आफताब के घर मदद मांगने गए श्रद्धा के पिता के साथ क्या हुआ था?
श्रद्धा ने घर छोड़ने के दौरान पिता से कहा था वह अपने फैसले लेने के लिए काफी मैच्योर है.

श्रद्धा वालकर मर्डर केस (Shraddha murder case) में अब आफताब पूनावाला के परिवार के बारे में नई जानकारी सामने आई है. साल 2019 में जब श्रद्धा और आफताब (Aaftab Poonawala) ने साथ रहने का फैसला किया था तो श्रद्धा के मां-पिता ने इसका विरोध किया था. मां-पिता के नहीं मानने के बाद श्रद्धा ने घर छोड़ दिया था. मलाड में एक किराए के घर में श्रद्धा और आफताब शिफ्ट हो गए. अब जानकारी सामने आई है कि घर छोड़ने के बाद श्रद्धा के पिता और उसके भाई मदद के लिए वसई में आफताब के घर पहुंचे. लेकिन उसके परिवारवालों ने श्रद्धा के पिता को घर में घुसने तक नहीं दिया था.
'आफताब से कोई मतलब नहीं'इंडिया टुडे से जुड़े दिव्येश सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, आफताब के घरवालों ने उसे फोन किया. कहा कि श्रद्धा के परिवारवालों के साथ वो खुद बात करे और उन्हें इसमें ना घसीटे. आफताब के घरवाले किसी तरह की मदद को तैयार नहीं थे. रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने यहां तक कहा कि यह सब श्रद्धा की गलती है और उन्हें अब आफताब से भी कोई मतलब नहीं है. इंडिया टुडे को ये पूरी जानकारी श्रद्धा के करीबी पारिवारिक दोस्त से मिली है.
इस घटना से श्रद्धा की मां बुरी तरह टूट गईं. इसके बाद वो बीमार रहने लगीं. इस सबके चलते श्रद्धा के पिता ने उसे समझाने की कोशिश की और घर वापस आने को कहा. लेकिन पिता विकास वालकर की कोशिश नाकाम रही. श्रद्धा ने उनसे कहा था वह अपने फैसले लेने के लिए काफी मैच्योर है. उसने यहां तक कहा था कि अगर उस पर दबाव बनाया गया तो वह कानूनी मदद लेगी.
मां की मौत के बाद घर आई श्रद्धाइसके बाद धीरे-धीरे परिवार की श्रद्धा से बातचीत बंद हो गई. जब से श्रद्धा घर छोड़कर गई, मां ने भी दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ बातचीत बंद कर दी. 23 जनवरी 2020 को श्रद्धा की मां की मौत हो गई.
फैमिली फ्रेंड ने एक और जानकारी दी कि श्रद्धा के साथ आफताब की मारपीट के बारे में उसके कुछ दोस्तों को पता था. एक बार मारपीट के बाद श्रद्धा के दोस्त लक्ष्मण और सुबिन ने उसे "रेस्क्यू" किया था. मारपीट के कारण वो तीन दिन तक अपने दोस्त के घर ठहरी थी. फिर आफताब उसे मनाने आया, उससे माफी भी मांगी और कहा कि दोबारा ऐसी गलती नहीं करेगा. मनाने के बाद श्रद्धा फिर उसके साथ चली गई.
मां के निधन की जानकारी मिलने पर श्रद्धा घर आई थी. फिर आफताब उसे वहां से लेने भी आया था. फैमिली फ्रेंड ने दावा किया कि इस दौरान जब श्रद्धा घर आई थी तो उसने पिता को आफताब की मारपीट के बारे में बताया था. पिता ने फिर से रुक जाने को कहा लेकिन वो आफताब के साथ चली गई. इसके बाद पिता और बेटी के बीच बातचीत पूरी तरह बंद हो गई थी.
वीडियो: जिस श्रद्धा से प्यार, उसको ऐसे मारा? आफताब ने पुलिस के सवालों का ये जवाब दिया

.webp?width=60)

