The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Rahul Gandhi Lashes On PM Narendra Modi Over ED Action

ED एक्शन पर राहुल गांधी ने कहा, 'हम नरेंद्र मोदी से नहीं डरते'

राहुल गांधी ने कहा कि वो महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे और बेरिकेड से सच्चाई को बैरिकेड नहीं किया जा सकता है.

Advertisement
pic
4 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 4 अगस्त 2022, 01:23 PM IST)
Rahul Gandhi
Congress के पूर्व अध्यक्ष Rahul Gandhi. (फाइल फोटो)
Quick AI Highlights
Click here to view more

नेशनल हेराल्ड मामले (National Herald) में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पार्टी (Congress) के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा है कि इस तरह की कार्रवाई डराने के लिए की जा रही है और वो इससे नहीं डरते. उन्होंने कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) से नहीं डरते और उन्हें जो करना है कर लें. राहुल गांधी ने कहा कि वो लोकतंत्र के लिए लड़ते रहेंगे. राहुल गांधी की ये प्रतिक्रिया तब आई है, जब तीन अगस्त को ईडी ने नेशनल हेराल्ड बिल्डिंग में स्थित यंग इंडिया ऑफिस को सील कर दिया.

इससे पहले दो अगस्त को ईडी ने दिल्ली के आईटीओ स्थित नेशनल हेराल्ड बिल्डिंग में छापा मारा. इस मामले में ईडी कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से कई बार पूछताछ कर चुकी है. कांग्रेस पार्टी इस कार्रवाई के खिलाफ कई बार प्रदर्शन भी कर चुकी है. इस बीच पार्टी मुख्यालय के बाहर पुलिस को भी तैनात किया गया है. ईडी कार्रवाई पर बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा,

"ये डराने की कोशिश है. ये सोचते हैं कि थोड़ा सा दबाव डालकर हमें चुप करा देंगे. लेकिन हम चुप नहीं होने वाले हैं. इस देश में जो नरेंद्र मोदी जी और अमित शाह जी कर रहे हैं, लोकतंत्र के खिलाफ, उसके खिलाफ हम खड़े रहेंगे, चाहे ये कुछ भी कर लें. हम नहीं डरेंगे. हम नरेंद्र मोदी से नहीं डरते हैं. कर लें जो करना है. कुछ फर्क नहीं पड़ता है. जो मेरा काम है. देश की रक्षा करना, लोकतंत्र की रक्षा करना, देश के सद्भाव की रक्षा करना, वो मैं करता रहूंगा."

‘Modi से नहीं डरता’

एक दूसरे मौके पर मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने यही बात दोहराई. उन्होंने कहा,

"मोदी से मैं बिल्कुल भी नहीं डरता हूं. सच्चाई को बैरिकेड नहीं किया जा सकता है."

मीडिया ने जब राहुल गांधी ये पूछा कि कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय को बैरिकेड किया गया है और दिल्ली पुलिस ने पांच अगस्त को महंगाई के खिलाफ पार्टी के प्रदर्शन को मंजूरी नहीं दी है, तो उन्होंने कहा कि राहुल गांधी महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे.

ये भी पढ़ें- “जिन्होंने 52 साल तक तिरंगा नहीं फहराया, वो अब कैंपेन चला रहे हैं”- राहुल गांधी

इधर कांग्रेस पार्टी भी कह चुकी है कि वो ईडी कार्रवाई से डरने वाली नहीं है और महंगाई और रोजगार पर जरूरी सवाल पूछती रहेगी. इधर राहुल गांधी के बयानों पर बीजेपी की तरफ से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. 

वीडियो- संसद में महंगाई और जीएसटी पर हंगामा, राहुल गांधी बोले, ‘वसूली सरकार’

Advertisement

Advertisement

()