'उड़ता पंजाब' का गाना आया 'चिट्टा वे', लेकिन चिट्टा का मतलब क्या?
'उड़ता पंजाब' का पहला गाना सुनो. अबकी गर्मी हर डांस पार्टी में बजेगा ये गाना.

'इश्किया' अौर 'डेढ़ इश्किया' वाले अभिषेक चौबे की नई फिल्म 'उड़ता पंजाब' का पहला गाना आ गया है. गाने में रैप भी है अौर रॉकस्टार भी. शाहिद कपूर उर्फ रॉकस्टार टॉमी सिंह ने स्टेज पर ही ट्रक लगवा लिया है अौर बोनट पर चढ़कर नाच रहे हैं. गाने में रैप सिंगर बाबू हाबी का है. एकदम बाली ब्रह्मभट्ट अौर बाबा सहगल की तरह रैप गाते हैं. 2000 के बाद पैदा हुए बालक जिनके लिए ये नाम अपरिचित हैं, वे अपने भैय्या लोगों से पता करें.
गाना है 'चिट्टा वे'.
फिल्म में अमित त्रिवेदी का म्यूजिक है. फिल्म के संगीत का बहुत बेसब्री से इंतजार था. क्योंकि अमित त्रिवेदी अौर पंजाब का परिवेश जब मिलते हैं तो 'देव डी' अौर 'लव शव ते चिकन खुराना' जैसा कमाल संगीत जन्म लेता है. 'उड़ता पंजाब' के गानों के लेखन से भी वरुण ग्रोवर, शैली का नाम जुड़ा है. इसके साथ फिल्म में गाने के रूप में क्लासिक पंजाबी कवि शिव कुमार बटालवी की कविताअों का भी इस्तेमाल किया गया है. याद हो, इससे पहले इरशाद कामिल भी फिल्म 'लव आजकल' में 'आज दिन चढ़या, तेरे रंग वरगा' लिखकर बटालवी को ट्रिब्यूट दे चुके हैं. वो गाना भी गजब पसंद किया गया था.
इसी वजह से आने वाले गानों का इंतजार अौर बढ़ जाता है.
लेकिन ये 'चिट्टा' क्या है? क्या ये 'माही वे' वाले माही अौर 'सजना वे' वाले सजना का मौसेरा भाई है? तो क्या ये प्रेम गीत है? फिल्म की पृष्ठभूमि अौर गाने के अन्त में दिख रहे विजुअल तो कुछ अौर ही इशारा कर रहे हैं. हमारे दोस्त अौर पंजाब एक्सपर्ट रजत ने आखिर हमें कोड वर्ड का असल अर्थ बताया. 'चिट्टा वे' में चिट्टा तो वही 'चिट्टियां कलाइयां' वाला है, जिसका अर्थ होता है व्हाइट. लेकिन यहां चिट्टा का अर्थ है व्हाइट पाउडर, याने ड्रग्स. पंजाब में ड्रग्स के लिए यही कोड वर्ड चलता है. फिल्म की कहानी पंजाब में गहराई तक फैले इसी ड्रग्स के मकड़जाल के चारों तरफ बुनी गई है.
गाने के मारक बोल सुनें −
जिन्दगी चिल्ल है ya
कियो, जियो speed विच
आजादी लिपटी
मजा है सारा veed विच
फिल्म के लेखक 'एन एच 10' वाले सुदीप शर्मा हैं. फिल्म में शाहिद कपूर के साथ आलिया भट्ट, करीना कपूर भी हैं अौर इनके साथ पंजाबी स्टार दलजीत दोसांझ भी. फिल्म की रिलीज 17 जून को शेड्यूल है. अब फौरन गाना सुनें.
https://www.youtube.com/watch?v=XhypXqLR9co
