The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Turkey-Syria earthquake death toll nears 20 thousand rescue work continues

तुर्की-सीरिया भूकंप: मरने वालों का आंकड़ा 20 हजार तक पहुंचा, अभी भी दबे हैं हजारों लोग

राहत और बचाव कार्य जारी है.

Advertisement
pic
9 फ़रवरी 2023 (अपडेटेड: 9 फ़रवरी 2023, 11:15 PM IST)
Turkey-Syria earthquake
दोनों देशों में रेस्क्यू का काम चल रहा है (फोटो- रॉयटर्स)
Quick AI Highlights
Click here to view more

तुर्की और सीरिया में आए भूकंप (Turkey Syria Earthquake) में मरने वालों की संख्या 20 हजार के करीब पहुंच गई है. भूकंप के कारण हुई तबाही के बाद से रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है. बिल्डिंग के मलबों से लाशों का निकलना जारी है. 

मीडिया संस्थान, अल जज़ीरा की रिपोर्ट के मुताबिक भूकंप से तुर्की में अब तक 16 हजार 546 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. वहीं, सीरिया में अब तक कुल 3 हजार 162 लोगों की मौत की खबर है. दोनों ही देशों में आने वाले दिनों में ये संख्या बढ़ने की आशंका है. भूकंप से हुई तबाही को देखते हुए तुर्की सरकार ने अगले तीन महीने के लिए इमरजेंसी लगाने का फैसला किया है.

संयुक्त राष्ट्र सहायता प्रमुख करेंगे दौरा

अल जज़ीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र के सहायता प्रमुख मार्टिन ग्रिफ़िथ इस हफ्ते अंत में तुर्की के गाज़ियांटेप और सीरिया के अलेप्पो और दमिश्क का दौरा करेंगे. वो ये पता लगाने के लिए जाएंगे कि कैसे संयुक्त राष्ट्र दोनों देशों में अपनी सहायता बढ़ा सकता है. ये बात संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने बताई है.

गुटेरेस ने उत्तर पश्चिमी सीरिया तक और ज्यादा सहायता पहुंचाने पर भी जोर दिया है. गुटेरेस ने बताया,

“हमें सबसे पहले लोगों को बचाने पर जोर देना चाहिए. सड़कें क्षतिग्रस्त हैं. लोग मर रहे हैं. सभी प्रभावित क्षेत्रों में सहायता का सामान और सहायता कर्मियों को पहुंचाने का रास्ता तलाशने का समय है.”

इससे पहले 6 फरवरी को 24 घंटे के अंदर तुर्की में तीन अलग-अलग भूकंप आए थे. रिक्टर पैमाने पर इनकी तीव्रता 7.8, 7.5 और 6.0 मापी गई थी. पहले भूकंप का केंद्र गाज़ियांटेप, दूसरे का काहरामानमारस और तीसरे का गोकसुन इलाका था. तुर्की में 1999 के बाद आया ये अब तक का सबसे जानलेवा भूकंप है. उस भूकंप में 17 हजार से भी ज्यादा लोग मारे गए थे.

वीडियो: दुनियादारी: तुर्किए और सीरिया में भूकंप से भारत को क्या सीखने की ज़रूरत है?

Advertisement

Advertisement

()