पाकिस्तान लौटे नवाज शरीफ का दावा, 'हजारों करोड़ ठुकराकर भारत को मुंहतोड़ जवाब दिया था'
भाषण के दौरान नवाज शरीफ ने 1999 का एक किस्सा सुनाया. और दावा किया कि बिल क्लिंटन ने उन्हें 5 बिलियन अमेरिकी डॉलर की पेशकश की थी.

चार साल बाद पाकिस्तान लौटे नवाज शरीफ (Nawaz Sharif) ने 1999 का किस्सा सुनाते हुए विपक्ष के साथ साथ भारत को भी घेरने की कोशिश की. बताया कि उन्हें न्यूक्लियर टेस्ट नहीं करने के लिए हजारों करोड़ों रुपये का ऑफर मिल रहा था. लेकिन उन्होंने पैसे नहीं लिए और भारत को “मुंहतोड़ जवाब” दिया. दावा किया कि ये ऑफर उन्हें अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने दिया था.
घर वापसी के कुछ घंटों बाद नवाज शरीफ ने लाहौर में एक जनसभा को संबोधित किया. यहां उन्होंने बताया,
“ये 1999 की बात है. विदेश कार्यालय में ये रिकॉर्ड मौजूद होगा कि बिल क्लिंटन ने मुझे 5 बिलियन अमेरिकी डॉलर की पेशकश की थी. लेकिन मैं पाकिस्तान की धरती पर पैदा हुआ था. मुझे पाकिस्तान के खिलाफ कोई बात स्वीकार करने की इजाजत नहीं.”
इमरान खान का नाम लिए बिना नवाज शरीफ ने अपने कार्यकर्ताओं से पूछा कि आप लोग बताओ कि अगर उनकी जगह कोई और होता तो क्या वो ये बात अमेरिकी राष्ट्रपति के सामने कह सकता था.
रैली में अपने लगभग 60 मिनट के भाषण में नवाज शरीफ ने कहा,
“हमने परमाणु परीक्षण किया और भारत को परमाणु परीक्षण करने का करारा जवाब दिया. क्या हमें इसी बात के लिए सजा मिलती है? क्या इसी वजह से हमारे खिलाफ फैसले सुनाए जाते हैं? मैंने कभी अपने समर्थक को धोखा नहीं दिया. ना किसी तरह का बलिदान देने से पीछे हटे. मेरे और मेरी पार्टी के नेताओं के खिलाफ फर्जी केस दर्ज किए गए लेकिन किसी ने भी पीएमएल-एन का झंडा नहीं छोड़ा. हम वो लोग हैं जिन्होंने पाकिस्तान बनाया. हमने पाकिस्तान को परमाणु शक्ति वाला देश बनाया.”
इसी दौरान नवाज शरीफ ने भारत के साथ अच्छे संबंध बनाने की भी इच्छा जताई. बोले कि वो कश्मीर मुद्दे को शालीनता से हल करना चाहते हैं. नवाज शरीफ ने कहा,
“अगर पाकिस्तान बांग्लादेश से अलग नहीं हुआ होता तो भारत से होकर गुजरने वाला एक आर्थिक गलियारा होता. हम पाकिस्तान के विकास के लिए पड़ोसियों और दुनिया के साथ बेहतर संबंध स्थापित करना चाहते हैं. दूसरों से लड़कर या संघर्ष करके पाकिस्तान का विकास नहीं किया जा सकता.”
ये भू पढ़ें- नवाज शरीफ चार साल बाद पाकिस्तान क्यों लौटे हैं?
भाषण के दौरान नवाज शरीफ ने अफसोस जताया कि पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था बहुत ज्यादा खराब है. बोले कि जब वो सत्ता में थे, तब की तुलना में आज रोटी, पेट्रोल की कीमत बहुत ज्यादा हो गई है. उन्होंने कहा कि राजनीति के चक्कर में उन्होंने अपनी मां और बीवी को खो दिया है. ये भी बताया कि कैसे वो अपनी मां, पिता और बीवी को आखिरी बार नहीं देख सके और ना अंतिम विदाई दे पाए.

