The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • untrained driver rams into wedding procession killed two in shivpuri madhya pradesh shivpuri

ड्राइवर बारात में नाचने गया, जिसे चाबी थमाई उसने गाड़ी से बारातियों को कुचल दिया

बारात में 30-40 लोग नाच रहे थे. आरोपी को गाड़ी चलानी ही नहीं आती थी.

Advertisement
pic
24 फ़रवरी 2023 (अपडेटेड: 24 फ़रवरी 2023, 12:54 PM IST)
file image
सांकेतिक फोटो. (इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक शख्स ने बारात में नाच रहे लोगों को जीप से कुचल दिया. घटना बीती 22 फरवरी की है जिसकी जानकारी अब सामने आई है. अब तक हुई जांच के आधार पर बताया गया है कि जीप चला रहे शख्स को गाड़ी चलानी ही नहीं आती थी. उससे जीप संभली नहीं और उसने बारात में गाड़ी घुसा दी. वहां डीजे पर कई लोग नाच रहे थे. आरोपी की गाड़ी उन्हीं से टकराई जिससे दो लोगों की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए.

कैसे हुआ हादसा?

न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक जिले के श्यामपुर इलाके से एक बारात पूरे गाजे बाजे के साथ खतौरा गांव पहुंची थी. बारात में शामिल लोग डीजे में बज रहे गानों की धुन पर नाच रहे थे. नाचने वालों की संख्या 30 से 40 बताई गई है. तभी बारात में ही शामिल जीप चला रहे ड्राइवर का भी मन नाचने का हुआ. वो उतर कर नाच रहे बारातियों में शामिल हो गया. जाने से पहले उसने अपने किसी जानने वाले को गाड़ी थमा दी. लेकिन जिस शख्स को चाबी थमाई उसे ठीक से गाड़ी चलाना आता ही नहीं था. 

खबर के मुताबिक ड्राइवर सीट संभालने के बाद उस शख्स ने किसी तरह थोड़ी दूर तक धीरे-धीरे गाड़ी चलाई. लेकिन अचानक ही उसने एक्सीलेटर को जोर से दबा दिया और गाड़ी ने रफ्तार पकड़ ली. आरोपी से गाड़ी संभली नहीं और तेज रफ्तार में ही बारातियों पर चढ़ा दी. इससे दो लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने क्या बताया?

शिवपुरी जिले के इन्दार पुलिस थाने के इंचार्ज केएन शर्मा ने पुष्टि की है कि जीप से ही बारातियों को टक्कर मारी गई. उन्होंने बताया कि बुधवार रात को बारात में 30-40 लोग नाच रहे थे. उसी दौरान बारात में ही शामिल एक जीप ने कई लोगों को कुचल दिया. एसएचओ ने आगे बताया कि गाड़ी चला रहे शख्स को गाड़ी चलानी नहीं आती थी. घायलों में से तीन की हालत गंभीर है. घटना के तुरंत बाद ही उनको इलाज के लिए शिवपुरी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया था. आरोपी से पूछताछ की जा रही है. 

वीडियो: मध्य प्रदेश के खरगोन में जमीन विवाद में दलित महिला को पीटा, घंटों बंधे रहे हाथ

Advertisement

Advertisement

()