The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Trump calls India abuser of import tariffs says PM Modi is fantastic ahead of meet

PM मोदी की तारीफ, भारत की आलोचना, प्रधानमंत्री के अमेरिका दौरे से पहले ट्रंप ने बड़ा आरोप लगा दिया

डॉनल्ड ट्रंप ने भारत को व्यापार संबंधों का 'बहुत बड़ा दुरुपयोग करने' वाला बताया. उन्होंने भारत पर आयात शुल्क का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है.

Advertisement
pic
18 सितंबर 2024 (अपडेटेड: 18 सितंबर 2024, 07:26 PM IST)
Trump calls India abuser of import tariffs says PM Modi is fantastic ahead of meet
पीएम नरेंद्र मोदी 21 से 23 सितंबर तक अमेरिका के दौरे पर रहेंगे. (फोटो- रॉयटर्स)
Quick AI Highlights
Click here to view more

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते अमेरिका दौरे पर रहेंगे. इस दौरे पर पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप (Modi-Trump meet) से भी उनकी मुलाकात तय है. इस मुलाकात से पहले ट्रंप ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें एक ‘शानदार’ इंसान बताया. लेकिन उन्होंने भारत पर तंज कसा है. ट्रंप ने भारत को व्यापार संबंधों का 'बहुत बड़ा दुरुपयोग करने' वाला बताया. उन्होंने भारत पर आयात शुल्क का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है.

अमेरिका में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए पूर्व राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप मिशिगन में एक रैली को संबोधित कर रहे थे. यहां उन्होंने अपने भाषण में पीएम मोदी को एक शानदार इंसान बताया. इसी रैली में उन्होंने व्यापार संबंधों को लेकर भारत की आलोचना की. इंडिया टुडे से जुड़े अखिलेश नागरी की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने कहा,

“भारत आयात शुल्क का दुरुपयोग करता है. भारत आयात पर भारी शुल्क लगाता है. इन देशों के पास सबसे तेज दिमाग है. ये लोग बिल्कुल भी पीछे नहीं हैं. ये अपने गेम में सबसे आगे है, और वो इसका इस्तेमाल हमारे खिलाफ करते हैं. भारत भी सख्त है. ब्राजील बहुत सख्त है. चीन सबसे ज्यादा सख्त है.”

ट्रंप ने आगे बताया कि अगर वे चुनाव जीतते हैं, तो अमेरिका रेसिप्रोकल ट्रेड पॉलिसी लागू करेगा. उन्होंने कहा,

“अगर कोई हम पर 10 पैसे आयात शुल्क लगाएगा या दो डॉलर या 250 प्रतिशत शुल्क लगाएगा, तो हम भी उनसे उतना ही आयात शुल्क वसूलेंगे. फिर क्या होगा? या तो सब कुछ बैलेंस हो जाएगा, जिससे फ्री ट्रेड होने लगेगा. या हमें ढेर सारा रेवेन्यू मिलेगा.”

PM मोदी का अमेरिका दौरा

बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी 21 से 23 सितंबर तक अमेरिका के दौरे पर रहेंगे. वे सालाना QUAD शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे. इसकी मेजबानी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन डेलावेयर में करेंगे. अपनी विजिट के दौरान पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में 'Summit of the Future' को भी संबोधित करेंगे. विदेश मंत्रालय के अनुसार, पीएम मोदी 22 सितंबर को न्यूयॉर्क में भारतीय मूल के लोगों से भी मुलाकात करेंगे.  

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की आखिरी मुलाकात फरवरी 2020 में हुई थी. तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप भारत दौरे पर आए थे. पीएम मोदी ने अहमदाबाद में उनके स्वागत के लिए एक बड़ी रैली आयोजित की थी. पीएम मोदी ने इस मुलाकात को दोनों देशों के बीच संबंधों को बढ़ावा देने वाला एक महत्वपूर्ण क्षण बताया था.

इसके एक साल पहले 2019 में नरेंद्र मोदी ने अमेरिका का दौरा किया था. इस दौरान टेक्सास में 'हाउडी मोदी' रैली में ट्रंप भी शामिल हुए थे. रैली में 50,000 लोगों से ज्यादा लोगों की मौजूदगी में दोनों नेताओं ने मंच से एक दूसरे की जमकर तारीफ की थी.

वीडियो: दुनियादारी: डोनाल्ड ट्रंप पर हमला करने वाले का पुतिन से कनेक्शन पता चला!

Advertisement

Advertisement

()