'पवार' पर फेसबुक पोस्ट के लिए मराठी एक्ट्रेस गिरफ्तार, शरद पवार बोले, 'मुझे कुछ नहीं पता'
केतकी को जब पुलिस गिरफ्तार करके ले जा रही थी, उस दौरान कलंबोली पुलिस स्टेशन के बाहर NCP की महिला कार्यकर्ताओं ने उन पर काली स्याही और अंडे फेंके.

महाराष्ट्र पुलिस ने एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट लिखने के कारण मराठी अभिनेत्री केतकी चितले (Ketaki Chitale) को गिरफ्तार किया है. केतकी ने शुक्रवार, 13 मई को फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर किया था. हालांकि ये पोस्ट किसी और की लिखी हुई थी. फेसबुक पोस्ट पर केतकी के खिलाफ NCP कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग जगहों पर 5 केस दर्ज करा दिये. रविवार 15 मई को ठाणे कोर्ट ने केतकी को 18 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया.
क्या है फेसबुक पोस्ट में?केतकी ने जो पोस्ट शेयर किया, वो मराठी में लिखी हुई है. उसमें शरद पवार का सीधे तौर पर नाम नहीं है. पवार सरनेम और 80 साल उम्र जरूर लिखा है. शरद पवार भी 81 साल के हैं. पोस्ट का लब्बोलुआब कुछ इस तरह है,
"तुकाराम कहते हैं, अरे पवार, 80 साल के हो गए हो... नरक तुम्हारा इंतजार कर रहा है. 17 बार लार टपकती है. स्वामी समर्थ को उल्टा सीधा बोलते हो, वो तो तुम्हारे बाप के बाप हैं. तू कौन है. तुम्हारे पाप का घड़ा भर गया है. फ्री का खा-खाकर मुंह टेढ़ा हो गया है."
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, 29 साल की चितले को ठाणे पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नवी मुंबई से गिरफ्तार किया. शनिवार शाम केतकी को जब पुलिस गिरफ्तार करके ले जा रही थी, उस दौरान कलंबोली पुलिस स्टेशन के बाहर NCP की महिला कार्यकर्ताओं ने उन पर काली स्याही और अंडे फेंके.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एनसीपी नेता स्वप्निल नेतके की शिकायत पर कलवा पुलिस स्टेशन में केतकी के खिलाफ FIR दर्ज की गई. केतकी के खिलाफ IPC की धाराओं 500, 501, 505(2), 153 (A) के तहत मामला दर्ज किया गया. आरोप लगाया कि अभिनेत्री ने शरद पवार के खिलाफ आपत्तिजनक कंटेंट पोस्ट की और यह पोस्ट राज्य में दो राजनीतिक दलों के बीच संबंधों को और खराब कर सकती है.
Maharashtra | One more case under sections 153A, 500, 501 and 504, 506 and 34 of IPC has been registered against Marathi actress Ketaki Chitale at Bhoiwada police station in Mumbai
A total of 5 cases have been registered against her so far.
— ANI (@ANI) May 15, 2022
कई जगहों पर केस दर्ज
ठाणे के अलावा केतकी के खिलाफ पुणे, धुले और मुंबई के पवई पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किए गए हैं. एनसीपी पुणे जिला निरीक्षक कविता आल्हाट ने भी चितले के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. वहीं धुले में एनसीपी जिला अध्यक्ष किरण शिंदे की शिकायत पर केतकी के अलावा नितिन भावे के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया. इस विवादित फेसबुक पोस्ट को कथित रूप से नितिन भावे ने लिखा था.
इस बीच, जब शनिवार को शरद पवार से नांदेड़ में इस मामले पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वे केतकी को नहीं जानते और उन्हें इसके बारे में कुछ पता नहीं है कि उसने सोशल मीडिया पर क्या लिखा है.
राजनीतिक दलों ने की आलोचनाहालांकि केतकी की पोस्ट की सभी राजनीतिक दलों ने आलोचना की है. पूर्व सीएम और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वो इस तरह की अपमानजनक टिप्पणी का कभी समर्थन नहीं करेंगे. उन्होंने कहा,
"हमारे बीच राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं लेकिन इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए."
वहीं महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने भी इसके खिलाफ एक बयान जारी कर दिया. उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा और विचार की महाराष्ट्र में कोई जगह नहीं है. ऐसे दो-तीन लोग समुदाय के भीतर दुश्मनी पैदा करते हैं. ठाकरे ने कहा राज्य सरकार को इसकी जांच करनी चाहिए और असली दोषियों को पकड़ना चाहिए.
एनसीपी चीफ शरद पवार ने क्यों कहा, 'ये गोवा, कर्नाटक और मणिपुर नहीं, महाराष्ट्र है'

