The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • who will form government if elections conducted now motn survey data is here

MOTN सर्वे: आज चुनाव हुए तो नरेंद्र मोदी पीएम बनेंगे या नहीं?

अब तक का सबसे अच्छा पीएम कौन?

Advertisement
pic
24 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 24 अगस्त 2023, 08:57 PM IST)
who will form government if elections conducted now motn survey data is here
सर्वे से जुटाए गए डेटा के मुताबिक अगर आज की तारीख में लोकसभा चुनाव कराए जाएं तो बीजेपी 287 सीट जीतने की स्थिति में है. (फोटो- PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

सी-वोटर और इंडिया टुडे का 'मूड ऑफ दी नेशन' (MOTN) सर्वे का डेटा सामने आ चुका है. सर्वे के आंकड़े लोकसभा चुनाव से जुड़े हैं. 15 जुलाई से 14 अगस्त के बीच हुए इस सर्वे के मुताबिक अगर आज की तारीख में लोकसभा चुनाव कराए जाएं तो बीजेपी 287 सीट जीतने की स्थिति में है. वहीं कांग्रेस सिर्फ 74 सीटें जीत सकती है. सर्वे की मानें तो नरेंद्र मोदी अभी भी प्रधानमंत्री पद के लिए सबसे बड़ी पसंद बने हुए हैं. सर्वे में शामिल 52 फीसदी लोग प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी को ही देखना चाहते हैं. वहीं केवल 16 फीसदी लोग राहुल गांधी को पीएम के रूप में पसंद करते हैं.

सर्वे में लोगों से कई तरह के सवाल पूछे गए जिनके आधार पर आंकड़े पेश किए गए हैं. सर्वे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परफॉर्मेंस को लेकर भी सवाल किया गया. 42 फीसदी लोग पीएम मोदी की परफॉर्मेंस से खुश नजर आए. वहीं 21 फीसदी लोगों ने उनकी परफॉर्मेंस को 'सम्मानजनक' बताया. 13 फीसदी लोगों ने पीएम की परफॉर्मेंस को औसत बताया है.

वहीं NDA की परफॉर्मेंस को लेकर किए गए सवाल पर 59 फीसदी लोगों ने खुशी जाहिर की. 14 फीसदी लोग ना तो NDA की परफॉर्मेंस से संतुष्ट हैं ना ही असंतुष्ट. 19 फीसदी लोग NDA की परफॉर्मेंस से असंतुष्ट या काफी असंतुष्ट दिखे.

कोरोना महामारी संभालना सबसे बड़ी उपलब्धि

केंद्र की मोदी सरकार की सफलताओं के बारे में भी लोगों से सवाल किए गए. पूछा गया कि NDA सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि क्या है? 21 फीसदी लोगों ने सरकार द्वारा कोरोना महामारी को संभालने के तरीके की तारीफ की है. 13 फीसदी लोग सरकार के भ्रष्टाचार के प्रति रवैये से खुश नजर आए. वहीं 12 फीसदी लोगों ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने को सरकार की उपलब्धि बताया. 11 फीसदी लोगों ने अयोध्या में राम मंदिर और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर को सरकार की उपलब्धि माना है. इसके अलावा 2 फीसदी लोगों ने सरकार की पाकिस्तान और चीन के प्रति विदेश नीति को उपलब्धि के रूप में देखा है.

सरकार कहां फेल हुई?

मूड ऑफ दी नेशन (MOTN) सर्वे में लोगों ने सरकार की असफलताओं पर भी वोट किया. 25 फीसदी लोगों के मुताबिक सरकार महंगाई रोकने में असफल हुई. वहीं 17 फीसदी लोगों ने बेरोजगारी को सरकार की असफलता बताया है. 5 फीसदी लोगों ने जातिगत हिंसा और दंगों को सरकार की असफलता बताया है.

देश में इस वक्त की सबसे बड़ी समस्या के बारे में जब लोगों से पूछा गया तो 24 फीसदी ने महंगाई को इस वक्त की सबसे बड़ी समस्या बताया. बेरोजगारी को इस वक्त की सबसे बड़ी समस्या के रूप में देखने वालों की संख्या 24 फीसदी है.

25 साल से 34 साल के बीच के 29 फीसदी लोग महंगाई को NDA सरकार की सबसे बड़ी असफलता बताते हैं. वहीं 17 फीसदी लोगों का मानना है कि राम मंदिर का निर्माण BJP को 2024 के लोकसभा चुनाव में फायदा पहुंचाएगा.

मणिपुर हिंसा के लिए कौन जिम्मेदार?

सर्वे में शामिल हुए लोगों से मणिपुर हिंसा को लेकर भी सवाल किया गया. करीब 30 फीसदी लोगों ने राज्य की हिंसा के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया. वहीं 25 फीसदी लोग बोले कि हिंसा के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है. वहीं 20 फीसदी लोगों ने हिंसा में शामिल दोनों पक्षों को जिम्मेदार ठहराया है.

मणिपुर की स्थिति को कैसे नियंत्रित किया जाए, इस पर भी लोगों से सवाल किया गया. 44 फीसदी लोगों ने कहा कि राज्य के सीएम को हटाया जाए और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाया जाए. 21 फीसदी लोग दोनों पक्षों के बीच फास्ट-ट्रैक सुनवाई किए जाने के पक्ष में दिखे. वहीं 20 फीसदी लोग हिंसा को रोकने के लिए फास्ट-ट्रैक न्यायिक जांच के पक्ष में थे.

बीजेपी और अडानी के बीच संबंध पर क्या बोले?

MOTN सर्वे में बीजेपी पर राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर भी सवाल किए गए. अडानी और दूसरे बड़े उद्योगपतियों का सरकार समर्थन करती है, इस सवाल पर 47 फीसदी लोगों ने हामी भरी. उनके मुताबिक सरकार अडानी और बाकी उद्योगपतियों का समर्थन करती है. वहीं 35 फीसदी लोगों ने कहा कि ऐसा नहीं है.

महिला पहलवानों के मुद्दे पर सरकार फेल

सर्वे के मुताबिक 49 फीसदी लोगों ने कहा कि सरकार महिला पहलवानों का मुद्दा ठीक से संभाल नहीं पाई. वहीं 37 फीसदी लोगों ने कहा कि सरकार ने इसे सही से हैंडल किया.

अब तक का सबसे अच्छा पीएम?

सर्वे में 43 फीसदी लोगों ने पीएम मोदी को अब तक सबसे अच्छा पीएम बताया है. 15 फीसदी लोग इंदिरा गांधी के पक्ष में थे. 12 फीसदी लोगों ने अटल बिहारी वाजपेयी के पक्ष में वोट किया. वहीं केवल 6 फीसदी लोगों ने जवाहर लाल नेहरू को सबसे अच्छा पीएम बताया.

पीएम मोदी के बाद बीजेपी का पीएम कैंडिडेट कौन हो सकता है? इस सवाल पर 29 फीसदी लोगों ने गृह मंत्री अमित शाह को वोट किया. वहीं 26 फीसदी लोग उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के पक्ष में थे. 15 फीसदी लोग नितिन गडकरी को पीएम के रूप में देखना चाहते हैं.

MOTN की पूरी जानकारी के लिए पढ़ें इंडिया टुडे हिंदी या लॉगिन करें https://www.indiatodayhindi.com  पर. 

वीडियो: चन्द्रयान -3 लैन्डिंग के बाद पीएम मोदी ने इसरो चीफ एस. सोमनाथ को फोन पर क्या कहा?

Advertisement

Advertisement

()