ईरान के ड्रोन से निपटने के लिए US ने निकाला जुगाड़, यूक्रेन की ये बड़ी तकनीक सऊदी में तैनात
अमेरिका ने यूक्रेन की 'Sky Map' टेक्नोलॉजी को तैनात किया है. यह वही तकनीक है, जिसे यूक्रेन ने रूसी हमलों से बचने के लिए इस्तेमाल किया था. ‘स्काई मैप’ क्या है?

पश्चिम एशिया जंग में ईरान के ड्रोन हमलों से निपटने के लिए अमेरिका ने लाखों डॉलर खर्च किए. इसके बावजूद ईरानी ड्रोनों ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर भारी तबाही मचाई. अब अमेरिका ने यूक्रेन की ‘स्काई मैप’ (Sky Map) टेक्नोलॉजी को तैनात किया है. यह वही तकनीक है, जिसे यूक्रेन ने रूसी हमलों से बचने के लिए इस्तेमाल किया था.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन का बनाया हुआ 'स्काई मैप' एक एडवांस एंटी-ड्रोन सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म है, जिसका इस्तेमाल हमलों से पहले ड्रोन का पता लगाने, उन्हें ट्रैक करने और बेअसर करने के लिए किया जाता है. इसका मकसद ईरान के उन ड्रोनों से निपटना है, जो सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस को निशाना बना रहे थे.
रिपोर्ट के मुताबिक, हाल ही में यूक्रेन के सेना अधिकारी इस बेस पर पहुंचे थे, ताकि वे अमेरिकी सैनिकों को 'स्काई मैप' के इस्तेमाल की ट्रेनिंग दे सकें. यह टेक्नोलॉजी अपनी कम कीमत के लिए जानी जाती है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, यूक्रेनी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल यह दिखाता है कि अमेरिका के डिफेंस सिस्टम में कई कमियां मौजूद हैं और वह ईरान के ड्रोनों का मुकाबला नहीं कर सकता.
‘स्काई मैप’ क्या है?यूक्रेनी सेना स्काई मैप का इस्तेमाल आने वाले ड्रोन खतरों का पता लगाने के लिए करती है. इस तरह का प्लेटफॉर्म आने वाले खतरों का पता लगाने के लिए रडार और सेंसर से डेटा इकट्ठा करता है. यह आम तौर पर मैप और वीडियो फीड वाला एक डैशबोर्ड होता है. स्काई मैप बनाने वाली कंपनी ‘स्काई फोर्ट्रेस’ को 2022 में यूक्रेनी इंजीनियरों ने शुरू किया था. इसके बाद अमेरिका ने भी इसमें इनवेस्ट किया.
ये भी पढ़ें: रक्षा मंत्री के दावे की अमेरिकी सैनिक ने खोली पोल, कहा- ‘ईरानी हमले में 6 सैनिकों की मौत पर झूठ बोला’
'हमें उनकी मदद की जरूरत नहीं'एक महीने पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के उस ऑफर को सार्वजनिक रूप से ठुकरा दिया था, जिसमें उन्होंने ईरानी ड्रोन हमलों से निपटने में मदद की पेशकश की थी. ट्रंप ने 6 मार्च को फॉक्स न्यूज से कहा था, “हमें ड्रोन सुरक्षा के मामले में उनकी मदद की जरूरत नहीं है.” हालांकि, अब कहानी कुछ और ही निकल कर सामने आ रही है.
रिपोर्ट के मुताबिक, वाइट हाउस और पेंटागन ने इस मामले में पूछे गए सवालों को यूएस सेंट्रल कमांड के पास भेज दिया, जो प्रिंस सुल्तान एयर बेस की देखरेख करता है. सेंट्रल कमांड ने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है. वहीं, 'स्काई मैप' की मालिक कंपनी 'स्काई फोर्ट्रेस' ने भी इस पर कोई टिप्पणी नहीं की. जेलेंस्की के ऑफिस ने भी इस पर कोई जवाब नहीं दिया.
वीडियो: ईरान जंग में ट्रंप ने अब कौन सा ड्रोन उतार दिया?

