 विकेट लेकर बड़े-बड़े रिकॉर्ड तोड़ गए

