तहव्वुर राणा का 'पाकिस्तानी विक्टिम कार्ड' फेल, अमेरिकी कोर्ट ने 26/11 के आरोपी की याचिका खारिज कर दी
Tahawwur Rana Extradition: तहव्वुर राणा ने प्रत्यर्पण से बचने के लिए अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी. जिसमें राणा ने अपील की थी कि उसे भारत प्रत्यर्पण किए जाने पर इमरजेंसी रोक लगाई जाए.

26/11 आतंकी हमले में शामिल आरोपी तहव्वुर राणा की याचिका को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है (Tahawwur Rana Extradition). उसने अपील की थी कि उसे भारत प्रत्यर्पित किए जाने पर आपातकालीन (इमरजेंसी) रोक लगाई जाए. तहव्वुर राणा ने अपनी याचिका में कहा था कि पाकिस्तान मूल का मुस्लिम होने की वजह से उसे भारत में बहुत अधिक प्रताड़ित किया जाएगा. हालांकि, जस्टिस एलेना कगन ने तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण पर रोक लगाने से इनकार कर दिया.
याचिका में क्या कहा था?
आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, याचिका में तहव्वुर राणा ने कहा था कि अगर उसे भारत प्रत्यर्पित किया जाता है, तो उसे प्रताड़ित किया जाएगा और वह भारत में ज्यादा समय तक जीवित नहीं रह पाएगा. याचिका में उसने कहा,
"ह्यूमन राइट्स वॉच 2023 की वर्ल्ड रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की BJP सरकार धार्मिक अल्पसंख्यकों, विशेष रूप से मुस्लिमों, के साथ भेदभाव करती है. भारत की सरकार लगातार तानाशाही होती जा रही है और इसके पर्याप्त कारण हैं कि भारत सरकार को सौंपे जाने पर मुझे प्रताड़ित किया जाएगा."
तहव्वुर राणा ने यह भी दावा किया कि वह कई तरह की बीमारियों से जूझ रहा है, जिनमें पार्किंसंस की समस्या भी शामिल है.
ट्रंप ने किया था एलान
PM मोदी के दो दिवसीय अमेरिकी दौरे के दौरान, तत्कालीन राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने तहव्वुर राणा को भारत प्रत्यर्पित करने का एलान किया था. जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने कहा था कि उसे न्याय का सामना करना पड़ेगा. भारत लंबे समय से तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा था.
इससे पहले, पिछले साल नवंबर में भी उसने प्रत्यर्पण के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दायर की थी, जिसे अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया था.
ये भी पढ़ें: कौन है 26/11 हमले में शामिल तहव्वुर राणा? जिसे ट्रंप ने भारत को सौंपने का एलान किया
कौन है तहव्वुर राणा?तहव्वुर राणा का जन्म जनवरी 1962 में पाकिस्तान के साहीवाल में हुआ था. उसने मेडिकल की डिग्री प्राप्त की और फिर पाकिस्तान आर्मी की मेडिकल कोर में नौकरी कर ली. उसकी पत्नी भी डॉक्टर थी. 1997 में दोनों पति-पत्नी कनाडा शिफ्ट हो गए. 2001 में उन्हें कनाडा की नागरिकता मिल गई.
पाकिस्तान मूल का तहव्वुर राणा फिलहाल लॉस एंजिल्स के एक मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में बंद है. तहव्वुर राणा आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली का बचपन का दोस्त है. हेडली 26/11 हमले का मुख्य साजिशकर्ता था, जिसकी मदद तहव्वुर राणा ने की थी.
वीडियो: 26/11 Attack: अमेरिका ने तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण को दी मंजूरी, क्या बोले डॉनल्ड ट्रंप?

.webp?width=60)

