The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Rishi Sunak Jokes on Delhi Traffic Jam

'दिल्ली का ट्रैफिक AI भी ठीक ना कर पाया... ', ऋषि सुनक भी यहां की जाम से उकता गए

पूर्व ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक को दिल्ली में ब्रिटिश हाई कमीशन में एक कार्यक्रम में शामिल होना था. ट्रैफिक की वजह से उन्हें देरी हो गई. इसके बाद उन्होंने तंज भी कसा और AI में भारत की तरक्की की तारीफ भी की. ऋषि सुनक ने खुद को 'भारत का दामाद' बताया है.

Advertisement
pic
20 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 11:17 AM IST)
Rishi Sunak
UK के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और दिल्ली के ट्रैफिक जाम की सांकेतिक तस्वीर. (PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

दिल्ली के ट्रैफिक से सिर्फ दिल्ली वाले ही नहीं, UK के पूर्व पीएम ऋषि सुनक भी आजिज़ आ गए हैं. NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक सुनक को दिल्ली में ब्रिटिश हाई कमीशन में एक कार्यक्रम में शामिल होना था. ट्रैफिक की वजह से उन्हें देरी हो गई. इस पर सुनक ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि ‘AI बहुत कुछ कर सकता है, लेकिन दिल्ली का ट्रैफिक नहीं ठीक कर पाया.’

इस कार्यक्रम में सुनक कुछ ज्यादा ही मज़ाकिया अंदाज में नज़र आए. सुनक ने कहा कि भारत ने AI की रेस में ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया है, जो थोड़ा दुखद है. हालांकि उन्होंने हंसते हुए कहा कि ICC टेस्ट रैंकिंग में इंग्लैंड अभी भी आगे है और यह शायद ज्यादा जरूरी है.

सुनक इतने में ही नहीं माने. यूके के डिप्टी पीएम डेविड लैमी ने सुनक को ‘ब्रिटेन का महान बेटा और भारत का भी बेटा’ कहा. इस पर सुनक ने तुरंत बीच में टोकते हुए खुद को ‘भारत का दामाद’ बताया. जाहिर है, हॉल में ठहाके लगने लगे. लैमी ने भी तुरंत सुनक ‘सन-इन-लॉ’ कहकर खुद को दुरुस्त कर लिया.

इस बीच डिप्टी पीएम लैमी ने भी अपना भारत से रिश्ता बताया. उन्होंने कहा कि उनकी मां की तरफ से उनकी परनानी कोलकाता की थीं.

ऋषि सुनक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए भारत को AI सुपरपावर बताया. उन्होंने कहा कि AI समिट का आयोजन मोदी के नेतृत्व और भारत के लोगों की एनर्जी का उदाहरण है. उनके मुताबिक, भारत में इस टेक्नोलॉजी को बनाने और इस्तेमाल करने की जो इच्छाशक्ति है, वह दुनिया में कहीं और नहीं दिखती. स्टैनफोर्ड की विश्व रैंकिंग का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भारत AI सुपरपावर के रूप में शीर्ष देशों में शामिल हो गया है, जिस पर भारतीयों को गर्व होना चाहिए.

सुनक ने कहा कि इस तकनीक पर चर्चा के लिए नियमित मंच की जरूरत है और पीएम मोदी के नेतृत्व में यह समिट वही मंच उपलब्ध करा रहा है. उन्होंने विश्वास जताया कि यह समिट असरदार रहेगी और यह साबित करेगी कि AI को कैसे विकसित दुनिया के साथ-साथ विकासशील देशों के हित में भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

वीडियो: G20 में वायरल ब्रिटेन के PM ऋषि सुनक और अक्षता नारायण मूर्ति की संपत्ति जान सोचने लगेंगे!

Advertisement

Advertisement

()