'नंबर 4 पर बैटिंग करें कोहली', ABD और रवि शास्त्री ने जो सलाह दी है उस नंबर पर रिकॉर्ड कैसा है?
नंबर 4 पर कोहली का रिकॉर्ड अच्छा है, और शास्त्री पिछले 2 वर्ल्ड कप से चाह रहे हैं ऐसा हो.

एशिया कप और वनडे वर्ल्ड कप. एक-के-बाद-एक दोनों टूर्नामेंट्स खेले जाने हैं. फ़ैन्स को टीम इंडिया से बहुत उम्मीद है. और एक प्लेयर ऐसा है, जिसपर ख़ास दारोमदार रहना तय है. नाम है Virat Kohli. वजह बताते की जरूरत है? शायद नहीं. इन-फॉर्म विराट कोहली दुनिया के सबसे बड़े मैचविनर हैं. वनडे फॉर्मेट में तो इनके जैसा कोई प्लेयर शायद ही रहा हो. हालांकि, पूर्व कोच रवि शास्त्री के बाद अब विराट के दोस्त एबी डी विलियर्स ने भी उनकी बैटिंग पोजीशन बदलने की बात कही है. एबी का मानना है कि विराट को नंबर 4 पर बैटिंग करनी चाहिए. इस पूरी चर्चा को रवि शास्त्री ने शुरू किया था.
पहले AB De Villiers ने क्या कहा, ये बता देते हैं. ABD ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा,
नंबर 4 पर कैसा है विराट का रिकॉर्ड?'हम अभी भी ये चर्चा कर रहे हैं कि भारत के लिए नंबर 4 पर कौन बैटिंग करेगा. मैंने कुछ अफवाह सुनी है, कि विराट यहां बैटिंग कर सकते हैं. मैं इस बदलाव के समर्थन में हूं. मेरे हिसाब से विराट नंबर 4 के लिए परफेक्ट हैं. वो इनिंग्स कोजोड़े रख सकते हैं, किसी भी तरह की पारी खेल सकते हैं. पर मुझे नहीं पता वो ऐसा करना चाहते हैं या नहीं. हम जानते हैं कि उन्हें नंबर 3 पर बैटिंग करना पसंद है. उन्होंने ज्यादातर रन्स वहीं बैटिंग करते हुए बनाए हैं. पर अगर टीम चाहती है कि आप कुछ और करें, तो आपको वो ज़िम्मेदारी संभालनी चाहिए.'
ABD की बात सुनते ही फ़ैन्स के दिमाग में ये सवाल आया होगा - नंबर 4 पर विराट का फॉर्म और रिकॉर्ड कैसा है? रिकॉर्ड अच्छा है. विराट ने यहां बैटिंग करते हुए 7 शतक जड़े हैं. औसत भी 55.21 का है. 39 मैच में उन्होंने 1,767 रन बनाए हैं. हालांकि, इस पोजीशन पर बैटिंग करते हुए फॉर्म की बात करना सही नहीं होगा. क्योंकि आखिरी बार विराट ने यहां तीन साल पहले बैटिंग की थी. नंबर 3 पर बैटिंग करते हुए विराट का औसत 60 का है और उन्होंने 39 शतक जड़े हैं. याद दिला दें, 2011 वर्ल्ड कप के दौरान भी विराट ने नंबर 4 पर ही बैटिंग की थी. फाइनल में भी वो इसी पोजीशन पर आए थे.
श्रेयस अय्यर के डेब्यू के बाद से उन्होंने लगातार नंबर 4 पर बैटिंग की है. इस पोजीशन पर उनका औसत 47.35 का है. उन्होंने 2 शतक जड़े हैं.
रवि शास्त्री ने क्या कहा?टीम इंडिया के पूर्व कोच Ravi Shastri ने हाल ही में कहा था कि वो पिछले वर्ल्ड कप में भी विराट को नंबर 4 पर बैटिंग करते देखना चाहते थे. स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए शास्त्री ने कहा था,
‘ईशान किशन को ओपन करना चाहिए. रोहित के पास बहुत अनुभव है. वो नंबर 3 पर बैटिंग कर सकते हैं. वो नंबर 4 पर भी उतर सकते हैं. शुभमन गिल को कैसा लगेगा, अगर उन्हें नंबर 3 या 4 पर बैटिंग करने को कहा जाए तो? कोई भी पोजीशन किसी एक प्लेयर की नहीं होती. अगर विराट को नंबर 4 पर बैटिंग करना पड़े, तो टीम के लिए उन्हें ऐसा करना चाहिए.’
शास्त्री ने आगे कहा कि वो 2019 में इंग्लैंड में हुए वर्ल्ड कप के दौरान भी ऐसा करना चाहते थे.
'मैं पिछले दो वर्ल्ड कप्स में भी ये चाहता था (कि विराट नंबर 4 पर बैटिंग करें). मैंने शायद एमएसके (प्रसाद) से इसकी चर्चा भी की थी. ताकी हमारा टॉप ऑर्डर बहुत हेवी ना लगे. अगर हम शुरुआत में ही 2-3 विकेट्स गंवा देते हैं, तो हो गया. गिरते विकेट्स को रोकने के लिए आपको अनुभव चाहिए होता है. अगर आप नंबर 4 पर विराट का रिकॉर्ड देखें, तो वो काफी अच्छा है.'
हम यहां आपके लिए एशिया कप का स्क्वाड लिख दे रहे हैं. आप कॉमेंट कर बताइए, आपके हिसाब से प्लेइंग XI में कौन होना चाहिए और बैटिंग ऑर्डर क्या होना चाहिए.
Asia Cup squad: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पंड्या (उप-कप्तान), रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, ईशान किशन, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा.
वीडियो: विराट कोहली इंस्टा पोस्ट से कितना कमाते हैं?

