The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Sidhu Moose Wala murder Punjab Police arrested First accused manpreet singh

मूसेवाला मर्डर केस में पहली गिरफ्तारी, जानिए कौन है मनप्रीत सिंह

गिरफ्तारी के बाद मनप्रीत को कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद कोर्ट ने उसे 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.

Advertisement
pic
31 मई 2022 (अपडेटेड: 2 जून 2022, 11:29 PM IST)
Sidhu Moose Wala
सिद्धू मूसेवाला
Quick AI Highlights
Click here to view more

पंजाब पुलिस ने सिंगर सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में पहली गिरफ्तारी की है. पुलिस ने एक दिन पहले हिरासत में लिए गए मनप्रीत सिंह को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया है. सोमवार 30 मई को पुलिस ने मनप्रीत सिंह के साथ 5 और लोगों को उत्तराखंड के देहरादून में हिरासत में लिया था. पंजाब पुलिस ने उत्तराखंड एसटीएफ की टीम की मदद से इन लोगों को पकड़ा था. मंगलवार 31 मई को औपचारिक गिरफ्तारी के बाद मनप्रीत को कोर्ट में पेश किया गया. सुनवाई के बाद कोर्ट ने उसे 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.

पहले भी गिरफ्तार हो चुका है मनप्रीत

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि मनप्रीत सिंह एक ड्रग डीलर है. हथियारों से जुड़े मामलों, मर्डर की कोशिश, दंगे भड़काने जैसे केस में पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस ने ये भी बताया था कि उत्तराखंड से हिरासत में लिए गए 6 लोगों में एक लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य है. हालांकि अभी ये साफ नहीं है कि मनप्रीत सिंह इसी गैंग का सदस्य है या नहीं.

उधर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई को 5 दिन की कस्टडी में लिया है. बिश्नोई तिहाड़ जेल में बंद है. सिद्धू मूसेवाला की हत्या में बिश्नोई गैंग पुलिस के रडार पर तब आया, जब कनाडा में रह रहे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने हत्या की जिम्मेदारी ली. बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई का करीबी माना जाता है. गोल्डी बराड़ ने फेसबुक पर पोस्ट किया कि उसने सचिन बिश्नोई और लॉरेंस बिश्नोई के साथ मिलकर मूसेवाला की हत्या करवाई है. बराड़ ने ये भी बताया था कि मूसेवाला का मर्डर विक्की मिद्दूखेड़ा की हत्या का बदला लेने के लिए किया गया.

लॉरेंस बिश्नोई की सुरक्षा की मांग 

इस बीच लॉरेंस बिश्नोई के वकील ने उसकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग करते हुए पटियाला कोर्ट में एक याचिका दाखिल की है. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक वकील ने याचिका में कहा है कि लॉरेंस बिश्नोई की जान को खतरा है. ये भी कहा है कि पंजाब पुलिस जेल में बिश्नोई का एनकाउंटर कर सकती है या विरोधी गैंग उस पर हमला कर सकते हैं.

रविवार 29 मई को मूसेवाला की गोली मारकर हत्या की गई थी. इसके पीछे पिछले साल अगस्त में विक्की मिद्दूखेड़ा की हत्या को बताया जा रहा है. विक्की मिद्दूखेड़ा लॉरेंस विश्नोई का करीबी था. मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब में कई गैंग के नाम सामने आ चुके हैं. पंजाब पुलिस इन्हीं गैंग की परतों को हटाने में जुटी है. पंजाब के डीजीपी वीके भांवरा ने बताया था कि शुरुआती जांच से लगता है कि मूसेवाला की हत्या को दो गैंग की आपसी दुश्मनी के कारण हुई है.

वीडियो: कहानी मूसेवाला के आइडल की, जिन्हें उन्हीं की तरह गोलियों से भून दिया गया था

Advertisement

Advertisement

()