CM योगी को धमकी देने वाला अरेस्ट, गर्लफ्रेंड के पापा को रास्ते से हटाने के लिए कांड कर डाला
धमकी देने वाला अपनी गर्लफ्रेंड के पापा से परेशान था

यूपी पुलिस ने सीएम योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस ने कानपुर के बाबू पुरवा इलाके से आमीन नाम के युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने 112 पर मैसेज कर सीएम योगी को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बाद लखनऊ पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी. जब आरोपी पकड़ा गया तो धमकी के पीछे दूसरी ही कहानी पता लगी.
आजतक से जुड़े सिमर चावला की एक रिपोर्ट के मुताबिक कानपुर पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि जिस फोन से धमकी वाला मैसेज आया था, उसके मालिक को पकड़ा. लेकिन, मोबाइल के मालिक ने बताया कि उसका मोबाइल 2 दिन पहले गायब हो गया था. पुलिस ने और जांच की तो कड़ियां आमीन से जाकर जुड़ीं.
आमीन ने सब सच बता दियाआमीन को पकड़ा गया तो उसने बताया कि दो दिन पहले उसने अपनी गर्लफ्रेंड के पिता का मोबाइल चोरी किया था और फिर उसी मोबाइल फोन से धमकी भरा मैसेज पुलिस को भेजा था. आमीन के मुताबिक वो अपनी गर्लफ्रेंड के पिता को पसंद नहीं करता है, क्योंकि वो उसके रिश्ते से नाखुश हैं. इसलिए उसने गर्लफ्रेंड के पिता को फंसाने की साजिश रची. और उनका मोबाइल चुराकर उससे सीएम को जान मारने की धमकी वाला मैसेज भेज दिया. कानपुर पुलिस का कहना है कि धमकी देने के पीछे आमीन का सिर्फ एक ही मकसद था कि उसकी गर्लफ्रेंड के पिता को फंसाकर उन्हें रास्ते से हटाया जा सके.
पुलिस का कहना है कि आमीन पर मोबाइल चोरी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. ज्वाइंट कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी का कहना है कि जांच में पता लगा है कि सीएम योगी आदित्यनाथ को सही मायने में धमकी देना आरोपी का उद्देश्य नहीं था. कानपुर पुलिस आमीन को बुधवार, 26 अप्रैल को कोर्ट में पेश करेगी, जहां से उसे जेल भेजा जाएगा.
वीडियो: उत्तर प्रदेश पुलिस ने डॉन श्रीप्रकाश शुक्ला को मारने के लिए सुनील शेट्टी की फोटो इस्तेमाल की

