UP: IT का छापा पड़ा, 4 दिन तक चली कार्रवाई फिर BSP के पूर्व MLA ने सरेंडर किए 100 करोड़
100 करोड़ रुपए सौंपने वाले जुल्फिकार अहमद भुट्टो की कंपनी का कई देशों में कारोबार है

जुल्फिकार अहमद भुट्टो (Zulfiqar Ahmed Bhutto). बहुजन समाज पार्टी (BSP) के पूर्व विधायक. 5 नवंबर को इनके ठिकानों पर आयकर विभाग (Income Tax Department) ने ताबड़तोड़ छापेमारी की थी. इतनी बड़ी छापेमारी कि 4 दिन लग गए कार्रवाई पूरी होने में. छापा पड़ने के बाद अब जुल्फिकार अहमद भुट्टो ने 100 करोड़ रुपए आयकर विभाग को सरेंडर किए हैं.
आजतक से जुड़े कुमार अभिषेक के मुताबिक 5 नवंबर की सुबह 9 बजे आयकर विभाग ने दिल्ली, मुंबई, आगरा, गाजियाबाद, कानपुर, अलीगढ़ और उन्नाव सहित 12 शहरों में जुल्फिकार के 35 ठिकानों पर एक साथ रेड मारी थी. छापेमारी के बाद आय से अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ था. सूत्रों के मुताबिक छापे के दौरान पता लगा था कि उनकी कंपनी के निदेशकों ने रियल स्टेट के बिजनेस में काला धन निवेश किया है. इस खुलासे के बाद पूर्व विधायक ने 100 करोड़ रुपए आयकर विभाग को सौंपने का फैसला किया.
क्या कारोबार है जुल्फिकार अहमद भुट्टो का?बता दें कि जुल्फिकार अहमद भुट्टो उत्तर प्रदेश के आगरा से बहुजन समाज पार्टी के 2007 में विधायक रह चुके हैं. भुट्टो मीट के बड़े कारोबारी भी हैं और HMA कंपनी के मालिक भी हैं. भुट्टो की एचएमए कंपनी देश में मीट निर्यात करने वाली कंपनियों में से टॉप फाइव में शामिल है. उत्तर प्रदेश के आगरा, कानपुर, उन्नाव, अलीगढ़ के अलावा दिल्ली और मुंबई में भी कंपनियां हैं.
छापे के बाद भुट्टो के समर्थन में कई मुस्लिम नेता उतरे थे. आजतक के मुताबिक अखिल भारतीय मुस्लिम विकास परिषद के अध्यक्ष सामी अघई ने कहा था कि केंद्र और राज्य सरकारें विपक्षी पार्टी के नेताओं और उनके समर्थकों को परेशान करने के लिए ईडी, सीबीआई और आयकर जैसी सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है. उनके मुताबिक ये कार्रवाई डर पैदा करने के लिए की गई है.
वीडियो: "हर हर शंभू" वाली फरमानी नाज़ का भाई लूट के केस में पकड़ाया, बाप-जीजा फरार!

.webp?width=60)

