दिल्ली की सीमापुरी में ट्रक ने कई लोगों को कुचला, चार की मौत
पीड़ित सीमापुरी की डीटीसी डिपो रेडलाइट के पास रोड डिवाइडर पर सो रहे थे. उसी दौरान वहां से गुजर रहे अनजान ट्रक ने उन्हें कुचल दिया.

दिल्ली के सीमापुरी इलाके में एक ट्रक ने कई लोगों को कुचल दिया. इस हादसे में कम से कम चार लोगों के मारे जाने की खबर है. दो लोग घायल हुए हैं. घटना 20-21 सितंबर की दरम्यानी रात हुई. पीड़ित सीमापुरी की डीटीसी डिपो रेडलाइट के पास रोड डिवाइडर पर सो रहे थे. उसी दौरान वहां से गुजर रहे अनजान ट्रक ने उन्हें कुचल दिया.
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. एक को अस्पताल में मृत घोषित किया गया, जबकि चौथे की इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं दोनों घायलों का इलाज किया जा रहा है. पीड़ितों को कुचलने के बाद ट्रक का ड्राइवर फरार हो गया. ट्रक की भी कोई जानकारी फिलहाल नहीं मिली है. दिल्ली पुलिस ने बताया कि हादसा देर रात करीब दो बजे हुआ है. ट्रक को ट्रेस करने के लिए कई टीमें बना दी गई हैं. साथ ही आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है.
पुलिस ने हादसे का शिकार हुए लोगों के नाम भी जारी किए हैं. मृतकों में 52 वर्षीय करीम, 25 वर्षीय छोटे खान, 38 साल के शाह आलम और 45 साल के राहुल शामिल हैं. वहीं घायल हुए दो युवकों के नाम मनीष (16) और प्रदीप (30) बताए गए हैं. आजतक से जुड़े रोहताश यादव की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों युवकों का दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है. उनकी हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है.
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि ट्रक तेज रफ्तार से आ रहा था. उसकी टक्कर से डिवाइडर पर लगा खंभा भी उखड़ गया. फिलहाल इलाके के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं ताकि ट्रक का पता लगा सकें.
चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मी पर ट्रक चढ़ाया, मौत हो गई

.webp?width=60)

