The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • prayagraj robbers looted rs 6 lakh from shop owner video viral

प्रयागराज: आराम से दुकान में घुसे, कट्टा दिखाया और 6 लाख लूटकर चले गए

बदमाशों ने दो दुकानों में लूट को अंजाम दिया. एक से उन्होंने 5000 रुपये लूटे. वहीं दूसरी दुकान में रखे छह लाख रुपये लेकर भाग गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

Advertisement
pic
18 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 18 अगस्त 2022, 12:03 PM IST)
prayagraj shop looted
घटना के सीसीटीवी फुटेज का स्क्रीनशॉट. (आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बदमाशों ने बड़ी लूट को अंजाम दिया है. यहां तीन लुटेरे पिस्टल दिखाकर एक दुकानदार के लाखों रुपये ले उड़े. घटना बुधवार, 17 अगस्त की शाम 7 बजे कर्नलगंज थाना के कटरा इलाके में हुई. इंडिया टुडे से जुड़े आनंद की रिपोर्ट के मुताबिक बदमाशों ने दो दुकानों में लूट को अंजाम दिया. एक से उन्होंने 5000 रुपये लूटे. वहीं दूसरी दुकान में रखे छह लाख रुपये लेकर भाग गए. इस लूट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Prayagraj में छह लाख की लूट

24 सेकेंड के इस वायरल वीडियो में तीन नकाबपोश लुटेरे दुकान में घुसते दिख रहे हैं. उनमें से एक के हाथ में पिस्टल है जिससे वो दुकान में मौजूद लोगों को डरा रहा है. वहीं दूसरा बदमाश बड़े आराम से दुकान में रुपये ढूंढ रहा है. कुछ ही सेकेंड में तीसरा लुटेरा भी दुकान का गल्ला खंगालने लगता है. ये तीनों जब दुकान में घुसे, उस समय अंदर तीन लोग पहले से मौजूद थे. लूट के दौरान एक चौथा शख्स भी वहां आता है. वो कुछ समझ पाता उससे पहले ही बंदूकधारी बदमाश उसे खींचकर अंदर बिठा देता है.

इसके बाद तीनों दुकान में रखे 6 लाख रुपये लेकर फरार हो जाते हैं. ये पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

आजतक के मुताबिक इस दुकान के मालिक आरपी गुप्ता और ललित मोहन सरिया बेचने का व्यापार करते हैं. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी समेत पुलिस के अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने इस वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की एक टीम को लगा दिया है. घटना को लेकर एसपी सिटी दिनेश सिंह ने आश्वासन दिया कि इसमें शामिल अपराधियों को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

वहीं एसएसपी शैलेष पांडेय ने कहा,

"सीसीटीवी फुटेज की मदद से हम छानबीन कर रहे हैं. अज्ञात लुटेरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है. जांच के लिए क्राइम ब्रांच की टीम को भी लगाया गया है."

खबर के मुताबिक आरपी गुप्ता और ललित मोहन भाई हैं. उनके साथ हुई इस वारदात के बाद इलाके के लोग और व्यापारी गुस्से में हैं. उन्होंने पुलिस मांग की है कि इस अपराध को अंजाम देने वालों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और उनके बारे में खुलासे किए जाएं.

वीडियो: प्रयागराज में अलग-अलग स्कूलों के बाहर जुलाई महीने में पांच बार बमबाजी हुई

Advertisement

Advertisement

()