VIDEO: भागने की फिराक में था आतंकी, रेंगकर हथियार उठाने जा रहा था, जवानों ने ढेर किया
सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिली थी. 13 सितंबर की देर रात जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना की 29 राष्ट्रीय राइफल्स और CRPF की एक संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया था.

जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षाबलों ने 14 सितंबर को तीन आतंकवादियों को मार गिराया था. सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ पट्टन के चक टपर क्रीरी इलाके में हुई. अब इस मुठभेड़ का वीडियो सामने आया है.
आजतक के मीर फरीद की रिपोर्ट के मुताबिक, ड्रोन कैमरा से रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि आतंकी फायरिंग करने के बाद भागने की फिराक में था. लेकिन सुरक्षाबलों ने उसे घेर लिया और गोलियां बरसाना शुरू कर दिया. इससे आतंकी घायल होकर जमीन पर गिर गया. वह जैसे ही गिरा उसके हाथ से हथियार छूट गया. उसने रेंगते हुए बंदूक उठाई, लेकिन सुरक्षाबलों की गोलियों की बौछार से वह ढेर हो गया.
रिपोर्ट के अनुसार, उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के इस इलाके में 13-14 सितंबर की रात घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया था. जहां आतंकी और सुरक्षाबलों के बीच 14 सितंबर को मुठभेड़ हुई थी. बारामूला जिले में सुरक्षाबलों के साथ रातभर चली मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए थे.
सूत्रों ने बताया कि मारे गए तीनों आतंकवादी एक स्कूल की इमारत के पास छिपे हुए थे. आतंकवादियों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है. साथ ही, इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि वे किस संगठन से जुड़े थे. अधिकारियों ने इस ऑपरेशन को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक महत्वपूर्ण सफलता बताई है. उत्तरी कश्मीर जिले के पट्टन इलाके में चक टापर क्रीरी गांव में अभियान के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए सेना की 10 सेक्टर राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडर ब्रिगेडियर संजय कन्नोथ ने कहा कि सुरक्षाबलों को क्रीरी में आतंकवादियों की गतिविधि के बारे में इनपुट मिल रहे थे.
पीटीआई के ब्रिगेडियर संजय कन्नोथ ने कहा,
‘हमें खुफिया एजेंसियों से चक टापर में कुछ अज्ञात आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में विशेष जानकारी मिली थी. इसके बाद संदिग्ध स्थान पर घेराबंदी की गई थी. ब्रिगेडियर कन्नोथ ने कहा कि एक खाली पड़ी इमारत में छिपे आतंकवादियों ने हमारी टुकड़ियों पर गोलीबारी की. इसके बाद हमने जवाबी गोलीबारी की. इलाके की घेराबंदी की गई और अतिरिक्त सुरक्षाबल भेजा गया. आतंकवादियों ने रातभर सैनिकों पर लगातार भारी गोलीबारी जारी रखी, जिसका प्रभावी ढंग से जवाब दिया गया.’
सेना अधिकारी ने बताया कि सैनिकों ने बहुत ही पेशेवर तरीके से आतंकवादियों से मुकाबला किया और नागरिकों की जान-माल को कोई नुकसान पहुंचाए बिना उन्हें मार गिराया. अधिकारी ने जानकारी दी कि अभियान में तीन आतंकवादियों को मार गिराया गया और बड़ी मात्रा में युद्ध-जैसी सामग्री बरामद की गई. उन्होंने कहा कि आतंकवादियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. जम्मू कश्मीर में आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए यह अभियान काफी अहम था और सुरक्षाबलों के लिए ये एक बड़ी सफलता है.
वीडियो: एक्सप्रेस-वे पर हवा में उछली कार, ठेकेदार पर 50 लाख जुर्माना

