सरकारी बंगला वापस मिला तो राहुल गांधी ने देश का जिक्र कर किसको मेसेज दे दिया?
राहुल को वही बंगला मिला है, जहां वो सांसदी जाने से पहले रहते थे.

संसद की सदस्यता बहाल होने के बाद 8 अगस्त को कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी को सरकारी बंगला वापस मिल गया. राहुल को वही बंगला मिला है, जहां वो सांसदी जाने से पहले रहते थे. माने अगले कुछ दिनों में राहुल 12 तुगलक लेन वाले बंगले में ही रहेंगे. बंगला आवंटित होने के बाद राहुल गांधी मीडिया से मुखातिब हुए. राहुल से जब बंगला वापस मिलने के बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने जवाब दिया,
“मेरा घर पूरा हिंदुस्तान है.”
राहुल ने आगे कहा कि ये जो घर है, 19 साल के लिए हिंदुस्तान की जनता ने मुझे दिया है. सबसे पहले मैं उनका धन्यवाद करना चाहता हूं. उन्होंने आगे कहा कि सच्चाई बोलने की कीमत है आजकल, और वो कीमत चुकाते जाएंगे. राहुल ने कहा कि जो भी कीमत होगी, वो चुकाएंगे.
सदस्यता बहाल की गई थीइससे पहले, 7 अगस्त को लोकसभा सचिवालय ने अधिसूचना जारी कर राहुल गांधी की सदस्यता बहाल की थी. अधिसूचना में लिखा था,
“भारत के सुप्रीम कोर्ट ने 4 अगस्त को दिए अपने फैसले में राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाई है. वे केरल के वायनाड संसदीय क्षेत्र से सांसद हैं. सूरत कोर्ट ने उन्हें सज़ा सुनाई थी. 4 अगस्त 2023 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले को देखते हुए, 24 मार्च को जारी किया गया राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने का आदेश खारिज किया जाता है.”
जिसके बाद कांग्रेस ने लोकसभा अधिसूचना की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा था,
“नफरत के खिलाफ मोहब्बत की जीत.”
कांग्रेस के नेताओं ने इस मौके पर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और इसका वीडियो भी शेयर किया. एक ट्वीट में पार्टी की तरफ से लिखा गया,
“राहुल गांधी की सदस्यता बहाल हो गई. ये सत्य की जीत है. भारत के लोगों की जीत है. खुशी का पल.”
इससे पहले गुजरात के सूरत जिले में मेट्रोपोलिटन कोर्ट ने राहुल गांधी को दो साल की सज़ा सुनाई थी. ये सजा उन्हें मोदी सरनेम मामले में सुनाई गई थी. इस फैसले के खिलाफ राहुल गांधी ने गुजरात हाईकोर्ट में अपील भी की थी. जिसे हाईकोर्ट ने 7 जुलाई को खारिज कर दिया. इसके बाद 15 जुलाई को राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की. 4 अगस्त को दिए अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी सज़ा पर रोक लगा दी.
वीडियो: राहुल गांधी की संसद वापसी पर BJP नेता सुप्रीम कोर्ट की याद क्यों दिला रहे?

