The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Punjab police arrests farmer for alleged illegal sand mining in his own field in Fazilka

पंजाब: महज 5 किलो रेत के लिए किसान की गिरफ्तारी का पूरा मामला क्या है?

कृष्ण सिंह फाजिल्का के मोहर सिंह वाला गांव के रहने वाले हैं. उन्होंने कहा कि वे इस झूठे केस के खिलाफ हाई कोर्ट जाएंगे और पुलिस पर मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाएंगे.

Advertisement
pic
19 मई 2022 (अपडेटेड: 19 मई 2022, 08:55 PM IST)
Fazilka Police
फाजिल्का पुलिस की सांकेतिक तस्वीर (फोटो- @FazilkaPolice/Twitter)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पंजाब के फाजिल्का जिले में रेत खनन के आरोप में एक किसान की गिरफ्तारी चर्चा में है. फाजिल्का पुलिस ने 2 मई को कृष्ण सिंह नाम के किसान को उनके खेत से गिरफ्तार किया. आरोप लगाया कि कृष्ण सिंह अपने खेत में रेत खनन कर रहे थे. पुलिस ने किसान के पास से एक टोकरी, कुदाल (फावड़ा), 5 किलो रेत और 100 रुपये बरामद किए थे. पुलिस उन्हें जलालाबाद सदर थाने ले गई. उनके खिलाफ अवैध माइनिंग का केस दर्ज किया गया है. दो दिन बाद 5 मई को कृष्ण सिंह को जमानत मिल पाई.

किसान ने क्या कहा?

अब किसान ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि उन्हें फर्जी तरीके से फंसाया गया. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, कृष्ण सिंह फाजिल्का के मोहर सिंह वाला गांव के रहने वाले हैं. उन्होंने कहा कि वे इस झूठे केस के खिलाफ हाई कोर्ट जाएंगे और पुलिस पर मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाएंगे.

कृष्ण सिंह ने बताया कि उनके पास सिर्फ डेढ़ एकड़ जमीन है. 2 मई को वो अपने खेत को समतल कर रहे थे. उन्होंने कहा,

"मेरे खेत की जगह ऊंची थी और पड़ोस की नीचे थी. इसलिए मैं उसे समतल कर रहा था. वहां कोई अवैध रेत खनन नहीं हो रहा था. लेकिन पुलिस वाले वहां आकर कहने लगे कि आपको साथ चलना होगा. सरकार और पुलिस झूठी वाहवाही के लिए मेरे जैसे निर्दोष लोगों को शिकार बना रही है, जबकि रेत माफिया बिना डरे अवैध कारोबार कर रहे हैं."

पुलिस का दावा अलग

हालांकि इस मामले में जलालाबाद थाने के एसएचओ ने 5 किलो रेत बरामद होने की बात से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि पुलिस ने किसान के खेत से 5 किलो रेत सैंपल के लिए लिया था. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक एसएचओ ने ही किसान को गिरफ्तार किया था. उन्होंने दावा किया कि कृष्ण सिंह अपने खेत में अवैध खनन कर रहे थे. बोले,

"ये सही है कि हमने आरोपी से टोकरी और फावड़ा बरामद किया. लेकिन लोग सोशल मीडिया पर सिर्फ 5 किलो रेत को लेकर मजाक बना रहे हैं."

एसएचओ ने कहा कि ये छापेमारी एक्साइज डिपार्टमेंट के साथ मिलकर की गई थी. उन्होंने बताया,

"एक्साइज डिपार्टमेंट की अनुमति के बिना कोई रेत खनन नहीं हो सकता है. लेकिन कृष्ण सिंह ने अपने खेत में 8.5 फीट तक खनन किया था. लोग हम पर अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हैं. लेकिन जब हम कार्रवाई करते हैं तो वे हमारा मजाक बनाते हैं."

पंजाब में अवैध रेत खनन का मुद्दा काफी समय से चर्चा में रहा है. आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले अवैध रेत कारोबारियों पर कार्रवाई करने का वादा किया था. अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि वे अवैध रेत खनन में शामिल चरणजीत सिंह चन्नी के करीबियों के खिलाफ जांच करवाएंगे. हालांकि किसान कृष्ण सिंह के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को लेकर लोग पंजाब सरकार की आलोचना कर रहे हैं. कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा ने पुलिस की इस कार्रवाई को 'क्रूर मजाक' बताया.

पंजाब: कुएं में नरकंकाल मिले, भारतीय सैनिकों के होने का रिसर्च में दावा, क्रूरता रोंगटे खड़े कर दे

Advertisement

Advertisement

()