श्रीकांत त्यागी का एक और झूठ? गाड़ी पर लगा विधायक वाला स्टीकर नकली निकला!
स्वामी प्रसाद मौर्या पर विधायक पास दिलवाने का दावा किया था त्यागी ने, पुलिस जांच में बात खुली!

नोएडा (Noida) की ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी (Grand Omaxe Society) में महिला को गाली बकने वाला श्रीकांत त्यागी (Shrikant Tyagi) अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी पर जो फर्जी स्टिकर लगाकर घूम रहा था, वो फर्जी निकला है, ऐसी खबरें चल रही है. ये दावा बुधवार, 10 अगस्त को नोएडा पुलिस ने किया है. आजतक से जुड़े कुमार अभिषेक के मुताबिक, पुलिस की जांच में पता चला है कि श्रीकांत त्यागी ने जो स्टिकर अपनी गाड़ी पर लगाया था, उसे कभी सचिवालय से जारी ही नहीं किया गया था.
श्रीकांत त्यागी की गाड़ी के स्टिकर को लेकर क्या पता चला?आजतक के मुताबिक यूपी पुलिस के अधिकारियों ने बताया,
“श्रीकांत त्यागी की फॉर्च्यूनर गाड़ी पर लगा हुआ विधानसभा का पास पूरी तरीके से नकली है. विधानसभा प्रशासन ने गाड़ी पर लगे पास को स्कैन करने के बाद उसका नंबर चेक किया. तो पता लगा कि ये नंबर फर्जी है. इस पास पर लिखा है कि ये दिसंबर 2023 तक के लिए वैलिड है. जबकि विधानसभा सचिवालय से 2023 के पास जनवरी 2023 में इश्यू किए जाएंगे.”
ये भी बताया जा रहा है कि विधानसभा प्रशासन श्रीकांत की गाड़ी पर लगे इस फर्जी पास को लेकर जल्द ही एक FIR दर्ज करवाने की तैयारी में है.

नोएडा पुलिस ने मंगलवार, 9 अगस्त को श्रीकांत त्यागी की विधानसभा का स्टीकर लगी लग्जरी कार बरामद की थी. यह कार गौतमबुद्ध नगर जिले के याकूबपुर इलाके में मिली थी. पुलिस का कहना था कि श्रीकांत त्यागी नोएडा से इसी कार में बैठकर फरार हुआ था और फिर इस कार को छोड़कर वह आगे निकल गया था.
स्वामी प्रसाद मौर्या बोले- जब मुझे ही पास नहीं मिला तो श्रीकांत तक कैसे पहुंचा?श्रीकांत त्यागी से गिरफ्तारी के बाद जब पूछताछ की गई थी तो उसने बताया था कि उसे गाड़ी पर लगा पास सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्या ने दिया है. हालांकि, इसे लेकर मौर्या ने आजतक से साफ़ कहा कि ये आरोप पूरी तरह से गलत हैं. मौर्या के मुताबिक,
“पिछले 7-8 महीने से कोई पास ही नहीं बना है. मैं तो पिछले कई महीने से विधानसभा गया ही नहीं. 11 जुलाई को मैं एमएलसी बना, इसके बाद कोई पास नहीं बना. तो कहां से श्रीकांत त्यागी का पास बन गया. मैंने श्रीकांत त्यागी को कोई पास नहीं दिया. ये भाजपा का झूठ है, तिकड़म है. भाजपा अपनी गलती का ठीकरा मेरे ऊपर फोड़ना चाहती है.”
श्रीकांत त्यागी से संबंधों के बारे में पूछे जाने पर सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि जब वे बीजेपी में मंत्री थे तो भाजपा नेता के रूप में श्रीकांत त्यागी से मिले थे. इसके बाद उनकी श्रीकांत से कोई मुलाकात नहीं हुई.
वीडियो देखें : वाराणसी में भी सामने आया श्रीकांत त्यागी जैसे मामला

