सुशांत सिंह की मौत पर पहली बार सलमान खान ने कुछ कहा है
सलमान खान पर कई तरह के आरोप लग रहे थे.

सुशांत सिंह राजपूत. 14 जून को उन्होंने आत्महत्या कर ली थी. उनकी मौत के बाद से ही सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें हो रही हैं. लोग नेपोटिज्म यानी भाई-भतीजावाद की बात कर रहे हैं. स्टार किड्स को अनफॉलो करने को कह रहे हैं. इसके अलावा भी कई बड़े स्टार को बायकॉट करने की बात कही जा रही है. लोगों का मानना है कि सुशांत को बॉलीवुड में बुली किया गया. उनसे फिल्में छीन ली गईं. उन्हें बैन कर दिया गया. इस वजह से सुशांत डिप्रेशन में चले गए और सुसाइड कर लिया.
फरवरी में कमाल आर. खान की न्यूज़ एजेंसी ने एक ट्वीट किया था, इसके मुताबिक, धर्मा प्रोडक्शन, साजिद नाडियाडवाला, यश राज फिल्म्स, टी-सीरीज, सलमान खान प्रोडक्शन और बालाजी ने सुशांत को बैन कर दिया है. इसके बाद सलमान खान के ऊपर भी कई सवाल उठे. लोगों ने उन्हें और उनकी फिल्मों को भी बायकॉट करने के लिए बकायदा ट्विटर पर हैशटैग चलाया. सलमान और सुशांत के फैंस सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह से दोनों सेलेब्स को डिफेंड कर रहे थे. लेकिन सलमान ने कोई जवाब नहीं दिया.
अब सलमान खान ने अपने फैन्स से अपील की है कि वह सुशांत के फैंस का साथ दें. और गलत भाषा का इस्तेमाल न करें. सलमान खान ने ट्वीट किया,
मैं अपने सभी फैन्स से गुजारिश करता हूं कि वो सुशांत के फैन्स के साथ खड़े रहें और गलत भाषा का इस्तेमाल ना करें. भावनाओं को समझने की कोशिश करें. इस संकट की घड़ी में सुशांत के परिवार का सहारा बने. किसी अपने का चले जाना बहुत दुख देने वाला होता है.
A request to all my fans to stand with sushant's fans n not to go by the language n the curses used but to go with the emotion behind it. Pls support n stand by his family n fans as the loss of a loved one is extremely painful.
— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) June 20, 2020
हालांकि इस बीच सलमान पर कई आरोपल लगे. अनुराग कश्यप के भाई अभिनव कश्यप ने भी सलमान खान पर कई आरोप लगाए. कहा कि उनका करियर बर्बाद करने के पीछे सलमान खान और उनके भाई थे. फिर जिया खान की मां राबिया अमीन भी सामने आईंं. उन्होंने भी सलमान खान के ऊपर सूरज पंचोली का बचाव करने का आरोप लगाया. फिर खबर आई कि बिहार के एक वकील सुधीर कुमार ओझा ने करण जौहर, एकता कपूर और सलमान खान समेत 8 बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है. इन सब आरोपों के बीच सलमान का कोई जवाब नहीं आया. हां उनके पापा सलीम खान ने अभिनव कश्यप के बयान पर अपना पक्ष जरूर रखा था.
अब सलमान खान ने अपने फैंस से सुशांत के परिवार का सहारा बनने की बात कही है.
वीडियो देखें : एक्ट्रेस जिया ख़ान की मां ने सलमान खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं

