The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Sonali Phogat death Goa club owner arrested drugs seized from bathroom

सोनाली फोगाट ने PA के साथ रेंट पर लिया था फ्लैट, PA पर परिवार का संपत्ति हड़पने का आरोप

गोवा जाने से पहले सोनाली और सुधीर सांगवान इस फ्लैट में गए भी थे.

Advertisement
pic
27 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 27 अगस्त 2022, 01:54 PM IST)
Sonali Phogat
BJP नेता सोनाली फोगाट (फोटो- फेसबुक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

सोनाली फोगाट (Sonali Phogat) की मौत के केस में कई नई जानकारियां सामने आ रही हैं. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक सोनाली फोगाट ने सुधीर सांगवान के साथ मिलकर गुरुग्राम में एक फ्लैट रेंट पर लिया था. यह फ्लैट सेक्टर-102 में है. रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सुधीर सांगवान ने जब फ्लैट रेंट पर लिया तो वहां रह रहे लोगों को बताया कि सोनाली फोगाट उनकी पत्नी है. पुलिस वेरिफिकेशन भी करवाया गया था. गोवा जाने से पहले सोनाली और सुधीर सांगवान इस फ्लैट में भी आए थे.

इधर, सोनाली फोगाट के परिवारवालों ने आरोप लगाया कि उनकी संपत्ति हड़पने की कोशिश में शायद हत्या की गई है. 2019 में चुनावी हलफनामे के मुताबिक सोनाली की संपत्ति दो करोड़ 74 लाख रुपये थी. सोनाली के भाई रिंकू ढाका ने अपनी शिकायत में बताया कि सुधीर रोहतक का रहने वाला है और सुखविंदर भिवानी का रहने वाला है. दोनों 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान सोनाली से मिले थे. सोनाली के पति संजय फोगाट की मौत 2016 में हो गई थी, अब सोनाली की मौत के बाद उनके परिवार में उनकी बेटी ही हैं.

सोनाली फोगाट की 22 अगस्त और 23 अगस्त के बीच रात को नॉर्थ गोवा के अंजुना में संदिग्ध रूप से मौत हुई थी. शुरुआत में खबरें आईं कि उनकी मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है. हालांकि सोनाली के परिवारवालों ने हत्या का आरोप लगाया. बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि सोनाली के शरीर पर चोट के निशान थे. भाई रिंकू ढाका ने हत्या का केस दर्ज कराया. इसके बाद गोवा पुलिस ने 25 अगस्त को फोगाट के पीए सुधीर सांगवान और उसके एक सहयोगी सुखविंदर वासी को गिरफ्तार किया था.

इधर इस मामले में सोनाली फोगाट की संदिग्ध मौत के मामले कई नई जानकारियां सामने आई हैं. गोवा पुलिस ने कर्ली क्लब के मालिक और एक ड्रग पेडलर को भी गिरफ्तार किया है. साथ ही पुलिस ने क्लब के बाथरूम से ड्रग्स भी बरामद किया है. पुलिस ने बताया कि ड्रग पेडलर दत्तप्रसाद गांवकर ने आरोपी सुखविंदर सिंह को ड्रग्स सप्लाई की थी. गोवा पुलिस अब तक मामले में सोनाली फोगाट के पीए सुधीर सांगवान समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है.

दो घंटे तक बाथरूम में रखा गया

गोवा के आईजी ओमवीर सिंह बिश्नोई ने 26 अगस्त को बताया था कि पुलिस ने कर्लीज रेस्टोरेंट के सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि सुधीर और सुखविंदर सोनाली की ड्रिंक्स में कुछ मिला रहे थे. आईजी ने कहा कि सोनाली को कोई केमिकल दिया गया था जिसके बाद वो अपने काबू में नहीं थीं. सुबह करीब साढ़े चार बजे आरोपी सोनाली को टॉयलेट में लेकर गए और दो घंटे तक उन्हें वहीं रखा. पूछताछ में उन्होंने नहीं बताया कि दो घंटे तक उन्होंने सोनाली के साथ क्या किया. पुलिस ने बताया है कि सोनाली के शरीर पर मिले चोट के निशान ऐसे नहीं हैं कि उनसे हत्या की पुष्टि की जा सके.

वीडियो: टिकटॉक स्टार और बीजेपी नेता सोनाली फोगाट का पूरा सफर कैसा रहा?

Advertisement

Advertisement

()