पुतिन को बुरा बोलने वाले की मौत, अस्पताल की खिड़की से गिर गये!
उनकी कंपनी ने रूस-यूक्रेन युद्ध का जल्द समाधान निकालने की अपील की थी.

रूस (Russia) में एक और हाई प्रोफाइल व्यक्ति की मौत सवालों के घेरे में है. रूसी तेल कंपनी लुकोइल (Lukoil) के प्रमुख राविल मागानोव (Ravil Maganov) की कथित रूप से अस्पताल की खिड़की से गिरने के बाद मौत हो गई. हालांकि कंपनी ने एक बयान में कहा है कि राविल मागानोव की मौत की वजह कोई 'गंभीर बीमारी' है. लुकोइल रूस की दूसरी सबसे बड़ी तेल कंपनी है. 1993 में कंपनी की शुरुआत हुई थी. तभी से राविला मागानोव इससे जुड़े हुए थे. उन्हें राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) का आलोचक माना जाता था.
रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी टास ने अभी से मागानोव की मौत को 'आत्महत्या' करार दे दिया है. उसने बताया कि लुकोइल के शीर्ष पदाधिकारी मागानोव को हार्ट अटैक के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था. वो डिप्रेशन के इलाज से जुड़ी गोलियां भी खा रहे थे. उधर मागानोव के करीबी लोगों ने आत्महत्या की बात को खारिज कर दिया है.
खिड़की से कैसे गिर गए Ravil Maganov?मागानोव कंपनी में रिफाइनिंग, प्रोडक्शन और एक्सप्लोरेशन ऑपरेशंस के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. अंतरराष्ट्रीय न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने कई रूसी मीडिया आउटलेट्स के हवाले से बताया है कि मागानोव की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हुई है. इसे लेकर अलग-अलग आशंकाएं जताई जा रही हैं. लुकोइल के ही कुछ सूत्रों ने बताया कि कुछ लोगों का मानना है कि मागानोव ने आत्महत्या करने के लिए खिड़की से छलांग लगा दी. वहीं, कुछ इस बात को लेकर शक कर रहे हैं कि ये साफ नहीं है कि किन परिस्थितियों में मागानोव अस्पताल की खिड़की से गिर गए. मागानोव से व्यक्तिगत तौर पर जुड़े लोग आत्महत्या की बात से इनकार कर रहे हैं.
इससे पहले मई महीने में रूसी मीडिया ने लुकोइल के ही एक मैनेजर ऐलेक्जैंडर सुबोटिन की मौत की जानकारी दी थी. उनका शव मॉस्को के बाहर एक घर के बेसमेंट में मिला था. ये दिलचस्प है कि यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध छेड़ने के बाद 3 मार्च, 2022 को लुकोइल ने इस संकट पर चिंता जाहिर की थी और बातचीत के जरिये जल्द से जल्द समाधान निकालने की अपील की थी. कंपनी के जिस बोर्ड ने ये बयान जारी किया था, उसका नेतृत्व राविल मागानोव ही कर रहे थे.
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके कई मंत्रियाओं और करीबी सहयोगियों के विचार इसके उलट रहे हैं.
Russia में रहस्यमयी मौतों के मामलेरूस में कई हाई प्रोफाइल बिजनेस एग्जिक्यूटिव्ज की मौत सवालों के घेरे में है. बीते कुछ महीनों में रूस की एनर्जी इंडस्ट्री से जुड़े सीनियर पदाधिकारियों की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हुई है.
लियोनिड शुलमैन
गैजप्रोम (Gazprom) रूस की एक बड़ी गैस कंपनी है. रूसी सरकार की इस कंपनी में बड़ी हिस्सेदारी है. 30 जनवरी, 2022 को गैजप्रोम इनवेस्ट के ट्रांसपोर्ट सर्विस हेड लियोनिड शुलमैन का शव वायबोर्स्की नाम के जिले में एक कॉटेज के बाथरूम में मिला. RIA नाम की एक न्यूज एजेंसी ने रिपोर्ट दी कि शुलमैन की मौत के लिए आत्महत्या को जिम्मेदार बताया गया. एक स्थानीय न्यूज रिपोर्ट में कहा गया कि शुलमैन पैर में चोट की वजह से छुट्टी पर थे.
ऐलेक्जेंडर त्युलाकोव
25 फरवरी, 2022 को सैंट पीटर्सबर्ग में एक गैराज में गैजप्रोम के एक एग्जिक्यूटिव ऐलेक्जेंडर त्युलाकोव का शव मिलता है. दिलचस्प बात ये कि कंपनी और इलाके की जांच समिति दोनों ने ही इस मामले की जानकारी पब्लिक को नहीं दी. एक स्थानीय न्यूजपेपर ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि ऐलेक्जेंडर की मौत की जानकारी मिलने के बाद खुद को गैजप्रोम की सुरक्षा सेवा से जुड़े अधिकारी बताने वाले लोगों ने घटनास्थल को घेर लिया था.
व्लादिस्लाव अयावेव और सरगेई प्रोतोसेन्या
व्लादिस्लाव गैजप्रोमबैंक नाम की एक प्राइवेट बैंकिंग कंपनी के पूर्व वाइस प्रेसिडेंट थे. 18 अप्रैल को मॉस्को के एक अपार्टमेंट में वो अपनी पत्नी और बेटी के साथ मृत पाए गए थे. स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक अयावेव ने पहले पत्नी और बेटी को गोली मारी, फिर खुद की जान ले ली.
इसी तरह का मामला अगले दिन यानी 19 अप्रैल को स्पेन में देखने को मिला. यहां एक घर में रूसी गैस कंपनी नोवातेक के शीर्ष प्रबंधक सरगेई प्रोतोसेन्या पत्नी और बेटी के साथ मृत पाए गए थे. रूसी मीडिया के मुताबिक जांचकर्ताओं ने इसे भी हत्या और आत्महत्या का मामला बताया. कहा गया कि सरगेई ने पहले पत्नी और बेटी को गोली मारी, फिर आत्महत्या कर ली.
व्लादिमीर ल्याकिशेव
व्लादिमीर ल्याकिशेव रूस की मशहूर रेस्टोरेंट चेन के पूर्व को-ऑनर थे. 4 मई को उनका शव उनकी रिहायशी बिल्डिंग की 16वीं मंजिल पर मिला. उनके सिर पर गोली लगने का जख्म था.
यूरी वोरोनोव
ऐस्टा-शिपिंग नाम की कंपनी के सीईओ और फाउंडर थे. ये कंपनी गैजप्रोम के लिए काम करती है. बीते जुलाई महीने में यूरी वोरोनोव का शव लेनिनग्रैड रीजन के कॉटेज कॉम्प्लेक्स के स्विमिंग पूल में मिला था. उनके भी सिर में गोली लगी थी. पास ही एक पिस्टल बरामद हुई थी.
अब इस लिस्ट में राविल मागानोव का नाम भी शामिल हो गया है. रॉयटर्स ने ये सारे मामले रूस के स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के आधार पर बताए हैं. दी लल्लनटॉप स्वतंत्र रूप से इन मौतों के पीछे आत्महत्या या कोई अन्य कारण होने की पुष्टि नहीं करता है.
दुनियादारी मास्टरक्लास: रूस-यूक्रेन वॉर में व्लादिमीर पुतिन के प्लान फेल क्यों हो रहे हैं?

.webp?width=60)

