The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Sachin Pilot fast Protest in Jaipur Ashok Gehlot Vasundhara Raje Congress

वार्निंग के बाद भी धरने पर बैठे सचिन पायलट, अब क्या करेगा कांग्रेस हाईकमान?

पायलट को देख BJP ने अपना पासा फेंक दिया है!

Advertisement
pic
11 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 11 अप्रैल 2023, 02:18 PM IST)
Sachin Pilot fast Protest in Jaipur Ashok Gehlot Vasundhara Raje Congress
जयपुर के शहीद स्मारक पर अनशन में बैठे सचिन पायलट. (फोटो: ANI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

राजस्थान के पूर्व डिप्टी CM और कांग्रेस नेता सचिन पायलट (Sachin Pilot) 11 अप्रैल की सुबह जयपुर के शहीद स्मारक पर एक दिन के अनशन (Sachin Pilot on one day fast) पर बैठ गए हैं. अनशन में सचिन पायलट के साथ उनके साथी कार्यकर्ता भी मौजूद हैं. पायलट ने शहीद स्मारक पहुंचने से पहले जयपुर में समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले को पुष्पांजलि अर्पित की.

इससे पहले पायलट ने 9 अप्रैल को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अनशन करने की बात कही थी. इसमें पायलट ने वसुंधरा राजे की सरकार में हुए कथित घोटालों पर कार्रवाई ना होने को मुद्दा बनाकर अनशन पर बैठने की घोषणा की थी. पायलट इस अनशन में समर्थक मंत्रियों और विधायकों की जगह आम समर्थकों के साथ रहेंगे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 10 बजे से शुरू हुआ शाम 4 बजे तक चलेगा.

‘पायलट का कदम पार्टी विरोधी’

सचिन पायलट के इस अनशन को लेकर कांग्रेस के कई नेताओं की ओर से प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पायलट के इस कदम को पार्टी विरोधी बताया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रंधावा इस मामले को सुलझाने के लिए 11 अप्रैल को दोपहर तक जयपुर पहुंचेंगे. वो CM अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात करेंगे. रंधावा ने 10 अप्रैल को एक बयान जारी कर कहा था,

“मैं पिछले पांच महीने से AICC का प्रभारी हूं. लेकिन पायलट जी ने इस मुद्दे पर कभी भी मुझसे चर्चा नहीं की. मैं उनके साथ संपर्क में हूं और अभी भी उनसे शांतिपूर्ण ढंग से बातचीत की अपील करता हूं. वो निर्विवाद रूप से कांग्रेस पार्टी के एक मजबूत स्तंभ हैं.”

राजस्थान में सचिन पायलट के अनशन को लेकर सियासत भी तेज़ हो गई है. BJP ने राज्य की गहलोत सरकार पर निशाना साधा है. बीजेपी नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा है,

“सचिन पायलट हाईकमान को खुला चैलेंज दे रहे हैं. उनका ये एक दिन का अनशन कांग्रेस सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगा. कांग्रेस ने देश भर में अपनी पकड़ खो दी है.”

पायलट की लड़ाई गहलोत से!

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सचिन पायलट के अनशन की घोषणा के बाद से कांग्रेस हाईकमान से जुड़े नेताओं ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समर्थन में बयान दिए हैं. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक बयान जारी कर मुख्यमंत्री गहलोत के कामों की तारीफ की थी. उन्होंने कहा था कि राजस्थान में कामकाज के आधार पर चुनाव होंगे.

वहीं, सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पार्टी प्लेटफॉर्म की जगह अनशन पर जाने के पायलट के कदम पर सवाल उठाते हुए कहा कि पायलट जब सवा साल डिप्टी सीएम थे तब भ्रष्टाचार का मुद्दा क्यों नहीं उठाया? रंधावा ने कहा कि पायलट ने उनसे मुलाकात में कभी भ्रष्टाचार की बात नहीं की. पार्टी के भीतर बात करने की जगह सीधे अनशन पर बैठना गलत है.   

वीडियो: राहुल गांधी ने गुलाम नबी आजाद, सिंधिया, हिमंता को अडाणी से जोड़ा, ट्वीट वायरल हो रहा

Advertisement

Advertisement

()