The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Youtuber Agastya Chauhan Death Family denies 300 kmph speed alleges hit and run case

अगस्त्य चौहान की मौत पर परिवार ने कहा- 300 की स्पीड नहीं, हिट एंड रन का केस है

अगस्त्य के पास तीन कैमरे हमेशा रहते थे, दो कैमरे अभी नहीं मिले हैं.

Advertisement
pic
6 मई 2023 (अपडेटेड: 6 मई 2023, 03:25 PM IST)
Agastya Chauhan death
अगस्त्य चौहान की 3 मई को मौत हुई थी
Quick AI Highlights
Click here to view more

यूट्यूबर अगस्त्य चौहान की सड़क हादसे में हुई मौत का मामला उलझता जा रहा है. वजह है अगस्त्य के परिवार वालों का आरोप. अगस्त्य के पिता ने कहा है कि उनके बेटे को बिना कारण बदनाम किया गया है. उनका आरोप है कि अगस्त्य की मौत दुर्घटना में नहीं बल्कि हिट एंड रन से हुई है. वहीं अगस्त्य के एक फुफेरे भाई शौर्य ने भी आरोप लगाया कि उनके भाई की हत्या हुई है. 3 मई को यमुना एक्सप्रेसवे पर अगस्त्य की मौत हो गई थी. अगस्त्य अपनी रेसिंग बाइक से आगरा से दिल्ली जा रहे थे.

25 साल के अगस्त्य देहरादून के रहने वाले थे. उनके यूट्यूब चैनल पर 12 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं. जहां वो बाइक राइडिंग से जुड़े वीडियो पोस्ट करते थे. अगस्त्य की मौत के बाद खबर आई थी कि वे काफी तेज (करीब 300 किलोमीटर प्रति घंटा) बाइक चला रहे थे. डिवाइडर से टकराने के कारण उनका एक्सीडेंट हुआ था. लेकिन परिवार वाले इससे इनकार कर रहे हैं.

आज तक से बात करते हुए अगस्त्य के पिता ने कहा कि बाइक 300 की स्पीड पर हो ही नहीं सकती. पिता ने आरोप लगाया कि ये हिट एंड रन का केस है, नॉर्मल डेथ नहीं है. उन्होंने कहा, 

"पुलिस वालों ने मुझे हादसे के करीब 3 घंटे बाद फोन कर बताया कि बेटे का एक्सीडेंट हो गया. 300 की स्पीड में अगर एक्सीडेंट होगा तो बाइक के पार्ट्स अलग-अलग होंगे और बॉडी के भी कई टुकड़े हो जाएंगे. सिर को छोड़कर, मेरे बेटे के शरीर पर कहीं भी चोट का निशान नहीं था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी आया है. उसके साथ जितने राइडर थे, वे सब वहां से भाग गए."

पिता ने बताया कि वे खुद एक राइडर हैं इसलिए उन्हें एक्सीडेंट से मौत की बात पर शक है. उन्होंने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच हो. अगस्त्य के पास 360 डिग्री कैमरा भी रहता था. पिता ने बताया कि उसके पास हमेशा तीन कैमरे रहते थे, पुलिस ने अभी उन्हें दो कैमरे नहीं दिये हैं. उन्होंने कहा कि उसकी जेब का कैमरा मिल गया है. पुलिस वाले कह रहे हैं कि अगर किसी ने बाकी दो कैमरे लिए होंगे तो वो मिल जाएंगे.

"300 की स्पीड पर अफवाह फैलाई गई"

वहीं, अगस्त्य के फुफेरे भाई शौर्य ने कहा कि जो दूसरे राइडर उसके साथ थे तो वो वहां से क्यों भाग गए. वो अस्पताल भी नहीं आए. शौर्य ने आरोप लगाया कि साथी राइडर आमिर और माजिद, अगस्त्य की मौत से गायब हैं. उनकी लोकेशन भी नहीं मिल रही है. टप्पल थाने में किसी रिपोर्टर ने सुन लिया कि ये बाइक 300 की स्पीड पकड़ लेती है, तो इसी से अफवाह फैला दी गई कि अगस्त्य 300 की स्पीड पर था.

हादसा अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र के पास ही हुआ था. अलीगढ़ के SSP कलानिधि नैथानी ने घटना के बाद लोगों से अपील करते हुए कहा था कि वाहन चलाते समय स्पीड को हमेशा नियंत्रण में रखें.

वीडियो: सोशल लिस्ट: अगस्त्य चौहान की मौत को किसने बताया हत्या? PRO RIDER 1000 की 300 की स्पीड का सच?

Advertisement

Advertisement

()