"हिंदू राष्ट्र बनने दो, फिर इनको..."- निलंबित BJP विधायक टी राजा सिंह का एक और भड़काऊ बयान
असदुद्दीन ओवैसी ने इज़रायल-हमास युद्ध में फ़िलिस्तीन का समर्थन करते हुए इज़रायल को इस हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहराया था. इस पर टी राजा ने पलटवार करते हुए भारत और इज़रायल का झंडा लहराते हुए इज़रायल का समर्थन किया है.

तेलंगाना में BJP के निलंबित विधायक टी राजा सिंह ने एक बार फिर से भड़काऊ (T Raja Singh Hate Speech) बयान दिया है. टी राजा ने इज़रायल-हमास युद्ध पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के फ़िलिस्तीन समर्थन को लेकर भी निशाना साधा है.
इंडिया टुडे से जुड़े पत्रकार Rohit Walke की एक रिपोर्ट के अनुसार टी राजा ने कहा, "अगर मैं विधायक नहीं रहूंगा तो चुनचुनकर मारूंगा."
महाराष्ट्र के अहमदानगर में एक रैली को संबोधित करते हुए टी राजा ने आगे कहा, "मैं जेल जाने से नहीं डरता हूं. अभी तक तो चुप था क्योंकि विधायक हूं. अगर हार गया तो लव जिहादियों को खुलकर फोड़ूंगा. हम मर्द हैं. इतिहास मर्द लिखते हैं सिर्फ"
इससे पहले, असदुद्दीन ओवैसी ने इज़रायल-हमास युद्ध में फ़िलिस्तीन का समर्थन करते हुए इज़रायल को इस हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहराया था. इस पर टी राजा ने पलटवार करते हुए भारत और इज़रायल का झंडा लहराते हुए इज़रायल का समर्थन किया है. टी राजा ने कहा कि हिंदू राष्ट्र बनने दो, उसके बाद इनको हम पिंजरे में बांधकर पाकिस्तान भेजेंगे.
ये भी पढ़ें- टी राजा सिंह के रामनवमी जुलूस में गोडसे की फोटो क्यों थी?
टी राजा सिंह ने औरंगजेब की कब्र की ओर इशारा करते हुए कहा,
'अफजल खान की कब्र जैसे तोड़ी थी. वैसे ही संभाजीनगर में भी एक कब्र है. उसकी कब्र भी उखाड़ना है और वहां पर एक शौचालय बनाना है.'
दरअसल, 30 नवंबर को तेलंगाना में विधानसभा चुनाव होना है. मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसे कयास लगाये जा रहे हैं कि BJP टी राजा का निलंबन वापस ले सकती है. हालांकि, यह पहला मौका नहीं है जब टी राजा ने भड़काऊ भाषण दिया है. इसी साल मार्च महीने में मुंबई में एक रैली को संबोधित करते हुए भी उन्होनें भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया था. पिछले साल अगस्त महीने में भी टी राजा ने पैगंबर मोहम्मद पर विवादित बयान दिया था. जिसके बाद बीजेपी ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था.

