DK को मेरे साथ कॉमेंट्री बॉक्स में होना चाहिए, टीम में नहीं!
टीम इंडिया में नहीं बनती दिनेश कार्तिक की जगह.

भारतीय क्रिकेट टीम को दो महीने बाद ऑस्ट्रेलिया में होने वाले T20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में हिस्सा लेना है. और इस मेगा इवेंट के लिए भारत की 15 सदस्यों वाली स्क्वॉड अभी फाइनल नहीं हुई है. एक तरह से देखें तो इसमें जगह बनाने के लिए अभी ऑडिशन ही चल रहा है. और इन सबके बीच तमाम दिग्गज और क्रिकेट एक्सपर्ट्स भी अपनी राय लगातार पेश कर रहे हैं.
कई प्लेयर्स को टीम से अंदर और बाहर करने की बहस चल रही है. और इस बहस में शामिल होते हुए पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा ने दिनेश कार्तिक पर कुछ सख्त कमेंट्स किए हैं. फैनकोड से बात करते हुए अजय जडेजा ने अपनी टीम के लिए चार गेंदबाज चुने, जिनमें तीन पेसर और एक स्पिनर शामिल हैं. आश्चर्य की बात ये रही कि जडेजा ने अपनी टीम में मोहम्मद शमी को शामिल किया, जिन्होंने पिछले वर्ल्ड कप के बाद एक भी T20I मैच नहीं खेला है.
वहीं जडेजा ने अपनी टीम से भुवनेश्वर कुमार को ड्रॉप कर दिया, जो इस पीरियड में T20I क्रिकेट में भारत के लिए हाईएस्ट विकेट टेकर के रूप में उभरे हैं. जडेजा ने कहा,
‘मैं अपनी टीम में शमी को शामिल करूंगा क्योंकि मेरे हिसाब से उनको निश्चित रूप से टीम का हिस्सा होना चाहिए. शमी के अलावा मैं बुमराह, अर्शदीप और चहल को टीम में शामिल करूंगा. इस गेंदबाजी क्रम को देखें तो आपके पास पावरप्ले, मिडल ओवर्स और डेथ ओवर्स में गेंदबाजी करने की कला है.’
जडेजा ने आगे बात करते हुए भारतीय टीम के बल्लेबाजी क्रम पर भी बात की. हाल में भारतीय टीम ने अपने बैटिंग अप्रोच में बदलाव करते हुए अग्रेसिव क्रिकेट खेली है. इस पर बात करते हुए जडेजा ने कहा कि अगर भारतीय टीम इसी रणनीति के साथ आगे भी खेलेगी, तो विराट कोहली को टीम से ड्रॉप किया जा सकता है.
हालांकि अगर सेलेक्टर्स ने एमएस धोनी की तरह सोचकर टीम सेलेक्ट की, तो फिर कोहली भी इसमें शामिल रहेंगे और साथ ही दिनेश कार्तिक को भी प्लेइंग 11 में शामिल किया जा सकता है. लेकिन जडेजा ने यह भी कहा कि अगर टीम में रोहित-विराट नहीं हैं तो इसमें DK की जगह भी नहीं बनती. जडेजा ने कहा,
‘अगर आप आक्रामक क्रिकेट खेलना चाहते हैं, तो आपको टीम का चयन अलग ढंग से करना होगा. अगर टीम में विराट कोहली और रोहित शर्मा आते हैं, तो आपको हर कीमत पर दिनेश कार्तिक की जरूरत पड़ेगी. वह आपके लिए इंश्यूरेंस की तरह हैं. लेकिन अगर आपके पास दोनों में से कोई नहीं है, तो दिनेश कार्तिक के लिए टीम में कोई काम नहीं है.
मैं कार्तिक को टीम में नहीं रखूंगा, वो मेरे बगल में सीट ले सकते हैं. क्योंकि वह एक कॉमेंटेटर के रूप में बहुत अच्छे हैं, लेकिन टीम में मैं उन्हें नहीं चुनूंगा. अब फैसला यह है कि आप रविंद्र जडेजा का किरदार निभाना चाहते हैं, या अक्षर का. अगर धोनी स्टाइल है, तो कोहली, रोहित और कार्तिक को लेना चाहिए, लेकिन आधुनिक क्रिकेट में आपको कार्तिक को छोड़ना होगा. शायद कोहली का टीम में होना भी इस बात पर निर्भर करता है कि वह फॉर्म में हैं या नहीं.’
भारतीय टीम के बल्लेबाजी क्रम पर जडेजा ने कहा,
‘बल्लेबाजी में मेरे लिए ऋषभ पंत, हार्दिक पंड्या, सूर्यकुमार यादव और दीपक हूडा की पक्की जगह हैं. ये कहीं भी बल्लेबाजी कर सकते हैं.’
बता दें कि एशिया कप 2022 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है. रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया के 15 सदस्यीय दल में विराट कोहली और केएल राहुल की वापसी हुई है. वहीं तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह चोट के चलते इस सीरीज़ से बाहर हो गए हैं. 27 अगस्त से शुरू हो रहे एशिया कप के लिए BCCI ने सोशल मीडिया पर भारतीय टीम का ऐलान किया.
कॉमनवेल्थ गेम्स में वेटलिफ्टर्स के बढ़े मेडल्स से बहुत खुश होने की जरूरत नहीं है!

