The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Rahul Gandhi attacks PM Modi, says he didn't want to douse Manipur unrest

राहुल गांधी का PM मोदी पर बड़ा आरोप, 'मणिपुर की आग बुझाना नहीं, खुद जलाना चाहते हैं'

राहुल गांधी ने कहा कि संसद में PM मोदी मणिपुर पर सिर्फ 2 मिनट बोले और हंसते रहे.

Advertisement
pic
11 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 11 अगस्त 2023, 04:15 PM IST)
Rahul Gandhi attacks PM Modi, says he didn't want to douse Manipur unrest
राहुल ने कहा जहां भी भारत मां पर आक्रमण होगा, मैं वहां रक्षा में खड़ा मिलूंगा. (फोटो- PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

संसद में अविश्वास प्रस्ताव गिरने के बाद शुक्रवार, 11 अगस्त को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मीडिया को संबोधित किया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मणिपुर पर दिए भाषण पर बोलते हुए कहा कि पीएम ने 'सिर्फ दो मिनट' मणिपुर पर बात की. इन दो मिनट में भी पीएम हंस कर मणिपुर का मजाक उड़ा रहे थे. राहुल ने आगे कहा कि मणिपुर का मजाक उड़ाना ठीक नहीं है.

मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा,

“पीएम मोदी ने अपने 2 घंटे 13 मिनट के भाषण में मणिुपर पर सिर्फ 2 मिनट बात की… भारतीय सेना सिर्फ 2 दिनों में इस पूरी हिंसा को नियंत्रित कर सकती है. लेकिन पीएम ने आग बुझाने से मना कर दिया. पीएम आग बुझाना ही नहीं चाहते, वो तो खुद मणिपुर को जलाना चाहते हैं.”

' मणिपुर को दो हिस्सों में बांटा गया'

राहुल ने आगे कहा,

"जब मैं मणिपुर गया तो मुझसे साफ कहा गया था कि आपकी सुरक्षा में कोई मैतेई नहीं होना चाहिए वरना हम उसे मार देंगे. वैसे ही जब मैं मैतेई क्षेत्र गया तो मुझसे कहा गया कि आपके साथ कोई कुकी नहीं होना चाहिए वरना मैतेई लोग उसे मार देंगे… मैं 19 साल से राजनीति में हूं. लेकिन जो मैंने मणिपुर में देखा वो अपने पूरे राजनीतिक करियर में नहीं देखा. मणिपुर को दो हिस्सों में बांटा गया है.”

कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि पीएम को ये हंसी मजाक पब्लिक मीटिंग में बनाना चाहिए था. उन्हें संसद में ऐसी बातें नहीं कहनी चाहिए थी. राहुल बोले कि मुझे प्रधानमंत्री को जवाब देने की जरूरत नहीं है. मणिपुर में भारत माता की हत्या कर दी गई और प्रधानमंत्री हंसी मजाक के मूड में थे.

राहुल गांधी ने ये भी कहा,

"मैं जानता हूं पीएम शायद मेरा चेहरा टीवी पर ज्यादा देखना नहीं चाहते हैं… जहां भी भारत मां पर आक्रमण होगा, मैं वहां रक्षा में खड़ा मिलूंगा. मैं देश की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर खड़ा रहूंगा."

राहुल ने आरोप लगाया कि ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री भूल गए हैं कि मणिपुर राज्य में आग लगी हुई है. कई दिनों से आग लगी हुई है. उन्होंने कहा कि संसद के बीच में बैठे प्रधानमंत्री हंस रहे थे. मुद्दा कांग्रेस या मैं नहीं था, मुद्दा ये था कि मणिपुर में क्या हो रहा है और इसे क्यों नहीं रोका जा रहा है. राहुल ने फिर दोहराया कि मणिपुर में बीजेपी ने हिंदुस्तान की हत्या कर दी है.

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: PM मोदी के भाषण में एक घंटे देर से पहुंचे राहुल गांधी फिर विपक्ष ने वॉकआउट क्यों कर दिया

Advertisement

Advertisement

()