The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Shashi Tharoor Colombia changed statement on operation sindoor death of terrorists in Pakistan

शशि थरूर हुए नाराज तो कोलंबिया ने बदला बयान, पहले PAK में आतंकियों की मौत पर दुख जताया था

Colombia on Operation Sindoor: शशि थरूर ने कोलंबिया के उस बयान पर नाराजगी जताई, जो ऑपरेशन सिंदूर के बाद 8 मई को जारी किया गया था. इस बयान में कोलंबिया सरकार ने ऑपरेशन में मारे गए पाकिस्तानी आतंकियों के प्रति दुख जताया था.

Advertisement
pic
31 मई 2025 (अपडेटेड: 31 मई 2025, 01:08 PM IST)
Shashi Tharoor Colombia changed statement on operation sindoor death of terrorists in Pakistan
शशि थरूर ने कोलंबिया सरकार और विपक्षी दल के नेताओं से मुलाकात की (फोटो: शशि थरूर/X)

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान में हुई मौतों पर कोलंबिया सरकार ने दुख जताया था. जिसे लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने नाराजगी जताई और कहा कि आतंकवादियों और अपने देश की रक्षा करने वालों के बीच कोई समानता नहीं है. अब कोलंबिया ने अपने उस बयान को आधिकारिक तौर पर वापस ले लिया है.

शशि थरूर वर्तमान में पांच देशों की यात्रा पर हैं और सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं. ये डेलीगेशन ऑपरेशन सिंदूर पर भारत का रुख स्पष्ट कर रहा है. शुक्रवार, 30 मई को भारतीय प्रतिनिधि मंडल ने दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया की सरकार और विपक्षी दल के नेताओं से मुलाकात की. इस दौरान थरूर ने आतंकवाद समर्थित पाकिस्तान को बेनकाब किया और इस बात पर जोर दिया कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर एक जायज प्रतिक्रिया थी.

शशि थरूर ने कोलंबिया के उस बयान पर भी नाराजगी जताई, जो ऑपरेशन सिंदूर के बाद 8 मई को जारी किया गया था. इस बयान में कोलंबिया सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए पाकिस्तानी आतंकियों के प्रति दुख जताया था. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, थरूर ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा,

हम कोलंबियाई सरकार की प्रतिक्रिया से थोड़े निराश हैं, जिसने आतंकवाद के पीड़ितों के प्रति सहानुभूति जताने के बजाय भारतीय हमलों के बाद पाकिस्तान में हुई जानमाल की हानि पर संवेदना जताई. हम कोलंबिया में अपने मित्रों से कहेंगे कि आतंकवादियों को भेजने वालों और उनका विरोध करने वालों के बीच कोई समानता नहीं हो सकती. हमला करने वालों और बचाव करने वालों के बीच कोई समानता नहीं हो सकती. हम केवल आत्मरक्षा के अपने अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं.

थरूर ने कहा कि जिस तरह कोलंबिया ने कई आतंकवादी हमलों को झेला है, उसी तरह भारत में भी झेला है. 

ये भी पढ़ें: पवन खेड़ा ने शशि थरूर को उन्हीं की किताब से घेर लिया, सर्जिकल स्ट्राइक पर क्या लिखा था?

कोलंबिया ने बयान वापस लिया

थरूर की नाराजगी के बाद कोलंबिया सरकार ने अपना रुख बदल लिया है और 8 मई को दिए गए अपने बयान को आधिकारिक तौर पर वापस ले लिया है. कोलंबिया की उप विदेश मंत्री रोसा योलांडा विलाविसेनियो ने कहा,

हमें अब इस बात की पूरी जानकारी है कि कश्मीर में वास्तव में क्या हुआ था. अब हम बातचीत को आगे बढ़ा सकते हैं.

वहीं, शशि थरूर ने मीडिया से बात करते हुए कहा,

उप मंत्री ने बहुत विनम्रता से उल्लेख किया कि उन्होंने वह बयान वापस ले लिया है. जिस पर हमने चिंता व्यक्त की थी और वे इस मामले पर हमारी स्थिति को पूरी तरह समझती हैं.

शशि थरूर के नेतृत्व वाले डेलीगेशन में शामिल BJP नेता तेजस्वी सूर्या ने भी कोलंबिया द्वारा अपने पिछले बयान को वापस लेने पर खुशी जताई और शशि थरूर की बात दोहराते हुए कहा कि पर्यटकों की हत्या और आतंकवादियों के मारे जाने में अंतर है. बताते चलें कि ये डेलीगेशन गुयाना, पनामा, कोलंबिया, ब्राजील और संयुक्त राज्य अमेरिका की यात्रा पर गया है और ऑपरेशन सिंदूर पर भारत का पक्ष रख रहा है. 

वीडियो: अमेरिका जा रहे भारत के डेलीगेशन को लीड करेंगें कांग्रेस नेता शशि थरूर, कांग्रेस ने जताया ऐतराज

Advertisement

Advertisement

()