"मैं ओलंपिक्स में डिसक्वालिफाई होता तो...", योगेश्वर दत्त की बात विनेश फोगाट को बहुत बुरी लगेगी
Yogeshwar Dutt ने महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के मुद्दे को लेकर भी Vinesh Phogat पर आरोप लगाया. कहा कि विनेश ने भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व पदाधिकारियों के खिलाफ बहुचर्चित विरोध प्रदर्शन के दौरान पहलवानों को बहकाने की कोशिश की.

रेसलर विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) हरियाणा की जुलाना विधानसभा (Haryana Vidhan Sabha Election) सीट से अपना चुनावी डेब्यू कर रही हैं. जुलाना में विनेश लगातार रैलियों को संबोधित कर रही हैं. इस बीच ओलंपिक मेडलिस्ट योगेश्वर दत्त (Yogeshwar Dutt) का एक बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने विनेश फोगाट की आलोचना करते हुए कहा है कि पेरिस ओलंपिक्स के बाद उन्होंने जिम्मेदारी नहीं ली, बल्कि अपनी अयोग्यता के लिए दूसरों को दोषी ठहराया.
2012 के लंदन ओलंपिक्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले योगेश्वर ने कहा कि अगर उन्हें अयोग्य घोषित किया गया होता, तो वो पूरे देश से माफी मांगते. पंचायत आजतक हरियाणा 2024 इवेंट में शिरकत करने आए योगेश्वर ने कहा कि उन्हें आश्चर्य हुआ जब विनेश ने ओलंपिक्स में अयोग्य ठहराए जाने के बारे में 'षड्यंत्रकारी' बातें फैलाना शुरू कर दीं. उन्होंने यहां तक दावा कर दिया कि विनेश ने इस घटना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी दोषी ठहरा दिया. योगेश्वर ने कहा,
“उन्हें ओलंपिक्स में अयोग्य घोषित कर दिया गया था, उन्हें पूरे देश के सामने माफी मांगनी चाहिए थी और कहना चाहिए था कि उन्होंने गलतियां की हैं. लेकिन इसके बजाय उन्होंने इसे साजिश करार दिया और देश के प्रधानमंत्री तक पर आरोप लगाया. हर कोई जानता है कि उन्हें अयोग्य घोषित करना सही फैसला था. एथलीट्स को एक ग्राम अधिक वजन के लिए भी अयोग्य घोषित कर दिया जाता है.”
योगेश्वर ने महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के मुद्दे को लेकर भी विनेश फोगाट पर आरोप लगाया. कहा कि विनेश ने भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व पदाधिकारियों के खिलाफ बहुचर्चित विरोध प्रदर्शन के दौरान पहलवानों को बहकाने की कोशिश की. उन्होंने कहा,
‘‘उन्होंने देश में गलत माहौल बना दिया. यहां तक कि विरोध प्रदर्शन के दौरान भी लोगों को गलत तरीके से इकट्ठा होने के लिए कहा गया.’’
बता दें कि योगेश्वर दत्त की यह टिप्पणी विनेश द्वारा भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) और इसकी अध्यक्ष पीटी उषा के खिलाफ गंभीर आरोप लगाने के कुछ ही दिनों बाद आई है. फोगाट ने कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट (CAS) में सिल्वर मेडल के लिए अपनी अपील के दौरान पर्याप्त कानूनी सहायता प्रदान नहीं करने के लिए आईओए की आलोचना की थी. उनके प्रयासों के बावजूद, CAS ने उनके खिलाफ फैसला सुनाया था.
वीडियो: Vinesh Phogat ने PM Modi और Brijbhushan Sharan Singh पर क्या बोला

