राजस्थान: 'इंदिरा रसोई' के बर्तनों में मुंह मारते मिले सूअर, वीडियो वायरल
रसोई के बोर्ड पर लिखा था- 'आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन.'

‘इंदिरा रसोई योजना में आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन’. ये लिखा है राजस्थान के भरतपुर के एमएसजे कॉलेज के सामने बनी इंदिरा रसोई के बाहर. बढ़िया-चकाचक पोस्टर, सफाई का दावा, जिसे देख कोई भी खाने पहुंच जाए. लेकिन, रसोई के बाहर हाल में एक ऐसा नजारा देखने को मिला है, जिसे देखकर शायद ही कोई रसोई की तरफ जाने की हिम्मत करे. आपको बताते हैं कि हुआ क्या.
दरअसल, सोशल मीडिया पर भरतपुर की इंदिरा रसोई का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें रसोई के सामने रखे जूठे बर्तनों को 2 सूअर चाटते नजर आ रहे हैं. इससे भी ज्यादा हैरानी इस बात पर कि कोई भी सूअरों को भगाता नजर नहीं आ रहा.
किसी ने सूअरों को भगाया क्यों नहीं?मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये घटना मंगलवार, 1 नवंबर की है. भरतपुर के एमएसजे कॉलेज के सामने बनी इंदिरा रसोई बंद हो चुकी थी. रसोई बंद थी, लेकिन जूठी थालियां बाहर एक बड़े बर्तन में रखी हुई थीं. इसी दौरान 2 सूअर वहां आए और उन्होंने बर्तन को उलट दिया. थालियां टनटनाती हुई बाहर आ गईं. फिर सूअरों ने थालियों को चाटना शुरू कर दिया. काफी देर तक सूअर थालियां चाटते रहे. और इसी बीच कुछ लोगों ने ये नजारा कैमरे में कैद कर लिया.
इंडिया टुडे से जुड़े ऋषभ शर्मा के मुताबिक जिस इंदिरा रसोई में सूअरों के थाली चाटने की बात सामने आई है, उसकी जिम्मेदरी मदर टेरेसा नाम की संस्था को दी गई थी. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद भरतपुर नगर निगम ने संस्था से अनुबंध समाप्त कर उसे नोटिस जारी कर दिया है.
आठ रुपए में थाली और स्वच्छता का दावाराजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अगस्त 2020 में 'कोई भूखा नहीं सोए' अभियान के तहत इंदिरा रसोई योजना शुरू की थी. ये योजना बीजेपी सरकार की अन्नपूर्णा रसोई योजना को बंद करके शुरू की गई थी. इसे प्रदेश भर के 213 नगरीय निकायों में 358 रसोई के साथ शुरू किया गया था. इंदिरा रसोई में 8 रुपये में भरपेट खाना दिया जाता है. थाली में मुख्य रूप से दाल, चपाती, सब्जी और अचार दिया जाता है. राजस्थान सरकार प्रति थाली पर 17 रुपये की सब्सिडी देती है और 8 रुपये खाने वाले को देना पड़ता है. सरकार ने इस योजना को जब शुरू किया था तो रसोईयों में स्वच्छता के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन अब जो तस्वीर सामने आई हैं उनसे सरकारी दावों पर सवाल खड़ा हो गया है.
वीडियो : पीएम मोदी के सामने अशोक गहलोत ने बताया दुनिया में उन्हें इतना सम्मान क्यों मिलता है?

.webp?width=60)

