The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Shraddha Walker Murder case Aaftab poonawala judicial custody delhi police

श्रद्धा की हत्या के बाद आफताब के फ्लैट पर आने वाली लड़की का पता चल गया!

आरोपी आफताब पूनावाला को अब 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

Advertisement
Shraddha Murder case
आफताब और श्रद्धा.(फाइल फोटो)
pic
साकेत आनंद
26 नवंबर 2022 (अपडेटेड: 26 नवंबर 2022, 04:38 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

श्रद्धा वालकर मर्डर केस (Shraddha murder case) में आरोपी आफताब पूनावाला को अब 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इससे पहले वह दिल्ली पुलिस की हिरासत में था, जिसकी तारीख आज खत्म हो रही है. दिल्ली पुलिस आफताब को लेकर रोहिणी के अंबेडकर हॉस्पिटल पहुंची थी. वहीं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये उसकी पेशी हुई. न्यायिक हिरासत के दौरान आफताब तिहाड़ जेल में रहेगा.

आजतक से जुड़े अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने उस लड़की की पहचान भी की है जिसे आरोपी आफताब ने कथित रूप से अपने मेहरौली वाले फ्लैट पर बुलाया था. वही फ्लैट जहां आफताब ने श्रद्धा के शव को टुकड़े कर फ्रिज में रखा था. पुलिस ने बताया है कि लड़की पेशे से साइकोलॉजिस्ट है. पुलिस ने उस लड़की से भी पूछताछ की है. आफताब ने उस लड़की से मोबाइल डेटिंग ऐप 'बंबल' (Bumble) के जरिये मुलाकात की थी. इसी ऐप से श्रद्धा और आफताब की भी दोस्ती हुई थी.

रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने बताया कि श्रद्धा की हत्या के बाद आफताब ने उस लड़की को मेहरौली वाले फ्लैट पर बुलाया था. जांच के लिए दिल्ली पुलिस बंबल ऐप से भी जानकारी मांग चुकी है.

28 नवंबर को होगा नार्को टेस्ट

साकेत कोर्ट ने आफताब के नार्को टेस्ट की इजाजत दे रखी है. 28 नवंबर को अंबेडकर अस्पताल में ही आफताब का नार्को टेस्ट हो सकता है. उस दौरान FSL के अधिकारी की एक टीम वहां मौजूद रहेगी. इससे पहले 24 नवंबर को आफताब का पॉलीग्राफ टेस्ट करवाया गया था जिसमें उससे करीब 50 सवाल पूछे गए थे. सूत्रों के मुताबिक, जांच अधिकारी और एक्सपर्ट यह जानने की कोशिश कर रहे थे कि आफताब ने किन इलाकों में शव के टुकड़ों को फेंका, हथियार को कहां छुपाया और श्रद्धा का फोन कहां फेंका.

इससे पहले आफताब के वकील ने इंडिया टुडे से बातचीत में दावा किया था कि उसने हत्या की बात कोर्ट में कुबूल नहीं की है.

हत्या के बाद बनाया प्लान

आफताब ने मई महीने में कथित तौर पर गला घोंटकर श्रद्धा की हत्या कर दी थी. फिर सबूतों को मिटाने के लिए कई तरकीबें लगाई. पहले शव को 30 से ज्यादा टुकड़ों में काटकर अपनी फ्रिज में रखा. फिर, अगले कई दिनों तक शव के टुकड़ों को फेंकता रहा. ऐसा उसने खुद कुबूला है. 6 महीने बाद, 10 नवंबर को श्रद्धा के पिता की शिकायत पर हुई छानबीन के बाद इस घटना का पता चला.

श्रद्धा और आफताब करीब तीन साल मुंबई में लिव-इन में रहे थे. इस साल मई में दोनों दिल्ली आए थे. अब तक जो वजह सामने आई उसके मुताबिक श्रद्धा शादी करना चाहती थी और आफताब उसे टाल रहा था. दोनों के बीच लंबे समय से झगड़े भी हो रहे थे. 18 मई 2022 की रात आफताब ने श्रद्धा की हत्या कर दी.

वीडियो: श्रद्धा मर्डर केस के बाद लिव-इन पर लोगों का रिएक्शन देख हैरान हो जाएंगे!

Advertisement

Advertisement

()